Google: गूगल डूडल ने मनाया इडली डे, जानिए इस साउथ इंडियन डिश की दिलचस्प कहानी
गूगल ने अपने नए डूडल के जरिए साउथ इंडियन डिश 'इडली' को सम्मान दिया है। इस खास डूडल में इडली और चटनी के रंगों से 'गूगल' लिखा गया है। जानिए कब और कहां से हुई इडली की शुरुआत और क्यों है यह भारत के सबसे प्रिय व्यंजनों में से एक।

विस्तार
गूगल हमेशा ही कुछ नए प्रयोगों और क्रिएटिविटी के साथ अपने डूडल पेश करता है। आज भी अगर आपने गूगल का होमपेज खोला होगा तो आपको एक स्वादिष्ट सरप्राइज जरूर देखने को मिला होगा। ये सरप्राइज था इडली थीम वाला गूगल डूडल जो भारत के सबसे पसंदीदा दक्षिण भारतीय व्यंजनों में से एक है। इडली को आज गूगल ने अपने डूडल के जरिए समर्पित किया है। गूगल ने डूडल पर लिखा- "सेलेब्रेटिंग इडली: आज का डूडल इडली को समर्पित है-एक नमकीन, स्टीम्ड साउथ इंडियन डिश जो चावल और उड़द दाल के खमीरयुक्त घोल से बनाई जाती है।"
डिकोडिंग गूगल डूडल
आज के डूडल में "गूगल" के हर अक्षर को इडली के इंग्रेडिएंट्स से सजाया गया है।
पहला "G" चावल के दानों जैसा दिखता है जो इडली का मुख्य घटक है।पहला "O" एक कटोरे में रखी सफेद सामग्री को दिखाता है।दूसरा "O" पारंपरिक इडली मेकर में भरे घोल को दिखाता है।अगला "G" कई इडलियों से बना है।"L" को चटनी के रंगों से तैयार किया गया है।आखिरी "E" किसी साइड डिश से बना दिखता है।
पूरा सेटअप एक केले के पत्ते पर रखा गया है जैसा कि दक्षिण भारत में परोसने की परंपरा है। गूगल ने बताया कि यह डूडल उसके "फूड एंड ड्रिंक" थीम का हिस्सा है और इसे विशेष रूप से 11 अक्टूबर 2025 को भारत के लिए लॉन्च किया गया है।
क्या इडली भारत की देन है या कहीं और की?
अक्सर लोग मानते हैं कि इडली भारत की देन है लेकिन फूड हिस्टोरियंस के मुताबिक इसकी जड़ें विदेशों में भी हो सकती हैं। फूड एक्सपर्ट के.टी. आचाया के हवाले से पत्रकार वीर सांघवी ने अपनी 2018 की रिपोर्ट में लिखा था कि इडली का कॉन्सेप्ट मध्यकालीन इंडोनेशिया से आया हो सकता है। थ्योरी के अनुसार उस दौर में भारत से इंडोनेशिया जाने वाले भारतीय रसोइयों ने वहां से यह डिश सीखी और बाद में इसे भारत में लोकप्रिय बना दिया। दूसरी थ्योरी यह कहती है कि इडली की उत्पत्ति अरब देशों से हुई। अरब व्यापारी जो दक्षिण भारत में बसे थे वे चावल के केक बनाते थे जो समय के साथ इडली कहलाने लगे।
भारत में इडली की खास जगह
आज इडली सिर्फ एक व्यंजन नहीं बल्कि भारत की खाद्य संस्कृति का प्रतीक बन चुकी है। यह नाश्ते का एक हेल्दी, हल्का और स्वादिष्ट विकल्प है जिसे सांभर, नारियल चटनी या टमाटर की चटनी के साथ खाया जाता है। दक्षिण भारत से निकलकर इडली अब पूरे देश और दुनिया के लोगों की थाली तक पहुंच चुकी है। आज गूगल का यह डूडल सिर्फ एक डिश को नहीं बल्कि भारतीय परंपरा और स्वाद की विविधता को भी सलाम करता है।