बदलने वाला है Android यूजर्स के एप इंस्टॉल करने का तरीका: गूगल लागू करेगा नया नियम, आपके फोन पर क्या होगा असर?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Fri, 20 Nov 2026 12:42 PM IST
सार
  • जनवरी 2027 से लागू होंगे नए नियम।
  • डेवलपर्स को पहचान वेरिफाई करानी होगी।
  • एप्स का रजिस्ट्रेशन भी जरूरी होगा।
  • भारत में भी लागू होंगे ये नए नियम।
Google’s New Android Rules, What Changes APK Downloads, Sideloading in 2027?
गूगल एंड्रॉयड साइडलोडिंग नियम - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    नए साल में एंड्रॉयड यूजर्स को अपने फोन में एप इंस्टॉल करने के तरीके में कुछ बदलावा देखने को मिल सकता है। दरअसल, गूगल जनवरी 2027 से दुनिया भर में नए साइडलोडिंग नियम लागू करना शुरू करेगा। इसमें सर्टिफाइड एंड्रॉयड डिवाइस पर एप उपलब्ध कराने वाले डेवलपर्स को पहली अपनी पहचान वेरिफाई करानी होगी और एप को गूगल के साथ रजिस्टर करना होगा। बता दें कि ये नियम सिर्फ गूगल प्ले स्टोर तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि थर्ड-पार्टी एप स्टोर और वेबसाइट से डाउनलोड होने वाली एपीके फाइल्स पर भी लागू होंगे। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि एंड्रॉयड से साइडलोडिंग की सुविधा खत्म हो जाएगी। यूजर्स पहले की तरह प्ले स्टोर के बाहर से एप इंस्टॉल कर सकेंगे, लेकिन अनवेरिफाइड डेवलपर के एप इंस्टॉल करने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा लंबी और सावधानी भरी हो सकती है। आइए जानते हैं कि गूगल के इन नए नियमों का भारत समेत दुनिया भर के एंड्रॉयड यूजर्स पर क्या असर पड़ सकता है।

    एंड्रॉयड साइडलोडिंग नियम क्या है?

    • यहां पर साइडलोडिंग का मतलब है गूगल प्ले स्टोर के अलावा किसी दूसरे माध्यम से फोन में एप इंस्टॉल करना। या गूगल एप्स के बिना कोई एप इंस्टाॅल करना। जैसे मान लीजिए, किसी वेबसाइट से एपीके फाइल डाउनलोड करना, दूसरे डिवाइस से एप कॉपी करना या किसी वैकल्पिक एप मार्केटप्लेस से एप इंस्टॉल करना।
    • यह सुविधा लंबे समय से एंड्रॉयड की पहचान रही है। दूसरे मोबाइल प्लेटफॉर्म, खासकर एपल के आईओएस की तुलना में एंड्रॉयड यूजर्स को एप इंस्टॉल करने की ज्यादा आजादी मिलती रही है, लेकिन गूगल अब इसमें बदलाव करने की तैयारी में है।
    • नए अपडेट में सर्टिफाइड एंड्रॉयड डिवाइस पर एप डिस्ट्रीब्यूट करने वाले डेवलपर्स को अपनी पहचान साबित करनी होगी। साथ ही उन्हें एप गूगल के साथ रजिस्टर भी करना होगा।
    • अब यह मायने नहीं रखेगा कि एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है, किसी दूसरे एप मार्केटप्लेस पर है या डेवलपर की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा रहा है। गूगल चाहता है कि सर्टिफाइड एंड्रॉइड डिवाइस पर उपलब्ध हर एप के पीछे किसी वेरिफाइड डेवलपर की पहचान हो।

    क्या अब एपीके फाइल डाउनलोड नहीं कर पाएंगे?

    • नहीं...गूगल एपीके फाइल डाउनलोड करने या प्ले स्टोर के बाहर से एप इंस्टॉल करने पर पूरी तरह से रोक नहीं लगा रहा है। साइडलोडिंग की सुविधा पहले की तरह बनी रहेगी।
    • हालांकि, बदलाव उन एप्स को इंस्टॉल करने के तरीके में आएगा, जिनके डेवलपर गूगल से वेरिफाइड नहीं होंगे। ऐसे एप को इंस्टॉल करने की कोशिश करने पर एंड्रॉइड चेतावनी दिखा सकता है और सामान्य इंस्टॉलेशन प्रक्रिया को रोक सकता है।
    • अगर यूजर इसके बावजूद एप इंस्टॉल करना चाहता है, तो उसे एडवांस्ड इंस्टॉलेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसमें अतिरिक्त चेक पूरे करने और संभावित जोखिम स्वीकार करने पड़ सकते हैं।
    • इसके अलावा, गूगल वेटिंग पीरियड भी जोड़ रहा है। इसका मकसद स्कैमर्स को यूजर्स पर जल्दबाजी में कोई हानिकारक एप इंस्टॉल करने का दबाव बनाने से रोकना है। डेवलपर्स और एडवांस्ड यूजर्स एंड्रॉयड डीबग ब्रिज (ADB) के जरिए भी अनरजिस्टर्ड एप इंस्टॉल कर सकेंगे।
    गूगल एंड्रॉयड साइडलोडिंग नियम
    गूगल एंड्रॉयड साइडलोडिंग नियम - फोटो : एआई जनरेटेड

    नए नियम कब से लागू होंगे?

    • गूगल जनवरी 2027 से इन नियमों का ग्लोबली लागू करेगा। हालांकि यह बदलाव सभी देशों में एक साथ लागू नहीं होगा, बल्कि चरणों में अलग-अलग बाजारों और एप इंस्टॉलेशन के तरीकों तक पहुंचेगा।
    • कुछ देशों में तो इसकी शुरुआत पहले ही हो चुकी है। 30 सितंबर 2026 से ब्राजील, इंडोनेशिया, सिंगापुर और थाईलैंड में नए नियम लागू होने शुरू हो गए हैं।
    • गूगल के मुताबिक, जनवरी 2027 में शुरू होने वाला विस्तार सात एप डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म को कवर करेगा। इसके बाद आने वाले महीनों में दूसरे देशों और इंस्टॉलेशन के अन्य तरीकों तक भी ये आवश्यकताएं पहुंचेंगी।

    एक नजर में देखें गूगल के नियमों की टाइमलाइन

    समयक्या होगा?
    मार्च 2026डेवलपर वेरिफिकेशन वैश्विक स्तर पर खुला
    30 सितंबर 2026चुनिंदा बाजारों में लागू होना शुरू
    जनवरी 2027वैश्विक विस्तार शुरू
    अगले महीनेअन्य देशों और इंस्टॉलेशन तरीकों तक नियम पहुंचेंगे

    हालांकि गूगल ने भारत में इन नियमों को लागू करने की सटीक तारीख अभी नहीं बताई है।

    कौन-कौन से एप स्टोर नए नियमों के दायरे में आएंगे?

    कंपनीएप मार्केटप्लेस
    गूगलगूगल प्ले स्टोर
    सैमसंगगैलेक्सी स्टोर
    ऑनरऑनर एप मार्केट
    ओप्पोओप्पो एप मार्केट
    शाओमीगेटएप्स
    ट्रांसिओनपाम स्टोर
    वीवोवी-एपस्टोर

    इसका असर सिर्फ इन एप स्टोर तक सीमित नहीं रहेगा। जो डेवलपर अपनी वेबसाइट या सीधे एपीके डाउनलोड लिंक के जरिए एप उपलब्ध कराते हैं, वे भी इन नियमों के दायरे में आएंगे।