Google: गूगल ने लॉन्च किया कमाल का फीचर; अब स्क्रीन पर घेरा बनाकर हो जाएगी स्कैम मैसेज की पहचान, जानिए कैसे?
गूगल ने एंड्रॉयड फोन के लिए नया सुरक्षा फीचर जारी किया है। जिसमें गूगल लेंस और सर्कल टू सर्च अब संदिग्ध मैसेज को पहचानकर चेतावनी देंगे। जो भी मैसेज स्कैम लगे उसे सर्कल करें या उसका स्क्रीनशॉट लेंस में खोलें, और एआई बता देगा कि यह स्कैम है या नहीं।

विस्तार
अगर आपके घर में बुजर्ग या कोई ऐसे सदस्य हैं जो बहुत ज्यादा टेक्नोलॉजी फ्रेंडली नहीं हैं। तो गूगल उनके लिए कमाल का फीचर लेकर आया है। अक्सर स्कैमर्स हमारे घरों में उन लोगों को निशाना बनाते हैं जो टेक्नोलॉजी के बारे में कम जानते हैं। ऐसे में वे आसानी से ऐसे स्कैम्स का शिकार हो जाते हैं और उनके अकाउंट में सेंध लग जाती है। तो गूगल ने इस समस्या का बेहद आसान समाधान निकाल लिया है। गूगल ने सर्कल टू सर्च और गूगल लेंस को ऐसे अपग्रेड किया है कि अब आसानी से किसी भी मैसेज को स्क्रीनशॉट अपलोड करके या मैसेज पर घेरा बनाकर जान सकते हैं यह स्कैम है या नहीं। गूगल एआई आपको यह भी बताएगा कि मैसेज कितना संदिग्ध है और आपको आगे क्या कदम उठाने चाहिए।क्यों जरूरी है यह फीचर?आजकल स्कैम मैसेज बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। फिर वो चाहे SMS हों, वाट्सएप मैसेज हों या सोशल मीडिया के मैसेजेस। कई बार ठग बैंक, डिलीवरी कंपनी या किसी जरूरी काम के नाम पर धोखा देने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से गूगल ने एंड्रॉयड स्मार्टफोन में एक और सुरक्षा फीचर जोड़ दिया है।
सर्कल टू सर्च: संदेह वाले मैसेज भी पकड़ेगा
पहले सर्कल टू सर्च सिर्फ स्क्रीन पर दिख रही चीजों की जानकारी देता था। अब यह मैसेज की सुरक्षा भी जांचेगा।
कैसे काम करेगा यह फीचर?
इसके लिए आप मैसेज में जाएं और जिस भी मैसेज पर आपको शक हो उसे खोलें। अब होम बटन या नेविगेशन बार को लंबा प्रेस करें। जिस मैसेज पर शक हो उस पर सर्कल या घेरा बनाएं। इसके बाद एआई उसका विश्लेषण करके बताएगा कि वह स्कैम हो सकता है या नहीं। गूगल का कहना है कि एआई वेब और दूसरे सिग्नल्स की मदद से यह तय करता है कि मैसेज 'likely a scam' है। अगर मैसेज संदिग्ध निकलता है, तो यह आपको बताएगा कि आगे क्या करना है। साथ ही उसके सुझाव भी मुहैया कराएगा।
गूगल लेंस भी बताएगा स्कैम
गूगल ने सर्कल टू सर्च के साथ ही गूगल लेंस में भी यही क्षमता जोड़ दी है। अब एंड्रॉयड और आईओएस दोनों यूजर्स चैट का स्क्रीनशॉट लेकर गूगल एप में लेंस से खोलकर स्कैम के संकेत देख सकते हैं। गूगल लेंस यह भी बता देगा कि वह मैसेज क्यों संदिग्ध है। गूगल का कहना है कि स्कैमर्स अब मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। कई स्कैम्स में ठग तुरंत पैसे मांगते हैं या डराने वाली झूठी चेतावनियां भेजते हैं ताकि यूजर गलत लिंक पर क्लिक करे और फंस जाए।
फीचर मददगार है, लेकिन 100% भरोसेमंद नहीं
गूगल ने यह भी कहा है कि एआई हर बार पूरी तरह सही नहीं हो सकता। इसलिए सिर्फ इस फीचर पर भरोसा करके कोई बड़ा फैसला न लें। लेकिन फिर भी, बढ़ते स्कैम्स के बीच सर्कल टू सर्च जैसा टूल काफी मददगार साबित हो सकता है। कई बार एक गलत लिंक भारी नुकसान कर सकता है। ऐसे में स्क्रीन पर एक छोटा-सा घेरा आपकी सुरक्षा बढ़ा सकता है।
भारत में क्यों है इसकी ज्यादा जरूरत?
भारत में यूपीआई, ऑनलाइन पेमेंट और डिजिटल बैंकिंग बहुत तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में फोन पर सुरक्षा फीचर्स की अहमियत और बढ़ जाती है। यह नए इंटरनेट यूजर्स को खास तौर पर मदद करेगा, ताकि वे स्कैम से बच सकें और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित महसूस करें।