ऑनलाइन सेफ्टी: क्या गूगल पर दिख रहा है आपका मोबाइल नंबर? इस नए टूल से मिनटों में हटाएं अपना पर्सनल डेटा
- गूगल से आपकी पर्सनल जानकारी हटाने के लिए 'रिजल्ट्स अबाउट यू' टूल उपलब्ध हैं।
- टूल की मदद से गूगल सर्च रिजल्ट से नाम, मोबाइल नंबर, घर का पता, ईमेल आईडी जैसे जानकारियां हटाई जा सकती हैं।
- स्कैमर्स इसी डेटा का फायदा उठाकर स्पैम कॉल्स, आइडेंटिटी थेफ्ट और फिशिंग अटैक को अंजाम देते हैं।
- इसके लिए किसी थर्ड-पार्टी एप या वेबसाइट की जरूरत नहीं पड़ती है। जानिए ये टूल कैसे काम सकता है।

विस्तार
आज इंटरनेट पर किसी व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाना बेहद आसान हो गया है। कई बार गूगल पर अपना नाम सर्च करने पर मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और घर का पता जैसी निजी जानकारियां भी सामने आ जाती हैं। ये जानकारियां किसी वेबसाइट, ऑनलाइन डायरेक्टरी या पुराने पब्लिक रिकॉर्ड में मौजूद हो सकती हैं। ऐसे में इनका गलत इस्तेमाल होने का खतरा भी बना रहता है।
गूगल अपने यूजर्स को ऐसी जानकारियों को सर्च रिजल्ट से हटाने के लिए खास सुविधा देता है। कंपनी के मुताबिक, यूजर्स रिजल्ट्स अबाउट यू (Results About You) टूल की मदद से अपनी निजी जानकारी को हटाने के लिए रिक्वेस्ट भेज सकते हैं। इसके लिए किसी थर्ड-पार्टी एप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं ये टूल कैसे काम करता है।
Results About You फीचर से ऐसे हटाएं डेटा
गूगल के मुताबिक, इस टूल के जरिए यूजर्स अपनी निजी जानकारी को सर्च रिजल्ट में ढूंढने के लिए मॉनिटरिंग सेट कर सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स अपनाने होंगे।
1. सबसे पहले Results About You वेबसाइट खोलें।
2. अपने गूगल अकाउंट से लॉगिन करें।
3. Get Started विकल्प पर क्लिक करें।
4. अपना नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और घर का पता दर्ज करें।
5. अपनी जानकारी मिलने पर अलर्ट पाने के लिए नोटिफिकेशन चालू कर दें।
6. अब गूगल आपकी दी गई जानकारी से जुड़े सर्च रिजल्ट को मॉनिटर करेगा।
अगर गूगल को आपकी निजी जानकारी वाला कोई सर्च रिजल्ट मिलता है, तो आपको इसकी सूचना मिल सकती है। इसके बाद To Review सेक्शन में जाकर उस रिजल्ट को चुनें, जिसे आप हटवाना चाहते हैं। अब Request to Remove विकल्प पर क्लिक करके अपनी रिक्वेस्ट सबमिट कर दें। इसकी स्थिति Removal Requests सेक्शन में देखी जा सकती है।
सर्च रिजल्ट के तीन डॉट्स से भी कर सकते हैं रिक्वेस्ट
अगर आपको गूगल पर अपना मोबाइल नंबर या पता दिखाई देता है, तो उसे हटाने के लिए अलग से टूल खोजने की जरूरत नहीं है। आप सीधे सर्च रिजल्ट से भी रिक्वेस्ट भेज सकते हैं।
- गूगल पर अपना नाम या मोबाइल नंबर सर्च करें।
- संबंधित रिजल्ट के सामने दिख रहे तीन डॉट्स पर क्लिक करें।
- Remove result विकल्प चुनें।
- इसके बाद My personal information is shown पर क्लिक करें।
- अपनी जानकारी से जुड़ा विकल्प चुनकर रिक्वेस्ट सबमिट करें।
गूगल आपकी रिक्वेस्ट की जांच करेगा और ईमेल के जरिए इसकी जानकारी देगा।
पासपोर्ट नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस की जानकारी भी हटा पाएंगे
गूगल ने 10 फरवरी 2026 को Results About You टूल में एक और विस्तार की घोषणा की थी। अब इसके जरिए पासपोर्ट नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस और सोशल सिक्योरिटी नंबर जैसी सरकारी पहचान से जुड़ी जानकारियों को भी खोजने और हटाने की रिक्वेस्ट देने की सुविधा जोड़ी गई है। हालांकि, यह नया फीचर सबसे पहले अमेरिका में रोलआउट किया गया है और अन्य देशों में इसे धीरे-धीरे लागू किया जा रहा है।
क्या गूगल से जानकारी हटाने पर इंटरनेट से भी डिलीट हो जाएगी?
- इस बात को समझना बेहद जरूरी है कि गूगल सर्च से किसी जानकारी को हटाने का मतलब यह नहीं है कि वह इंटरनेट से पूरी तरह गायब हो गई है। गूगल सिर्फ अपने सर्च रिजल्ट से उस लिंक को हटाता है। संबंधित वेबसाइट पर जानकारी पहले की तरह मौजूद रह सकती है।
- इसके लिए आपको उस वेबसाइट के मालिक या एडमिन से संपर्क करके जानकारी हटाने के लिए कहना होगा। साथ ही, गूगल हर रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करता। सरकारी वेबसाइट, शैक्षणिक संस्थानों और न्यूज वेबसाइटों पर मौजूद सार्वजनिक महत्व की जानकारी हटाने से कंपनी इनकार कर सकती है।
- इसलिए अपनी ऑनलाइन प्राइवेसी सुरक्षित रखने के लिए समय-समय पर अपना नाम और मोबाइल नंबर गूगल पर सर्च करते रहें। इससे आपको पता चलता रहेगा कि आपकी कौन-सी निजी जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है।
- वीवो ला रहा नई स्मार्टवॉच: 25 दिन चलेगी बैटरी, 2.07 इंच की डिस्प्ले; फीचर्स देंगे एपल-सैमसंग को टक्कर
- टिप्स: बिना किसी के भनक लगे ऐसे देखें व्हाट्सएप स्टेटस; एंड्रॉयड और आईफोन यूजर्स अपनाएं ये ट्रिक
- एक्सकवर 8: सैमसंग ला रहा है रग्ड स्मार्टफोन; स्नैपड्रैगन चिपसेट, 8GB रैम और 12MP सेल्फी कैमरा से होगा लैस