चश्मा या चलता-फिरता कंप्यूटर?: गूगल-सैमसंग के जेमिनी AI चश्मे लॉन्च, जानें कैमरा से अनुवाद तक क्या-क्या है खास
सार
- गूगल और सैमसंग ने स्मार्ट ग्लास पेश किए।
- जेमिनी एआई से लैस होंगे चश्मे।
- 12MP कैमरा और ओपन-ईयर स्पीकर है।
- रियल-टाइम ट्रांसलेशन की सुविधा मिलेगी।

विस्तार
स्मार्टफोन के बाद अब स्मार्ट चश्मे भी तकनीक की दुनिया में नई पहचान बना रहे हैं। गूगल और सैमसंग ने मिलकर जेमिनी एआई से चलने वाले नए स्मार्ट ग्लास पेश किए हैं। इन्हें फैशन ब्रांड जेंटल मॉन्स्टर और वॉर्बी पार्कर के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इन चश्मों में 12 मेगापिक्सल का कैमरा, ओपन-ईयर स्पीकर और रियल-टाइम ट्रांसलेशन जैसे फीचर्स मिलते हैं। साथ ही कंपनी का दावा है कि ये एक बार चार्ज करने पर कम से कम नौ घंटे तक आराम से चल सकते हैं। आइए इनकी सभी खूबियों के बारे में जानते हैं....
30 डिजाइन विकल्पों में मिलेंगे स्मार्ट ग्लास
- गूगल और सैमसंग ने इन स्मार्ट ग्लासेस को जेंटल मॉन्स्टर और वॉर्बी पार्कर के साथ मिलकर तैयार किया है। इनका मकसद सिर्फ नई तकनीक देना ही नहीं, बल्कि चश्मे को रोजमर्रा के पहनावे का हिस्सा बनाना भी है।
- ये स्मार्ट ग्लास कुल 30 अलग-अलग डिजाइन विकल्पों में उपलब्ध होंगे। इनमें प्रिस्क्रिप्शन यानी नजर के नंबर वाले लेंस लगवाने का विकल्प भी दिया गया है। इससे चश्मा पहनने वाले लोग भी अपनी जरूरत के हिसाब से इन्हें इस्तेमाल कर सकेंगे। खास बात है कि गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई भी इससे काफी प्रभावित हुए हैं और सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर जानकारी दी है।
कितनी है कीमत?
- इन स्मार्ट चश्मों की कीमत डिजाइन और ब्रांड के हिसाब से अलग-अलग है। वॉबी पार्कर वाले चश्में की बात करें तो इसकी शुरुआती कीमत 395 डॉलर (करीब 37,000 रुपये) है। जबकि जेन्टल मॉन्स्टर की कीमत 449 डॉलर (करीब 42,000 रुपये) से शुरू होकर 489 डॉलर (करीब 46,000 रुपये) तक जाती है।
- फिलहाल ये स्मार्ट ग्लास अमेरिका में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध हैं। इनकी शिपिंग और बिक्री दस दिसंबर से शुरू होगी। चुनिंदा स्टोर्स पर ग्राहक इनके डेमो भी देख सकेंगे। भारत में लॉन्च को लेकर कंपनी ने अभी कोई जानकारी नहीं दी है।
किन फीचर्स से है लैस?
- इन स्मार्ट चश्मों में 12 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। इसकी मदद से फोटो लेने के साथ 3K और 2K वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा सकती है। इनमें ओपन-ईयर स्पीकर और क्वाड माइक्रोफोन भी मिलते हैं।
- सबसे खास बात है कि इस चश्में को पहनने के बाद आपको कोई भाषा समझने और अनुवाद करने के लिए जेमिनी एआई आपकी मदद कर सकता है। क्योंकि इसमें रियल-टाइम ट्रांसलेशन की सुविधा मिलती है। साथ ही यूजर को जेमिनी एआई और बिक्सबाई का सपोर्ट भी मिलेगा।
नौ घंटे तक बैटरी का दावा
- परफॉर्मेंस के लिए इन स्मार्ट ग्लास में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन AR 1 जेन 1 चिप दी गई है। इसमें 2GB रैम और 64GB स्टोरेज मिलती है।
- बैटरी की बात करें तो कंपनी के मुताबिक, ये चश्मे एक बार चार्ज करने पर करीब नौ घंटे तक चल सकते हैं। चार्जिंग केस के साथ इनकी कुल बैटरी क्षमता 72 घंटे तक इस्तेमाल का साथ दे सकती है। अन्य कनेक्टिविटी फीचर्स में वाई-फाई 6E और ब्लूटूथ 5.4 शामिल हैं। इन्हें IPX4 वाटर रेसिस्टेंस रेटिंग भी मिली है।
किन स्मार्टफोन्स में होंगे सपोर्ट?
- इन स्मार्ट ग्लास को सिर्फ एक ही कंपनी के फोन तक सीमित नहीं रखा गया है। ये एंड्रॉयड और आईओएस दोनों के साथ काम कर सकेंगे। हालांकि, डिवाइस के हिसाब से इनकी कम्पैटिबिलिटी तय की गई है।
- ये सैमसंग गैलेक्सी एस और जेड सीरीज के उन फोन के साथ काम करेंगे, जिनमें वन UI 9 या इससे नया वर्जन होगा। इसके अलावा गूगल पिक्सल 7 और उसके बाद के मॉडल और आईफोन 13 और नए मॉडल भी इनके साथ कम्पैटिबल हैं।
रिकॉर्डिंग के दौरान जलेगी LED लाइट, प्राइवेसी का भी ध्यान
- कैमरे वाले स्मार्ट ग्लास में प्राइवेसी का सवाल भी अहम होता है। इसे ध्यान में रखते हुए कंपनी ने इनमें कैमरा इंडिकेटर LED लाइट दी है। जब चश्मे से रिकॉर्डिंग की जाएगी, तब यह लाइट जलेगी। अगर कोई इस लाइट को ढकने की कोशिश करता है, तो रिकॉर्डिंग बंद हो जाती है।
- इसके अलावा जेमिनी एआई चेहरों को ब्लर करता है। कंपनी के अनुसार, कैमरे से जुटाए गए डेटा का इस्तेमाल AI मॉडल की ट्रेनिंग के लिए नहीं किया जाएगा और इसे हिस्ट्री में भी सेव नहीं किया जाएगा।
- इस तरह गूगल और सैमसंग ने इन स्मार्ट ग्लास में फैशन, कैमरा, ऑडियो और एआई फीचर्स को एक साथ लाने की कोशिश की है। अब देखना होगा कि रोजमर्रा के इस्तेमाल में ये चश्मे यूजर्स को कितना पसंद आते हैं।