Google for India 2021: गूगल पे को मिले ये अहम फीचर्स, YouTube Shorts पर बना सकेंगे 60 सेकेंड का वीडियो
Google Pay के जरिए सालाना तौर पर 15 बिलियन (1,500 करोड़) ट्रांजेक्शन हो रहे हैं। गूगल पे में अब एक स्पलिट फीचर आने वाला है जिसकी मदद से आप अपने खर्च को ग्रुप में बांट सकेंगे।

विस्तार
आज यानी 18 नवंबर 2021 को Google for India के 7वें एडिशन का आयोजन हुआ। इस इवेंट में गूगल ने कई बड़े एलान किए हैं। शॉर्ट्स वीडियो की लोकप्रियता को देखते हुए यूट्यूब ने आधिकारिक तौर पर यूट्यूब शॉर्ट्स (Youtube Shorts) को लॉन्च किया है। गूगल ने यूट्यूब शॉर्ट्स को लेकर कहा कि यूजर्स अब 60 सेकेंड तक के वीडियो बना सकेंगे और कॉपीराइट फ्री लाखों म्यूजिक का इस्तेमाल कर सकेंगे। गूगल ने इस इवेंट में गूगल क्लासरूम को लेकर भी कई एलान किए और Google Career Certificate की भी घोषणा की गई। आइए जानते हैं इस इवेंट के प्रमुख एलान के बारे में...
इस मौके पर बोलते हुए, गूगल इंडिया के कंट्री हेड और वाइस प्रेसिडेंट संजय गुप्ता ने कहा, “हर व्यक्ति, कारोबार और संस्थान के लिए, COVID-19 के बीच भारत में डिजिटल व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तरों तक अपनाने के लिए प्रेरित किया है। डिजिटाईजेशन के मूलभूत ड्राइवर्स को लागू कर दिए जाने के बाद, और लाखों लोगों द्वारा ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ उठाए जाने के कारण भारत के एक वास्तविक अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य अब शीघ्र ही प्राप्त करना संभव नजर आ रहा है। पिछले वर्ष हमने 10 बिलियन डॉलर Google for India डिजिटाईजेशन फंड को लॉन्च किया था। आज की घोषणाओं का उद्देश्य और अधिक फासलों को दूर करना और भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था के इन्क्लूसिव आधार को और अधिक विस्तारित करना है ताकि इस महत्वपूर्ण परिवर्तन के लाभ सभी तक पहुंच सकें।”
Google For India 2021: गूगल पे के लिए एलान
Google Pay के जरिए सालाना तौर पर 15 बिलियन (1,500 करोड़) ट्रांजेक्शन हो रहे हैं। गूगल पे में अब एक स्पलिट फीचर आने वाला है जिसकी मदद से आप अपने खर्च को ग्रुप में बांट सकेंगे। 2022 से गूगल पे में हिंग्लिश का भी सपोर्ट मिलेगा। इसके अलावा अगले साल से गूगल पे में पैसे भेजने के लिए अकाउंट नंबर टाइप करने की जरूरत नहीं होगी। टाइप की जगह आप बोलकर अकाउंट नंबर एड कर सकेंगे। Google Pay हिंदी और अंग्रेजी दोनों में आपकी बात समझेगा। इसके अलावा गूगल पे में अब My Shop फीचर भी मिलेगा जिसकी मदद दुकान वाले अपनी दुकान की लिस्टिंग कर सकेंगे।

Google For India 2021: डिजिटल सर्टिफिकेट
गूगल इंडिया ने डिजिटल सर्टिफिकेट कोर्स का एलान किया है। गूगल के डिजिटल सर्टिफिकेठ की फीस 6,000 रुपये से लेकर 8,000 रुपये के बीच है। गूगल ने इस सर्टिफिकेट के लिए NASSCOM Foundation और Tech Mahindra के साथ साझेदारी की है और स्कॉलरशिप प्रोग्राम का भी एलान किया है।
Google For India 2021: गूगल असिस्टेंट
गूगल ने कहा है कि जल्द ही यूजर्स गूगल असिस्टेंट का इस्तेमाल Covid-19 वैक्सीनेशन प्रोग्राम के लिए कर सकेंगे। गूगल असिस्टेंट के जरिए अब स्लॉट की उपलब्धता का पता लगाया जा सकता है। गूगल असिस्टेंट आपके लिए वैक्सीन का रजिस्ट्रेशन कर सकेगा।