Google Chrome: गूगल क्रोम में मिलेगा माइक्रोसॉफ्ट एज का यह कमाल फीचर, पढ़ने के साथ सुन भी सकेंगे आर्टिकल
यूजर्स अपनी मर्जी से पढ़ने की स्पीड को भी कंट्रोल कर सकेंगे। यूजर्स को आवाज चुनने का विकल्प भी मिलेगा। इस फीचर को फिलहाल टेस्ट किया जा रहा है।

विस्तार
गूगल अपने डेस्कटॉप यूजर्स को नई सुविधा देने के लिए माइक्रोसॉफ्ट एज के फीचर को कॉपी करने जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, गूगल क्रोम यूजर्स के लिए एक नया 'रीड अलाउड' फीचर पेश करने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स को आर्टिकल पढ़ने के साथ सुनने की सुविधा भी मिलेगी। सिर्फ इतना ही नहीं यूजर्स अपनी मर्जी से पढ़ने की स्पीड को भी कंट्रोल कर सकेंगे। यूजर्स को आवाज चुनने का विकल्प भी मिलेगा। इस फीचर को फिलहाल टेस्ट किया जा रहा है।
रीड अलाउड फीचर
रिपोर्ट के अनुसार रीड अलाउट फीचर में एक विचारशील यूजर्स इंटरफेस डिजाइन एलिमेंट शामिल है। फीचर में जैसे ही आर्टिकल सुनाया जाता है, वर्तमान में बोले गए वाक्य को हाइलाइट किया जाता है, जबकि पहले पढ़े गए भाग धीरे-धीरे फीके पड़ जाते हैं। यह डिजाइन यूजर्स के लिए अपनी पढ़ने की स्पीड को ट्रैक करना आसान बनाता है।
इसके अलावा, जिन यूजर्स को यह हाइलाइटिंग इफेक्ट ध्यान भटकाने वाला लग रहा हो तो वह इसे बंद भी कर सकते हैं। इस हाइलाइटिंग को बंद करने के लिए क्रोम में एक बटन शामिल किया गया है। सिर्फ इतना ही नहीं गूगल, क्रोम यूजर्स के लिए विजुअल अपील में भी सुधार कर रहा है।