ऐसी दुनिया, जहां हर मोड़ पर नया रोमांच: 13 साल बाद आए GTA 6 को लेकर क्यों इतनी दीवानगी? गेमर्स कर रहे इंतजार

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Thu, 19 Nov 2026 10:19 AM IST
सार
  • जीटीए 6 को मिला 99 स्कोर।
  • बिक्री 1.65 बिलियन डॉलर के पार।
  • शुरुआती अनुमान में 1.7 करोड़ कॉपियां।
  • अनुमानित लागत एक बिलियन डॉलर से ज्यादा।
GTA 6 Review: 99 Metacritic Score, one Billion doller Sales and a Gaming Experience Worth Wait
जीटीए 6 का लोगों में खूब क्रेज - फोटो : amarujala.com

    विस्तार

    13 साल का इंतजार, करीब एक बिलियन डॉलर या उससे ज्यादा की लागत और रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड तोड़ती बिक्री। रॉकस्टार गेम्स का जीटीए6 सिर्फ एक नया वीडियो गेम नहीं, बल्कि गेमिंग की दुनिया का बड़ा इवेंट बन चुका है। शुरुआती रिव्यू में इसे मेटाक्रिटिक पर 99 का स्कोर मिला है। एनालिटिक्स फर्म सेंसर टावर के अनुमान के अनुसार, बुधवार तक इसकी करीब 1.7 करोड़ कॉपियां बिक चुकी थीं और इनसे 1.65 बिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई हुई। इतना ही नहीं, इसका क्रेज इतना ज्यादा है कि गेमर्स इसके लिए अपनी नींद और काम तक छोड़ रहे हैं, इसमें जेन-जी भी काफी मात्रा में शामिल हैं।

    ऐसे में सवाल यह है कि क्या जीटीए 6 का गेमप्ले, कहानी, ग्राफिक्स और किरदार भी उतने ही शानदार हैं, जितनी इससे उम्मीद की जा रही थी? आइए, इस गेम के रिव्यू में इसकी खासियतों और शुरुआती कमियों को बारीकी से समझते हैं।

    GTA 6: 99 स्कोर का क्या है मतलब?

    • सबसे पहले बात करते हैं गेम को मिल रिव्य की। जीटीए 6 ने मेटाक्रिटिक पर 100 में से 99 का स्कोर हासिल किया है। 18 नवंबर 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस 148 क्रिटिक रिव्यू मिले थे और सभी रिव्यू पॉजिटिव थे। इस स्कोर के साथ गेम मेटाक्रिटिक की ऑल-टाइम रैंकिंग में सबसे ऊपर पहुंच गया। इससे पहले 1998 में रिलीज हुआ निंटेंडो का क्लासिक गेम 'द लीजेंड ऑफ जेल्डा: ओकारिना ऑफ टाइम' भी 99 स्कोर हासिल कर चुका था।
    • वहीं, ओपनक्रिटिक पर इसे 62 क्रिटिक्स के आधार पर 98 का औसत स्कोर मिला। यहां भी सभी क्रिटिक्स ने गेम को खेलने की सलाह दी। हालांकि यहां पर 99 स्कोर का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि गेम में कोई कमी नहीं है। शुरुआती समीक्षाओं में इसकी दुनिया, मुख्य किरदारों और तकनीकी गुणवत्ता की तारीफ हुई है, लेकिन कुछ कमियां भी सामने आई हैं।

    कहानी, किरदार और वाइस सिटी की दुनिया: क्या है नया?

    • जहां 2013 में रिलीज हुआ ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 5 लॉस एंजिल्स की तर्ज पर बने एक काल्पनिक शहर लॉस सैंटोस (Los Santos) पर आधारित था, वहीं अब इस गेम की कहानी वाइस सिटी (Vice City) में पहुंच गई है, जो मियामी का एक काल्पनिक रूप है। यह शहर लियोनिडा में स्थित है, जो गेम में फ्लोरिडा का एक काल्पनिक संस्करण है।
    • यह दो मुख्य किरदारों, लूसिया कैमिनोस और जेसन डुवल के इर्द-गिर्द घूमेगा। इसमें वे अपराधा में साथ हैं औरएक-दूसरे के साथ रोमांटिक रिश्ते में भी हैं, हालांकि उनके बीच रोमांस कितना गहरा होगा, यह पूरी तरह से खिलाड़ी पर निर्भर कर सकता है। गेम में नाइटक्लब, हथियारों की दुकानें, स्कूबा डाइविंग और एक चिड़ियाघर जैसी कई चीजें होंगी। लेकिन अभी भी बहुत कुछ सामने आना बाकी है।

