Adobe: 1 साल के लिए गूगल क्रोम पर फ्री में मिलेगा एडोब फोटोशॉप का सब्सक्रिप्शन, यूजर्स ऐसे उठा सकते हैं फायदा

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Thu, 27 Nov 2025 06:41 PM IST
सार

गूगल क्रोम अब यूजर्स को एडोब फोटोशॉप का वेब सब्सक्रिप्शन 12 महीनों के लिए मुफ्त में दे रहा है। एडोब का नया फोटोशॉप एक्सटेंशन सीधे ब्राउजर में बैकग्राउंड रिमूवल और इमेज एडजस्टमेंट जैसे एडिटिंग फीचर्स प्रदान करता है। यह ऑफर 8 दिसंबर 2025 तक मान्य है।

Google Chrome is giving free 12 month access to Adobe Photoshop web
गूगल क्रोम पर अब यूजर्स को एडोब फोटोशॉप का फ्री सब्सक्रिप्शन मिलेगा - फोटो : Amar Ujala

    विस्तार

    गूगल क्रोम अब यूजर्स को एडोब फोटोशॉप का वेब सब्सक्रिप्शन 12 महीनों के लिए मुफ्त में दे रहा है। एडोब का नया फोटोशॉप एक्सटेंशन सीधे ब्राउजर में बैकग्राउंड रिमूवल और इमेज एडजस्टमेंट जैसे एडिटिंग फीचर्स प्रदान करता है। यह ऑफर 8 दिसंबर 2025 तक मान्य है। एडोब का कहना है कि यह फीचर खासतौर पर क्रिएटर्स, डिजाइनर्स, मार्केटर्स और उन यूजर्स के लिए फायदेमंद है, जिन्हें तेजी से और आसानी से इमेज एडिट करनी होती है।

    कैसे मिलेगा 12 महीने के लिए फोटोशॉप वेब का फ्री सब्सक्रिप्शन?

    फ्री सब्सक्रिप्शन के लिए आपको गूगल क्रोम ब्राउजर खोलना होगा और क्रोम एक्सटेंशन स्टोर में जाकर फोटोशॉप एक्सटेंशन डाउनलोड करना होगा। आप सीधे एक्सटेंशन पेज पर जाने के लिए दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं। अब 'एड टू क्रोम' पर क्लिक करें। थोड़ी ही देर में फोटोशॉप आपके एक्सटेंशन लाइब्रेरी में जुड़ जाएगा। एडोब अकाउंट से साइन-इन करें। इसके बाद आपके अकाउंट में फोटोशॉप वेब का 12 महीने का मुफ्त सब्सक्रिप्शन अपने आप एक्टिव हो जाएगा। यह ध्यान रखें कि यह ऑफर 8 दिसंबर 2025 तक के लिए ही उपलब्ध है।

    फोटोशॉप वेब एक्सटेंशन में क्या फीचर्स मिलेंगे?

    इसमें आपको बैकग्राउंड रिमूवल का विकल्प मिलेगा जिससे सिर्फ एक क्लिक में इमेज का बैकग्राउंड हटाया जा सकता है। साथ ही कलर एडजस्टमेंट भी मिल जाएगा जिससे ब्राइटनेस, कॉन्ट्रास्ट, सैचुरेशन सहित कई सेटिंग्स आसानी से एडजस्ट की जा सकती हैं। प्रिसेट क्रॉपिंग फीचर से इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब थंबनेल जैसे प्रीसेट साइज में इमेज क्रॉप करने का विकल्प मिल जाएगा। डायरेक्ट एक्सपोर्ट के जरिए एडिट की गई इमेज को सीधे अपने डिवाइस पर डाउनलोड किया जा सकता है। क्लिक-टू-सेव फीचर से यूजर्स किसी भी ऑनलाइन इमेज को राइट-क्लिक करके या एक्सटेंशन मेन्यू में फोटोशॉप बैज चुनकर सीधे फोटोशॉप में कलेक्ट कर सकते हैं। इससे इमेज को अलग से डाउनलोड और अपलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती। एडोब का कहना है कि जल्द ही इस एक्सटेंशन में नए टूल्स और सुधार जोड़े जाएंगे, जिससे ब्राउजर में ही और तेज एडिटिंग संभव हो सकेगी।

    एआई फीचर को लेकर नया अपडेट

    एडोब और क्रोम की यह घोषणा उस वक्त सामने आई है जब कंपनी ने पुष्टि की है कि फोटोशॉप जल्द ही गूगल के नए नैनो बनाना प्रो मॉडल को सपोर्ट करेगा। इसके बाद यूजर्स जेनेरेटिव फिल फीचर के लिए इस एआई मॉडल को चुन सकेंगे। यह फीचर टेक्स्ट प्रॉम्प्ट के जरिए इमेज में किसी भी ऑब्जेक्ट को जोड़ने, हटाने या बदलने की सुविधा देता है। हालांकि, एडोब ने अभी यह साफ नहीं किया है कि फोटोशॉप वेब एक्सटेंशन में जेनेरेटिव फिल मिलेगा या यह फीचर वेब वर्जन में कब उपलब्ध होगा। कुल मिलाकर, क्रोम का यह ऑफर उन यूजर्स के लिए बड़ा मौका है जो बिना किसी अतिरिक्त सॉफ्टवेयर इंस्टॉल किए प्रोफेशनल एडिटिंग करना चाहते हैं।