Google Conference: जीमेल पर जवाब देगा AI, हिंदी-फारसी में बात होगी आसान; गूगल मीट में लाइव ट्रांसलेशन सपोर्ट..
गूगल डेवलपर कॉन्फ्रेंस-2025 में कई अहम सूचनाएं सामने आई हैं। अब गूगल की ई-मेल सेवा यानी जीमेल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का टूल जवाब देगा। गूगल मीट में लाइव ट्रांसलेशन सपोर्ट आएगा। गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने बताया कि गूगल के एआई जेमिनी का सबसे ज्यादा इस्तेमाल अमेरिका और भारत में हो रहा है। आने वाले दिनों में हिंदी और फारसी भाषाओं में बात करने में आसानी होगी।जानिए गूगल ने कैलिफोर्निया में हुए इस आयोजन में और कौन सी नई जानकारियां दीं...

विस्तार
गूगल ने कैलिफोर्निया के शोरलाइन एम्फीथिएटर में सबसे बड़े डेवलपर कॉन्फ्रेंस 'गूगल आईओ-2025' में अपने प्रोडक्ट से जुड़े अपडेट पेश किए। इसमें सबसे प्रमुख सर्च इंजन गूगल में एआई मोड को पेश किया गया है। इसके तहत अब यूजर्स एआई के जरिये जीमेल में जवाब दे सकेंगे। यह सर्विस अमेरिकी यूजर्स के लिए मंगलवार से ही उपलब्ध हो गई है। अन्य देशों के यूजर्स लिए यह सेवाएं जल्द शुरू की जाएंगी।
क्या है गूगल डेवलपर कॉन्फ्रेंस
गूगल डेवलपर कॉन्फ्रेंस जिसे गूगल आईओ भी कहा जाता है, हर साल मई-जून में आयोजित होती है। इस इवेंट के जरिए गूगल अपने सॉफ्टवेयर अपडेट्स के बारे में दुनिया की बताती है। हर साल नए एंड्रॉयड को इस इवेंट में पेश किया जाता है। इस बार एंड्रॉयड 16 की बारी है।
कॉन्फ्रेंस की शुरुआत गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने अपने वक्तव्य से किया। उन्होंने कहा कि एआई जेमिनी का सबसे ज्यादा इस्तेमाल अमेरिका और भारत में ही हो रहा है। यह दोनों उनके लिए सबसे बड़े मार्केट हैं, जहां इसके इस्तेमाल में 10 गुना की तेजी देखी गई है। उन्होंने गूगल के एआई जेमिनी से जुड़े कुछ अहम सेवाओं के बारे में घोषणा भी की। जैसे, एआई मोड की मदद से आने वाले वक्त में लोग शॉपिंग भी आसानी से कर पाएंगे। अपने स्मार्टफोन की मदद से वह जांच सकेंगे कि कोई ड्रेस उन पर कैसे लगती है। उसके बाद कीमत की ट्रैकिंग शुरू हो जाएगी। जिस वेबसाइट पर सबसे कम कीमत होंगी उसका नोटिफिकेशन आ जाएगा और व्यक्ति अपनी खरीददारी पूरी कर लेगा।
इसके अलावा गूगल ने 'गूगल बीम' को पेश किया है। यह वीडियो कम्युनिकेशन डिवाइस है, जिसे एचपी के साथ मिलकर मार्केट में लाया जाएगा। यही नहीं गूगल मीट में लाइव ट्रांसलेशन सपोर्ट को भी पेश किया गया है। सबसे पहले यह अंग्रेजी और स्पैनिश भाषा को सपोर्ट करेगा बाद में यह सेवाएं अन्य भाषा में भी उपलब्ध होगी। कंपनी ने वीडियो जनरेशन प्लेटफॉम 'वीओ' का लेटेस्ट वर्जन वीओ-3 पेश कर दिया। यह नेटिव साउंड सपोर्ट के साथ आएगा, जिसकी मदद से कोई भी वीडियो बनाना काफी आसान हो जाएगा।