Trailer Safety Rule: ट्रेलर खींचते समय भूलकर भी न करें ये गलती, क्या है 60/40 नियम जो बचा सकता है बड़ा हादसा?
60/40 Trailer Rule:
अगर आप कार से ट्रेलर या ट्रॉली खींचते हैं, तो आपको यह नियम जानना बेहद जरूरी है। क्योंकि सामान का गलत बैलेंस हाईवे पर ट्रेलर को डगमगा सकता है और बड़ा एक्सीडेंट हो सकता है। जानिए ट्रेलर में वजन संतुलन का सही तरीका क्या है...

विस्तार
Trailer Safety Rule
: आजकल कई लोग अपनी कार से ट्रेलर, ट्रॉली या कैरावैन खींचकर लंबी यात्राएं करते हैं, लेकिन ट्रेलर टो करना जितना आसान दिखता है, उतना होता नहीं है। एक सामान का गलत बैलेंस भी आपकी पूरी गाड़ी को अस्थिर बना सकता है। साथ ही हाईवे पर बड़ा हादसा भी हो सकता है। ऐसे में एक्सपर्ट्स ट्रेलर में वजन संतुलन के लिए 60/40 नियम अपनाने की सलाह देते हैं। यह नियम ट्रेलर को स्थिर रखने और ड्राइविंग को सुरक्षित बनाने में मदद करता है।
ट्रेलर का 60/40 नियम क्या है?
60/40 नियम ट्रेलर में सामान रखने के सही तरीके से जुड़ा है। इसका मतलब है कि ट्रेलर के कुल वजन का लगभग 60% हिस्सा आगे की तरफ होना चाहिए। बाकी का 40% वजन पीछे की तरफ रखा जाना चाहिए। आगे वाला हिस्सा यानी कार के हुक (Hitch) के करीब थोड़ा भारी रखा जाता है ताकि ट्रेलर स्थिर बना रहे और सड़क पर लहराने न लगे।
सही वजन संतुलन क्यों जरूरी है ?
अगर ट्रेलर के पीछे ज्यादा वजन रख दिया जाए तो उसका पिछला हिस्सा भारी हो जाता है। ऐसे में तेज स्पीड पर ट्रेलर डगमगाने लगता है और कार पर कंट्रोल करना मुश्किल हो सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक तेज हवा, बड़े ट्रकों का दबाव या अचानक मोड़ जैसी स्थिति में असंतुलित ट्रेलर बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
हुक पर कितना वजन होना चाहिए?
60/40 नियम का मतलब यह नहीं है कि पूरा वजन आगे की तरफ डाल दिया जाए। ट्रेलर के कुल वजन का केवल 10% से 15% हिस्सा ही कार के हुक पर पड़ना चाहिए। अगर हुक पर ज्यादा दबाव पड़ता है तो कार का पिछला हिस्सा नीचे झुक सकता है, ब्रेकिंग प्रभावित हो सकती है और स्टीयरिंग कंट्रोल कमजोर हो सकता है। हर गाड़ी की एक तय Towing Capacity होती है। इसमें यात्रियों का वजन, कार के अंदर रखा सामान और ट्रेलर का वजन सब शामिल होता है। अगर तय सीमा से ज्यादा वजन खींचा जाए तो संतुलित ट्रेलर भी सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकता।
सामान रखते समय किन बातों का रखें ध्यान?
सफर के दौरान सामान खिसकने से भी ट्रेलर का बैलेंस बिगड़ सकता है। इसलिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है। जैसे भारी सामान हमेशा नीचे रखें, ज्यादा वजन आगे की तरफ रखें, दाएं और बाएं बराबर वजन रखें और सभी सामान को रस्सी या बेल्ट से मजबूती से बांधें।
हाईवे पर क्यों बढ़ जाता है खतरा?
शहर के अंदर कम स्पीड पर ट्रेलर सामान्य लग सकता है, लेकिन हाईवे पर तेज रफ्तार में छोटी सी गलती भी बड़ा जोखिम बन सकती है। ट्रेलर का अचानक लहराना ड्राइवर का कंट्रोल पूरी तरह खत्म कर सकता है। इसीलिए लंबी दूरी या भारी सामान ले जाते समय वजन संतुलन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।