    बदलाव का अंदाज: कम विवाद, ज्यादा गहराई

    • वहीं, अगर अब के मानकों को ध्यान में रखते देखा जाए, तो ओरिजनल जीटीए काफी सिंपल गलता है। इसमें कार चुराना और आपराधिक गिरोहों के लिए काम करना जैसे मिशन हैं, जिन्हाेनें राजनेताओं को तो नाराज किया, लेकिन गेमर्स को काफी आकर्षित किया। हालांकि जैसे-जैसे यह सीरीज आगे बढ़ती गई, यह और भी बेहतर और जटिल होती गई। इसमें अपराध और ड्राइविंग जैसे इसके मुख्य एलिमेंट्स के साथ-साथ पैराशूट जंप, सिनेमा जाना और अमेरिकी संस्कृति पर कटाक्ष करने वाले रेडियो स्टेशन जैसी कई अन्य गतिविधियां भी शामिल हो गईं। 1997 में अपनी शुरुआत के बाद से, यह सीरीज अब तक की सबसे ज्यादा बिकने वाली वीडियो गेम सीरीज में से एक बन गई है।
    • वहीं, यूनिवर्सिटी ऑफ टेनेसी, नॉक्सविले के प्रोफेसर टोरे ओल्सन का कहना है कि जीटीए6 अपने पिछले वर्जन्स की तुलना में कम विवादित हो सकता है। वे जीटीए गेम्स के जरिए 1980 के बाद के अमेरिकी इतिहास पर एक कोर्स पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि अब यह गेम मेनस्ट्रीम की संस्कृति का अधिक हिस्सा बन गया है और इसके प्रचार-प्रसार से संकेत मिलता है कि इसमें नैतिक तरीके से खेलने पर ज्यादा इनाम मिल सकते हैं। ओल्सन कहते हैं, "इसमें कोई शक नहीं कि 'GTA 6' के जेसन और लूसिया अपराधी होंगे, और वे लगातार कानून तोड़ते रहेंगे। मुझे नहीं लगता कि नए गेम में खिलाड़ियों को अंधाधुंध मारकाट करनी पड़ेगी। बल्कि, जो खिलाड़ी ऐसा करना चुनेंगे, उन्हें शायद इसके लिए दंड भी मिल सकता है।"
    • दो मुख्य किरदारों में से एक के रूप में लूसिया को शामिल करने से, जीटीए के पिछले वर्जन में खेलने योग्य महिला किरदारों की कमी को लेकर की गई शिकायतों को दूर करने में मदद मिलेगी। बेन (Bain) के एक सर्वे के अनुसार, अमेरिका में जीटीए 6 खेलने वालों में से लगभग दस में से चार खिलाड़ी महिलाएं होंगी।

    क्रिटिक्स और रिव्यूज का फैसला: क्या ये सच में हैरान करने वाला?

    • कहते हैं ज्यादा उम्मीदें होने पर, निराशा का जोखिम भी बढ़ जाता है। अगर गम बहुत आसान या बहुत मुश्किल लगे और कहानी संतोषजनक न हो, या लॉन्च के समय इसमें कई बग और तकनीकी कमियां (ग्लिच) हों, तो इन सब बातों का असर गेम पर पड़ सकता है। लेकिन शुरुआती संकेत सकारात्मक रहे हैं।
    • एंटरटेनमेंट वेबसाइट गेम्सराडार प्लस (GamesRadar+) का कहना है कि रॉकस्टार ने एक ऐसी दुनिया बनाई है, जिसका पैमाना, दायरा और गुणवत्ता सच में अद्भुत है। वहीं, वीडियो गेम वेबसाइट 'यरोगेमर पोलैंड ने गेम के परफॉरमेंस में कुछ कमियों का जिक्र किया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि इन कमियों से इस पीढ़ी के सबसे बेहतरीन और सबसे दिलचस्प गेम्स में से एक की चमक पर कोई खास असर नहीं पड़ता।

    क्या ये अब तक का सबसे बेहतरी खेल?

    इसमें कोई दोराय नहीं है कि इसकी शुरुआती बिक्री काफी शानदार नहीं रही, जीटीए 6 ने तो लॉन्च से पहले ही धमाकेदार बिक्री की। वहीं, एनालिटिक्स फर्म सेंसर टॉवर के अनुमान के मुताबिक, 18 नवंबर तक इस गेम की लगभग 17 मिलियन (1.7 करोड़) कॉपियां बिकीं, जिनसे 1.65 बिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई हुई। लाखों खिलाड़ियों ने पहले ही अपने कंसोल पर इस गेम को डाउनलोड कर लिया है। न्यूजीलैंड में आधी रात होते ही यह गेम ऑनलाइन हो गया, और बृहस्पतिवार को दुनिया भर के अलग-अलग हिस्सों में इसे लॉन्च किया गया। मियामी, जो इस गेम की सेटिंग के लिए प्रेरणा बना है, उन आखिरी जगहों में से एक होगा जहां लोग इस गेम का मजा ले सकेंगे।

    नींद छोड़ खेल रहे गेम, आखिर लोगों में इतना क्रेज क्यों?

