AI Ranking: ग्लोबल एआई रैंकिंग में अमेरिका पहले और भारत छठे नंबर पर, ग्लोबल रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Global AI Ranking:
भारत में 16-20 फरवरी को दिल्ली में हुए दुनिया के सबसे बड़े एआई आयोजन 'एआई इंपैक्ट समिट 2026' के बाद एक दिलचस्प रिपोर्ट सामने आई है। ये रिपोर्ट एआई की रैंकिंग के बारे में है। essayhumaniser.io के जरिए प्रकाशित इस रिपोर्ट में 100 से ज्यादा देशों का मूल्यांकन किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अमेरिका पहले स्थान पर है जबकि भारत छठे स्थान पर रहा है।

विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती तकनीकों में से एक है। हर देश इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है क्योंकि एआई का इस्तेमाल अब उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जिंदगी में तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच जारी ग्लोबल एआई ब्रेन रेस रिपोर्ट 2026 में बताया गया है कि एआई के मामले में कौन-सा देश कितना आगे है। इस रिपोर्ट में अमेरिका पहले स्थान पर है जबकि भारत छठे स्थान पर रहा है। essayhumaniser.io के जरिए प्रकाशित इस रिपोर्ट में 100 से ज्यादा देशों का मूल्यांकन किया गया। इसमें एआई रिसर्च, इंफ्रास्ट्रक्चर, टैलेंट, शिक्षा, सरकारी नीतियां और अर्थव्यवस्था में एआई के उपयोग जैसे कई महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया।
एआई रेस में अमेरिका सबसे आगे
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका 100 में से 82 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। अमेरिका की सबसे बड़ी ताकत उसकी मजबूत रिसर्च, बेहतर तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई का बड़े स्तर पर उपयोग है। वहां एआई को उद्योग और बिजनेस में तेजी से अपनाया जा रहा है जिससे देश को बढ़त मिल रही है।
चीन दूसरे और सिंगापुर तीसरे स्थान पर
चीन 59 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। चीन में एआई की पढ़ाई और रिसर्च बड़े स्तर पर हो रही है। वहां 107 टॉप एआई यूनिवर्सिटीज हैं जो बड़ी संख्या में विशेषज्ञ तैयार कर रही हैं। सिंगापुर 37 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। वहां एआई यूनिवर्सिटी कम हैं लेकिन उनकी गुणवत्ता बहुत अच्छी है। साथ ही वहां का टैलेंट और शिक्षा स्तर भी काफी मजबूत है।
दक्षिण कोरिया चौथे और यूके पांचवें स्थान पर रहा
इस सूची में दक्षिण कोरिया चौथे और यूनाइटेड किंगडम (यूके) पांचवें स्थान पर हैं। इन देशों ने भी एआई तकनीक और रिसर्च में अच्छी प्रगति की है।
भारत छठे स्थान पर रहा
भारत इस रिपोर्ट में छठे स्थान पर है और उसे 32 अंक मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका टैलेंट है। देश में बड़ी संख्या में कुशल इंजीनियर और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद हैं। हालांकि भारत अभी इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी नीतियों के मामले में पीछे है। इन क्षेत्रों में सुधार होने पर भारत एआई की दौड़ में और आगे जा सकता है।
क्या कहती है रिपोर्ट
रिपोर्ट के अनुसार, जो देश एआई रिसर्च, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और नीतियों को एक साथ मजबूत करते हैं, वही एआई में आगे निकलते हैं। सिर्फ टैलेंट या रिसर्च काफी नहीं है बल्कि एक मजबूत पूरा सिस्टम होना जरूरी है।
भारत के लिए मौका
भारत के पास बड़ी युवा आबादी और अच्छा तकनीकी टैलेंट है। अगर देश एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और रिसर्च पर ज्यादा निवेश करता है तो भविष्य में भारत एआई के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। एआई आने वाले समय में तकनीक, नौकरी और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने वाला है। इसलिए इस क्षेत्र में आगे रहना हर देश के लिए जरूरी हो गया है।