पूरे विश्व में गूगल के कर्मचारी जून 2021 तक करेंगे ‘घर से काम’, सीईओ ने किया ईमेल

कोरोना संक्रमण के लगातार हो रहे प्रसार के कारण गूगल ने भारत सहित दुनियाभर में अपने कर्मचारियों को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने की व्यवस्था को अगले साल जून तक जारी रखने का फैसला किया है। गूगल और उसकी मातृ कंपनी अल्फाबेट इंक के दुनियाभर में नियमित और संविदा के दो लाख से ज्यादा कर्मचारी हैं। इसमें भारत के करीब 5,000 कर्मचारी भी शामिल हैं।
गूगल के प्रमुख सुंदर पिचाई ने सभी कर्मचारियों को जारी ईमेल में कहा है, कर्मचारियों को आगे की योजना तैयार करने का मौका देते हुए हम पूरी दुनिया में अपने कर्मचारियों को घर से काम करने का विकल्प 30 जून, 2021 तक बढ़ा रहे हैं। तब तक उन्हें कार्यालय आने की जरूरत नहीं है।
गौरतलब है कि भारत गूगल का प्रमुख बाजार है और उसकी अधिकांश मौजूदगी हैदराबाद और बंगलूरू में है। पिचाई ने हाल ही में भारत में 75,000 करोड़ रुपये निवेश की योजना लॉन्च की थी, जिसके तहत अगले सात सालों में भरतीय अर्थव्यवस्था को डिजिटल बनाने की योजना है।