Google ने क्रोम का लेटेस्ट वर्जन किया लॉन्च, पासवर्ड चोरी होने पर देगा चेतावनी

दिग्गज सर्च इंजन कंपनी गूगल (Google) ने अपने यूजर्स के डाटा की सुरक्षा को ध्यान में रखकर क्रोम 79 (Google Chrome 79) वर्जन को लॉन्च किया है। क्रोम के लेटेस्ट वर्जन में यूजर्स को कई खास फीचर्स मिलेंगे, जिससे उनका अनुभव बेहतर हो जाएगा। क्रोम 79 के खासियत की बात करें तो इस वर्जन में पासवर्ड सिक्योरिटी फीचर दिया गया है, जो पासवर्ड चोरी या लीक होने पर अपने यूजर को तुरंत चेतावनी देगा। इतना ही नहीं यह वर्जन यूजर्स को समय-समय पर पासवर्ड समेत यूजर नेम बदलने के लिए भी सलाह देता रहेगा। इससे पहले भी गूगल ने पुराने क्रोम वर्जन के लिए कई सिक्योरिटी फीचर पेश किए थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यूजर्स नए फीचर्स को क्रोम 79 की सेटिंग में जाकर आसानी से कंट्रोल कर सकेंगे। वहीं, कंपनी जल्द ही इस लेटेस्ट वर्जन को सभी यूजर्स को लॉन्च करेगी। आपको बता दें कि गूगल अपने यूजर्स के पासवर्ड पर तो नजर बनाए रखेगा, लेकिन लॉगइन से जुड़ी जानकारी नहीं देख पाएगा।
इसके अलावा गूगल क्रोम 79 में ट्राइड और टेस्टेड इंक्रिप्शन का लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जो प्लेन टेक्स्ट को देखे बिना ही अधिक मात्रा में लीक हुई जानकारी में से यूजर के पासवर्ड को खोज लेगा। साथ ही कंपनी ने इस वर्जन में फिशिंग प्रोटेक्शन का रियल टाइम ऑप्शन भी दिया है।
गूगल ने पिछले महीने सर्च प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए एक नया फीचर पेश किया था, जिससे लोग अब यह भी चेक कर पाएंगे कि उनका उच्चारण सही या नहीं। अभी तक आप किसी शब्द का सही उच्चारण सुन सकते थे, लेकिन इस फीचर के आने के बाद अब आप सही बोल भी पाएंगे।
गूगल ने इसके लिए मशीन लर्निंग तकनीक का उपयोग किया है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस (एआई) के जनिए यह देखा जाता है कि किस शब्द का उच्चारण किस तरह से किया जाना है। गूगल का स्पीच रिकॉग्निशन टूल बोले गए शब्द को एनालाइज करता है और एक्सपर्टिस के उच्चारण के साथ मिलान करता है।