विवाद : गूगल ने विजय सेतुपति की फिल्म विक्रम वेधा की स्टार कास्ट में दिखाई डॉ राजकुमार की तस्वीर, फैंस नाराज
जब आप गूगल पर फिल्म विक्रम वेधा की स्टार कास्ट यानी कलाकारों को खोजते हैं, तो सर्च रिजल्ट में तमिल अभिनेता राजकुमार की जगह में दिवंगत कन्नड़ अभिनेता डॉ राजकुमार की तस्वीर दिखाई देती है।

विस्तार
टेक दिग्गज गूगल एक बार फिर विवादों में हैं। गूगल सर्च पर तमिल स्टार अभिनेता विजय सेतुपति की फिल्म विक्रम वेधा में 'हाफ बोइल' नामक एक चरित्र के लिए दिवंगत कन्नड़ अभिनेता डॉ राजकुमार की तस्वीर को दिखाया जा रहा है। इस पर तमिल फिल्मों के प्रशंसक और दर्शकों ने काफी नाराजगी जताई है। उन्होंने गूगल के इस कृत्य को तमिल और कन्नड़ संस्कृति का अपमान बताया है। इसे तस्वीर को लेकर ट्विटर पर गूगल को ट्रोल भी किया गया।
दरअसल, फिल्म विक्रम वेधा में हाफ बोइल नामक किरदार की भूमिका तमिल अभिनेता राजकुमार ने निभाई थी, जो नादुवुला कोंजाम पक्काथा कानोम, सीताकाथी और एनजीके जैसी लोकप्रिय फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। इन फिल्मों में उन्हें सपोर्टिंग रोल निभाते हुए देखा गया था। हालांकि, जब आप गूगल पर फिल्म विक्रम वेधा की स्टार कास्ट यानी कलाकारों को खोजते हैं, तो सर्च रिजल्ट में तमिल अभिनेता राजकुमार की जगह में दिवंगत कन्नड़ अभिनेता डॉ राजकुमार की तस्वीर दिखाई देती है।
कई कन्नड़ फिल्म सितारों और कई प्रशंसकों ने गूगल द्वारा की गई इस नासमझी पर गंभीर आपत्ति जताई है। क्योंकि दिग्गज कन्नड़ अभिनेता डॉ राजकुमार की 2016 में मृत्यु हो गई थी। उन्हें कन्नड़ संस्कृति का प्रतीक माना जाता है और उन्हें अभी भी लाखों प्रशंसकों द्वारा याद किया जाता है।
गूगल की इस गलती को सामने लाते हुए, कन्नड़ फिल्म निर्देशक, अभिनेता और लेखक ऋषभ शेट्टी ने ट्वीट किया। उन्होंने तस्वीर शेयर करते हुए अपने प्रशंसकों से इस गलती के बारे में गूगल को शिकायत करने एवं सुधार करने की अपील की है। उन्होंने लिखा, मेरा सभी से एक अनुरोध है। विक्रम वेधा फिल्म की गूगल सर्च में किसी अन्य अभिनेता के स्थान पर हमारे डॉक्टर राजकुमार की तस्वीर दिखाई देती है। कृपया इसकी रिपोर्ट करें और गलती को सुधारें।
शेट्टी के इस ट्वीट के बाद प्रशंसकों के शिकायती ट्वीट की बाढ़ सी आ गई। सैकड़ाें प्रशंसकों ने इस पर रोष जताते हुए गूगल से माफी मांगने की बात कही। वहीं, कुछ प्रशंसकों ने लिखा, पता नहीं क्यों लगातार लोग कन्नड़, कन्नड़ संस्कृति का मजाक और अपमान कर रहे हैं। एक अन्य ने कहा, प्रिय गूगल और गूगल इंडिया डॉ राजकुमार आपके लिए एक अभिनेता हैं, लेकिन वह कन्नड़ लोगों के लिए एक भावना है। क्या यह कन्नड़ के खिलाफ जानबूझकर हो रहा है या यह गलती है? हाल ही में आपकी सर्च में कन्नड़ सबसे खराब भाषा थी, अब यह है। उम्मीद है कि यह जल्द ही हल हो जाएगी। #रेस्पेक्ट कन्नड़।