Hamas: इस्राइल हमले के बाद तीन गुना हुए हमास के टेलीग्राम फॉलोअर्स, प्रतिबंध नहीं लगाने पर सीईओ ने दी सफाई
सात अक्तूबर को इस्राइल पर हमास के आतंकी हमले के बाद से हमास के टेलीग्राम चैनल पर फॉलोअर्स की संख्या में तीन गुना की बढ़ोतरी हुई है। वहीं इस चैनल पर सामग्री के व्यूज की संख्या में भी दस गुना वृद्धि हुई है।

विस्तार
इस्राइल और गाजा के आतंकवादी समूह हमास के बीच जंग जारी है। इस बीच हमास के इंस्टैंट मैसेजिंग एप टेलीग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, सात अक्तूबर को इस्राइल पर हमास के आतंकी हमले के बाद से हमास के टेलीग्राम चैनल पर फॉलोअर्स की संख्या में तीन गुना की बढ़ोतरी हुई है। वहीं इस चैनल पर सामग्री के व्यूज की संख्या में भी दस गुना वृद्धि हुई है।
सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, हमास की सैन्य शाखा, अल-कसम ब्रिगेड्स के टेलीग्राम चैनल पर तीन गुना वृद्धि देखी गई है। वहीं चैनल द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो और अन्य सामग्री के व्यूज की संख्या में दस गुना वृद्धि हुई है। गौरतलब है कि यूरोपीय संघ में नए इंटरनेट कानूनों और मेटा और गूगल के प्रतिबंधों के कारण अधिकांश सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से प्रतिबंधित होने के बावजूद हमास ने टेलीग्राम पर अपनी उपस्थिति बनाए रखी है।
इस्राइल पर हमले से पहले, अल-कसम ब्रिगेड्स चैनल की पोस्ट को औसतन लगभग 25,000 बार देखा गया था। अब, उन्हें 300,000 से अधिक बार देखा जाता है, जो दस गुना से अधिक की वृद्धि दिखाता है। एक अन्य चैनल, जिस पर हमास के प्रवक्ता के वीडियो मैसेज पोस्ट किए जाते हैं, के फॉलोअर्स की संख्या भी सात अक्तूबर के बाद से 166,000 से बढ़कर 414,000 से अधिक हो गई है।