Sundar Pichai: गूगल CEO पिचाई ने विदेश मंत्री जयशंकर से की मुलाकात, भारत में डिजिटल क्रांति पर हुई चर्चा

विशाल मैथिल
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीविशाल मैथिल
Tue, 20 Dec 2022 02:00 PM IST
सार

सुंदर पिचाई ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। पिचाई ने ट्विटर खुशी जाहिर करते हुए कहा था कि आपके नेतृत्व में तकनीकी परिवर्तन की तीव्र गति को देखकर प्रेरणा मिलती है।

Google CEO Sundar Pichai meets EAM S Jaishankar discusses about India digital transformation
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर - फोटो : सोशल मीडिया

    विस्तार

    गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने आज 20 दिसंबर को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात की। दोनों के बीच भारत के डिजिटल परिवर्तन और वैश्विक रणनीतिक विकास पर चर्चा की गई। बता दें कि सुंदर पिचाई ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। पिचाई ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी और खुशी जाहिर करते हुए कहा था कि आपके नेतृत्व में तकनीकी परिवर्तन की तीव्र गति को देखकर प्रेरणा मिलती है।

    विदेश मंत्री ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई से मुलाकात के बात कहा, "आज दोपहर गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई से मिलकर अच्छा लगा। भारत के डिजिटल परिवर्तन और वैश्विक रणनीतिक विकास पर चर्चा की।" बता दें कि गूगल सीईओ भारत में गूगल का सबसे बड़ा इवेंट गूगल फॉर इंडिया के 8वें एडिशन के लिए भारत आए हैं। यह इवेंट 19 दिसंबर को दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित किया गया। इस इवेंट में सूचना एवं तकनीक मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल हुए थे।

    मोदी से मुलाकात के बाद ट्विटर पर की खुशी जाहिर

    गूगल फॉर इंडिया इवेंट के बाद सुंदर पिचाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और ट्विटर पर लिखा, " आज की शानदार मुलाकात के लिए धन्यवाद पीएम नरेंद्र मोदी। आपके नेतृत्व में तकनीकी परिवर्तन की तीव्र गति को देखकर प्रेरणा मिलती है। हमारी मजबूत साझेदारी को जारी रखने और सभी के लिए काम करने वाले एक खुले, कनेक्टेड इंटरनेट को आगे बढ़ाने के लिए भारत की G20 अध्यक्षता का समर्थन करने के लिए हम तत्पर हैं।"

    भारत होगा बड़ी निर्यात अर्थव्यवस्था

    सुंदर पिचाई ने सोमवार को भारत को एक बड़ी निर्यात अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि गूगल 100 से अधिक भारतीय भाषाओं के लिए एक इंटरनेट सर्च मॉडल विकसित कर रही है। यहां के महिलाओं के नेतृत्व वाली स्टार्टअप कंपनियों को 7.5 करोड़ डॉलर की मदद देगी। गूगल भारत से कारोबार कर रहे स्टार्टअप पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इन नई कंपनियों के लिए चिह्नित 30 करोड़ डॉलर में से एक-चौथाई राशि महिलाओं की अगुवाई वाले स्टार्टअप में निवेश की जाएगी।