मिली सजा: प्रतिस्पर्धा खत्म करने वाला गूगल देगा 1947 करोड़ रुपये जुर्माना

विस्तार
ऑनलाइन विज्ञापन बाजार में एकाधिकार के दुरुपयोग के आरोपों के बाद गूगल फ्रांस में 27 करोड़ डॉलर यानी करीब 1947 करोड़ रुपये जुर्माना चुकाएगा। फ्रांस के प्रतिस्पर्धा नियामक आयोग के आरोपों पर उसने जुर्माना चुकाने का समझौता कर लिया है।
सोमवार को यह भी घोषणा की है कि वह ऑनलाइन विज्ञापन नीलामी व्यवस्था में बदलाव कर इसे पारदर्शी बनाएगा। विज्ञापनों से हर साल करीब 2.98 लाख करोड़ रुपये कमाने वाले गूगल की मालिकाना कंपनी अल्फाबेट के लिए यह जुर्माना वैसे तो मामूली है, लेकिन पहली बार किसी प्रतिस्पर्धा नियामक आयोग ने गूगल के विज्ञापन कारोबार पर सीधा हमला किया।
गूगल ऑनलाइन विज्ञापन तकनीक में बदलाव करने को भी राजी हुआ है। इसमें वह और कुछ विशेष कंपनियां फायदा उठा रही थी। फ्रांस में गूगल की विधि महानिदेशक मारिया गोमरी ने बताया कि यह बदलाव फ्रांस के बाहर भी लागू हो सकते हैं।
ऐसे खत्म कर रहा प्रतियोगिता
- जांच आयोग के अध्यक्ष इसाबेले डे सिल्वा ने कहा कि गूगल की तकनीक ने ऑनलाइन विज्ञापन में न केवल उसका एकाधिकार बचाया, बल्कि बढ़ाया भी।
- फ्रांस के प्रकाशक रोसेल ला वॉइस समूह ने बताया कि गूगल एकाधिकार का दुरुपयोग कर विज्ञापनों पर ज्यादा कमीशन भी हासिल कर रहा है। विज्ञापनों के लिए खुद कंटेंट तक तैयार नहीं करता।
- समाचार संगठनों ने कहा, गूगल ने आर्थिक असंतुलन पैदा कर दिया, जिससे समाचार पत्रों को नुकसान हो रहा है।
तकनीकी कंपनियों पर सख्त हो रहे विकसित देश
पूरे यूरोप और अमेरिका में तकनीकी कंपनियों के खिलाफ सरकारों की सख्ती बढ़ी है।
यूरोपीय संघ और ब्रिटेन :
प्रतिस्पर्धा निगरानी आयोगों ने फेसबुक द्वारा मार्केटप्लेस के जरिए वर्गीकृत विज्ञापन के लिए गलत कारोबारी तौर- तरीके अपनाने के आरोप की जांच शुरू।
अमेरिका :
एपल द्वारा एपस्टोर के जरिए एकाधिकार का दुरुपयोग करने और कमीशनखोरी के आरोपों की जांच चल रही है।
यूरोपीय संघ व अमेरिका :
कुछ राज्य सोशल मीडिया कंपनियों के कंटेंट मॉडरेशन के लिए सख्त कानून लाए।