Black-Marketing Row: बुकमायशो को पुलिस ने जारी किया कैसा नोटिस, क्यों विवादों में ऑनलाइन टिकटिंग वेबसाइट?

अभिषेक दीक्षित
टेक डेस्क, अमर उजाला, मुंबईअभिषेक दीक्षित
Thu, 07 Nov 2024 08:33 AM IST
सार

जनवरी 2025 में नवी मुंबई में कोल्डप्ले के बहुप्रतीक्षित कॉन्सर्ट के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री के दौरान कथित गड़बड़ी को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका भी दायर की गई है। इसमें प्रमुख आयोजनों में कालाबाजारी रोकने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है।

Coldplay Tickets Row Police Issue Notice to BookMyShow Know Online Ticketing Website Controversy
ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले - फोटो : AMAR UJALA

    विस्तार

    महाराष्ट्र पुलिस की साइबर शाखा ने ऑनलाइन टिकटिंग वेबसाइट बुकमायशो को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने उनसे जनवरी में ब्रिटिश बैंड 'कोल्डप्ले' के म्यूजिक कार्यक्रम और अन्य शो के लिए नाम आधारित टिकटों की बिक्री सहित सख्त उपाय लागू करने को कहा है। एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र साइबर ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से टिकट खरीदने वाले प्रशंसकों का शोषण रोकने के लिए यह नोटिस जारी किया है।

    नोटिस में कहा गया है कि ऑनलाइन मंचों और सोशल मीडिया पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऐसे हाई-प्रोफाइल संगीत कार्यक्रमों के टिकट बुक करने में आने वाली समस्याओं के बारे में शिकायतों की संख्या बढ़ रही है। कई लोगों ने बुकिंग अवधि के दौरान वेबसाइटों के हिलाहवाली करने की सूचना दी। इस वजह से टिकटों की आसमान छूती कीमतों पर कालाबाजारी होती है। कभी-कभी तो यह मूल कीमत से 10 गुना अधिक हो जाती है। एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र साइबर ने पाया कि ऐसी स्थितियों से बचने के लिए प्लेटफॉर्म द्वारा किए गए उपाय अपर्याप्त हैं। ऐसे में उन्हें इसके लिए जरूरी और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

    जनवरी 2025 में नवी मुंबई में कोल्डप्ले के बहुप्रतीक्षित कॉन्सर्ट के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री के दौरान कथित गड़बड़ी को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका भी दायर की गई है। इसमें प्रमुख आयोजनों में कालाबाजारी रोकने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है। जनहित याचिका में कहा गया है कि कॉन्सर्ट, लाइव शो आदि जैसे प्रमुख आयोजनों के लिए टिकटों की बिक्री के दौरान कई अनियमितताएं पाई जाती हैं। सितंबर में कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के लिए टिकट बुकमायशो प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराए जाने पर ऐसी अनियमितता और अवैधता देखी गई थी।

    कोल्डप्ले की अभी भारत में चर्चा क्यों हो रही है?

    सितंबर में मशहूर बैंड ने भारत में अपने कार्यक्रम की घोषणा की। यह कार्यक्रम 18, 19 और 21 जनवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा। कोल्डप्ले दुनिया भर में चर्चित हुए 'म्यूजिक ऑफ द स्फेयर्स' से तहत वर्ल्ड टूर कर रहा है जिसमें तीन शो मायानगरी मुंबई में रखे हैं। पहले कोल्डप्ले के अपने मुंबई शेड्यूल में दो ही शो रखे थे लेकिन लोगों में इसकी बढ़ती दीवानगी के कारण तीसरा शो भी जोड़ा गया। बैंड ने 18 और 19 जनवरी 2025 को डीवाई पाटिल स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम की नई तारीख 21 जनवरी, 2025 घोषित की।

    टिकट को लेकर क्या हुआ है?

    करीब आठ साल बाद कोल्डप्ले की वापसी को लेकर भारत में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बैंड ने आखिरी बार भारत में 2016 में ग्लोबल सिटीजन फेस्टिवल में प्रस्तुति दी थी। 18 और 19 जनवरी के शो की के टिकटों की बिक्री बीते 22 सितंबर को दोपहर में शुरू हुई, तो वेबसाइट और एप पर सात लाख से अधिक दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे चंद मिनटों में सिस्टम क्रैश हो गया। प्रशंसकों ने अपनी निराशा का अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किया। इसमें कई लोगों ने काफी इंतजार और एरर मैसेज मिलने की जानकारी दी। बुकमायशो ने लगभग 20 मिनट के बाद सिस्टम को बहाल किया, लेकिन उस समय तक 'शो बिक चुके हैं' की जानकारी मिली। बुकमायशो कोल्डप्ले के म्यूजिक कॉन्सर्ट के लिए आधिकारिक टिकटिंग पार्टनर है।

    बैंड दर्शकों की मांग को देखते हुए अपने मुंबई शेड्यूल में तीसरा शो भी जोड़ा। इस अतिरिक्त कॉन्सर्ट के टिकट रविवार दोपहर 2 बजे पर लाइव हुए जो एक बार फिर चंद मिनटों में बिक गए। सभी शो में हर यूजर अधिकतम चार ही टिकट खरीद सकते थे। शो के एक टिकट की न्यूनतम कीमत 2500 रुपये रखी गई। हालांकि, कोल्डप्ले की टिकटों की कीमतें जहां 10 लाख रुपये तक पहुंच गईं। वहीं विशेष जरूरतों वाले सभी ग्राहकों को 6,450 रुपये प्रति टिकट की दर से फ्लोर टिकट दिए गए। इस शो के लिए कोई प्री-सेल नहीं रखी गई। शो से लगभग एक सप्ताह पहले दर्शकों के टिकट उनके घर पहुंचा दिए जाएंगे, टिकटों को न भूलने की सलाह दी गई है क्योंकि इन्हें बदला नहीं जाएगा।