गूगल के खिलाफ एक्शन के मूड में भारत सरकार, लग सकता है करोड़ों का जुर्माना, पोजिशन के गलत इस्तेमाल का है आरोप
चंद्रशेखर ने कहा कि यह बहुत ही चिंताजनक है, न केवल हमारे लिए, बल्कि यह भारत में पूरे डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र के लिए चिंता का गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इस मसले पर बहस की कोई जरूरत नहीं है। गूगल ने इस रिपोर्ट पर अभी तक कुछ नहीं कहा है।

विस्तार
भारत सरकार गूगल के खिलाफ एक्शन लेने की प्लानिंग कर रही है। गूगल पर आरोप है कि उसने बाजार में अपनी मजबूत पोजिशन का गलत फायदा उठाया। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर एक समाचार एजेंसी को बताया कि भारत सरकार ने पिछले साल एक एंटीट्रस्ट वॉचडॉग के बाद अल्फाबेट के Google के खिलाफ कार्रवाई करने की योजना बनाई है।
पिछले साल अक्तूबर में ही भारत सरकार की एंटीट्रस्ट इकाई ने दो मामलों में Google पर 275 मिलियन डॉलर यानी करीब 2,280 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। यह जुर्माना भी गूगल पर एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम बाजार में अपनी प्रमुख स्थिति के दुरुपयोग और डेवलपर्स को अपने इन-एप भुगतान सिस्टम का इस्तेमाल करने के लिए मजबूर करने के लिए लगा था।
राजीव चंद्रशेखर ने नई दिल्ली में आईटी मंत्रालय में एक इंटरव्यू में बताया कि इस तरह की गतिविधियां गंभीर हैं और भारत सरकार के लिए गहरी चिंता पैदा करते हैं। ऐसे में Google के खिलाफ कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय को कार्रवाई करनी होगी। इसके बारे में सोचा गया है। आप इसे आने वाले हफ्तों में देखेंगे। निश्चित रूप से यह ऐसा कुछ नहीं है जिसे माफ किया जा सके।