    • गेम के मुख्य हिस्से को पूरा करने में करीब 50 घंटे लगने का अनुमान है, यही वजह है कि अभी इसकी पूरी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन फैंस का जुनून देखते ही बनता है। इस गेम को खेलने के लिए किसी ने बिमारी का बहाना बनाया, तो कोई पेड लीव लेकर गेम लेकर बैठा है। यह सब सिर्फ इसलिए कि वे इस गेम सीरीज का नया हिस्सा खेल सकें। एनवाईयू स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस के एडजंक्ट प्रोफेसर, जूस्ट वैन ड्रेनन ने कहा कि यह इस पीढ़ी का 'स्टार वार्स' (Star Wars) है, है ना? यह एक ऐसा इवेंट है जिसे सब लोग एक साथ मिलकर अनुभव कर रहे हैं। इसलिए, जब यह गेम लॉन्च होगा, तो लाखों लोग शुरुआती कुछ दिनों या हफ्तों में ही इसका अनुभव लेने के लिए वहां मौजूद रहना चाहेंगे।
    • सिडनी के 33 वर्षीय गेमर आसिफ मीर ने आधी रात के तुरंत बाद अपने गेमिंग रूम में गेम खेलना और लाइवस्ट्रीम करना शुरू किया। उन्होंने कहा, "जीटीए6 कमाल का है! यह अब तक का सबसे बेहतरीन गेम है, और अभी तो हमने इसे खेलना शुरू ही किया है, सिर्फ 20 मिनट हुए हैं। मैं कल सुबह तक 10-12 घंटे लगातार खेलने के लिए बेताब हूं। मैं बिल्कुल नहीं सोने वाला। चलो, शुरू करते हैं!" सिडनी में मीर ने यह भी कहा कि इतने लंबे इंतजार का फल मिल गया है।
    • वहीं, लॉस एंजिल्स के 23 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर ब्रेडेन व्हाले ने कहा, "जब 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 5' आया था, तब मैं बच्चा था, इसलिए इसे लेकर जो उत्साह है, वह जबरदस्त है। मेरे लिए, मैं पूरी तरह से इसमें खो जाने वाला हूँ। इसका मतलब यह है कि मैं पूरा गेम खत्म करके ही दम लूंगा, और जब तक यह पूरा नहीं हो जाता, मैं इससे हटने वाला नहीं हूं।" वहीं, ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में सेल्स का काम करने वाले 27 वर्षीय ल्यूक मैक्सवेल, जो दो बच्चों के पिता हैं, ने बताया कि उन्होंने काम से छुट्टी ले ली है ताकि वे तुरंत गेम में लग सकें: "मैंने अपने पूरे परिवार को पहले ही बता दिया है कि मुझे परेशान न करें, मुझसे कोई बात न करे।"

    13 साल की मेहनत और 9 अरबों रुपये का खर्च

    • फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार, जीटीए 6 को तैयार करने में करीब 13 साल का समय लगा और इसके बनाने में एक बिलियन डॉलर या उससे ज्यादा खर्च होने का अनुमान है। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 9,347 करोड़ रुपये से ज्यादा बैठती है। हालांकि, यह डेवलपमेंट लागत का अनुमान है, रॉकस्टार गेम्स की ओर से घोषित आधिकारिक आंकड़ा नहीं है।
    • इतने लंबे समय और भारी-भरकम निवेश के बाद जीटीए 6 से कमाई की उम्मीदें भी काफी ज्यादा हैं। गेम के प्री-ऑर्डर और शुरुआती बिक्री के आंकड़े बताते हैं कि रॉकस्टार का यह प्रोजेक्ट गेमिंग इंडस्ट्री के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में शामिल हो चुका है।

    क्या जीटीए 6 इंतजार के लायक है?

    • शुरुआती रिव्यू के आधार पर जीटीए 6 ने उम्मीदों पर काफी हद तक खरा उतरने के संकेत दिए हैं। 99 का मेटाक्रिटिक स्कोर, 98 का ओपनक्रिटिक औसत और 1.65 बिलियन डॉलर से ज्यादा की अनुमानित बिक्री इसकी लोकप्रियता और शुरुआती सफलता दिखाती है।
    • इसकी सबसे बड़ी ताकत इसकी बड़ी गेमिंग दुनिया, जेसन और लूसिया की कहानी और गेम में मिलने वाली गतिविधियां हैं। वहीं, 30 FPS की सीमा, कंट्रोल और कहानी की रफ्तार से जुड़ी शिकायतें कुछ खिलाड़ियों को निराश कर सकती हैं।
    • कुल मिलाकर, जीटीए 6 सिर्फ एक नए गेम की रिलीज नहीं, बल्कि गेमिंग इंडस्ट्री की बड़ी घटना बन चुका है। 13 साल के इंतजार के बाद शुरुआती प्रतिक्रियाएं शानदार हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि लंबे समय तक खेलने के बाद गेमर्स इसे कितना पसंद करते हैं।