जीटीए 6: लॉन्च के दिन यूट्यूब पर होगा 24 घंटे का लाइवस्ट्रीम, हिंदी समेत 7 भाषाओं में देख सकेंगे
- ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 के लॉन्च पर रॉकस्टार गेम्स और यूट्यूब मिलकर 24 घंटे की एक ग्लोबल लाइवस्ट्रीम होस्ट करेंगे।
- इस गेम के इंडियन फैंस के लिए खास बात यह है कि यह स्ट्रीम हिंदी में भी उपलब्ध होगी।
- रिलीज से पहले ही गेम की 1 करोड़ प्री-ऑर्डर कॉपियों से 1 अरब डॉलर से ज्यादा की कमाई होने का दावा किया जा रहा है।

विस्तार
गेमिंग की दुनिया के सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (Grand Theft Auto 6) का खुमार अब अपने चरम पर है। फैंस के इस उत्साह को और दोगुना करने के लिए डेवलपर रॉकस्टार गेम्स (Rockstar Games) ने यूट्यूब के साथ एक बड़ी साझेदारी का ऐलान किया है। 19 नवंबर को गेम के आधिकारिक लॉन्च के मौके पर यूट्यूब पर 24 घंटे की एक शानदार ग्लोबल लाइवस्ट्रीम का आयोजन किया जाएगा।
हिंदी में भी देख सकेंगे लाइवस्ट्रीम
भारतीय गेमर्स के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि यह 24 घंटे की मेगा लाइवस्ट्रीम इंग्लिश, स्पैनिश और जापानी के साथ-साथ हिंदी भाषा में भी प्रसारित की जाएगी। यह स्ट्रीम 19 नवंबर को आधी रात (ET) से शुरू होगी, जबकि इसका प्री-शो 18 नवंबर को रात 11 बजे (ET) से ही यूट्यूब पर लाइव हो जाएगा। रॉकस्टार गेम्स ने यह भी हिंट दिया है कि अमेरिका के मियामी शहर में फैंस के लिए कुछ बड़े सरप्राइज भी रखे गए हैं, जो सिर्फ इसी यूट्यूब इवेंट के जरिए सामने आएंगे।
मार्केटिंग कैंपेन ने बढ़ाया रोमांच
रॉकस्टार अपनी धांसू मार्केटिंग से फैंस को लगातार चौंका रहा है। हाल ही में सोशल मीडिया अकाउंट "ओनली इन डेड" (Only in Dade) पर एक वीडियो शेयर किया गया था, जिसमें वाइस सिटी (Vice City) के मशहूर ओशन ड्राइव (Ocean Drive) का शानदार नजारा दिखाया गया। शुरुआत में लोगों को लगा कि यह एआई (AI) का कमाल है, लेकिन बाद में रॉकस्टार ने खुद इसे शेयर करते हुए बताया कि यह 'वेस्ट कोस्ट कस्टम्स' के साथ मिलकर तैयार किया गया असली वीडियो है।
रिलीज से पहले 1 अरब डॉलर की छप्परफाड़ कमाई
रॉकस्टार की पैरेंट कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव के सीईओ स्ट्रॉस ज़ेलनिक ने कन्फर्म किया है कि गेम का डेवलपमेंट पूरी तरह से पूरा हो चुका है। फिलहाल कंपनी PS5 और Xbox Series X/S पर इसके शानदार और तकनीकी रूप से परफेक्ट अनुभव को सुनिश्चित करने में लगी है। सीईओ ने यह भी इशारा किया कि जल्द ही कंपनी के अगले बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा भी की जाएगी।
सेंसर टावर (Sensor Tower) के डेटा के मुताबिक, GTA 6 प्री-ऑर्डर के मामले में रिकॉर्ड तोड़ रहा है। लॉन्च से पहले ही इसकी 1 करोड़ से ज्यादा कॉपियां बिक चुकी हैं और इसने 1 अरब डॉलर से ज्यादा का बंपर रेवेन्यू जनरेट कर लिया है। दिलचस्प बात यह है कि कुल प्री-ऑर्डर में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी PS5 यूजर्स की है, जबकि 25 प्रतिशत Xbox सीरीज वालों की है।
GTA 6 के इस जबरदस्त क्रेज का असर टेक-टू कंपनी के ही दूसरे गेम 'NBA 2K27' की सेल्स पर पड़ा है, जो अपनी उम्मीदों से थोड़ा पीछे रह गया। हालांकि, सीईओ स्ट्रॉस जेलनिक का मानना है कि कॉम्पिटिटर के बजाय अगर अपनी ही कंपनी का कोई गेम बाजार पर छा रहा है, तो यह उनके लिए खुशी की बात है।
- स्पैम कॉल पर ट्राई का बड़ा एक्शन: तीन महीने में 1.24 लाख नंबरों पर लगी रोक, 374 कंपनियां हुईं ब्लैकलिस्ट
- टेलीकॉम: जियो के ग्राहक रोज खर्च कर रहे 1.47GB डेटा, हर ग्राहक से कमाई में एयरटेल सबसे आगे, क्या है वीआई हाल?
- ऑनलाइन सेफ्टी: क्या गूगल पर दिख रहा है आपका मोबाइल नंबर? इस नए टूल से मिनटों में हटाएं अपना पर्सनल डेटा
- वीवो ला रहा नई स्मार्टवॉच: 25 दिन चलेगी बैटरी, 2.07 इंच की डिस्प्ले; फीचर्स देंगे एपल-सैमसंग को टक्कर