एक अरब के पार पहुंची जेमिनी यूजर्स की संख्या: सबसे ज्यादा इन कामों में हो रहा इस्तेमाल; डेटा देख चौंक जाएंगे

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Wed, 12 Aug 2026 12:39 PM IST
सार

Google Gemini 1 billion users:

गूगल जेमिनी ने एआई की दुनिया में एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। गूगल के सीईओ ने बताया कि एप ने एक अरब मासिक सक्रिया यूजर्स का आंकड़ा पार कर चुका है। तो क्या यह चैटजीपीटी और कड़ी टक्कर देने वाला है? आइए जानते हैं इस रिपोर्ट में।

Gemini Hits 1 Billion Monthly Users, Google Fastest-Growing Product
गूगल जेमिनी के मंथली एक्टिव यूजर्स की संख्या - फोटो : amarujala.com

    विस्तार

    Gemini monthly active users:

    गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने बताया कि जेमिनी एप एक अबर मासिक सक्रिय यूजर्स का आंकड़ा पार कर चुका है। इनके अुनसार, जेमिनी गूगल का अब तक का सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्रोडक्ट रहा है और इसी के साथ यह कंपनी का 14वां ऐसा प्रोडक्ट बन गया है, जिसने एक अरब का आंकड़ा पार किया। पिचाई ने X पर पोस्ट के जरिए Gemini यूजर्स और पूरी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने Google के वाइस प्रेसिडेंट जोश वुडवर्ड और Gemini टीम को बधाई देते हुए कहा कि अभी बहुत कुछ और आने वाला है।

    एक अरब से ज्यादा लोग कर रहे जेमिनी का इस्तेमाल

    अब हर महीने एक अरब से ज्यादा लोग जेमिनी का इस्तेमाल नए आइडिया तैयार करने और अपना काम पूरा करने के लिए कर रहे हैं। सुंदर पिचाई ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि'1B+ लोग अब हर महीने @Geminiapp का इस्तेमाल नए आइडियाज और काम पूरे करने के लिए कर रहे हैं। यह हमारा अब तक का सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्रोडक्ट है, और 1B-यूजर मार्क हासिल करने वाला हमारा 14वां प्रोडक्ट है। @JoshWoodward और पूरी जेमिनी टीम को बधाई, और उन सभी का धन्यवाद जो इस सफर में हमारे साथ रहे...'

    लोग जेमिनी का इस्तेमाल कैसे कर रहे हैं?

    गूगल के ब्लॉग में जेमिनी के इस्तेमाल से जुड़े कई दिलचस्प ट्रेंड सामने आए हैं। इनमें सबसे खास बदलाव वॉइस इंटरैक्शन को लेकर है।

    63% यूजर्स अब टाइप करने के बजाय बोल रहे

    • गूगल के अनुसार अब 63 प्रतिशत यूजर्स जो हैं, वह अब टाइप करने की बजाय सीधे जेमिनी से बात करते हैं। खास तौर पर व्यस्त माता-पिता Gemini के वॉइस फीचर्स का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वे रोजमर्रा के कामों के लिए वॉइस फीचर का इस्तेमाल 43% ज्यादा करते हैं।
    • इससे संकेत मिलता है कि जेमिनी का इस्तेमाल अब सिर्फ टेक्स्ट सवाल पूछने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोग इसे ज्यादा प्राकृतिक तरीके से बातचीत और रोजमर्रा के कामों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।

    जेमिनी लाइव में वॉइस, कैमरा और स्क्रीन शेयरिंग का इस्तेमाल

    • इसी के साथ जेमिनी लाइव में भी यूजर्स का व्यवहार तेजी से बदल रहा है। गूगल का कहना है कि जेमिनी लाइव के लगभग हर पांच इंटरैक्शन में से एक बातचीत सिर्फ वॉइस के जरिए आगे बढ़ती है।
    • यूजर्स रियल-टाइम मदद के लिए लाइव कैमरा फीड और स्क्रीन शेयरिंग का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह फीचर खासतौर पर छात्रों और DIY उत्साही लोगों के बीच पसंदीदा बताया गया है।
    • यानी यूजर सिर्फ सवाल लिखकर जवाब लेने के बजाय जेमिनी को अपने आसपास की चीजें दिखाकर या अपनी स्क्रीन शेयर करके मदद ले रहे हैं।

    छात्रों के बीच भी बढ़ी जेमिनी की पहुंच

    • इसी के साथ गूगल ने आंकड़ों को भी शेयर किया है। इसके मुताबिक छात्रों में 38% स्कूल-संबंधित अनुरोधों में फाइल या डॉक्यूमेंट अटैचमेंट शामिल होते हैं।
    • इसका मतलब है कि छात्र जेमिनी का इस्तेमाल सिर्फ सामान्य सवालों के जवाब पाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी पढ़ाई से जुड़े दस्तावेजों और फाइलों के साथ काम करने के लिए भी कर रहे हैं।

    हर दिन 15 करोड़ से ज्यादा इमेज जनरेट कर रहा जेमिनी

    • जेमिनी का इस्तेमाल क्रिएटिव कामों के लिए भी तेजी से बढ़ रहा है। गूगल के अनुसार जेमिनी अब हर दिन 15 करोड़ से ज्यादा इमेज जनरेट करता है।
    • यूजर्स एक ही प्लेटफॉर्म पर इमेज, वीडियो और ऑडियो कंटेंट बनाने में सक्षम हैं। छोटे कारोबारी भी इन क्रिएटिव टूल्स का इस्तेमाल मार्केटिंग मटेरियल तैयार करने के लिए कर रहे हैं।
    • इससे साफ है कि जेमिनी की भूमिका सिर्फ AI चैटबॉट तक सीमित नहीं रह गई है।
    • इसी के साथ जेमिनी को गूगल स्मार्टफोन के रोजमर्रा के कामों में भी ज्यादा उपयोगी बनाने पर जोर दे रहा है। एंड्रॉयड पर जेमिनी 40 से ज्यादा लोकप्रिय ऐप्स में टास्क ऑटोमेट कर सकता है।
    • इनमें राइड बुक करना और रेस्तरां रिजर्वेशन जैसे काम शामिल हैं। यानी यूजर सिर्फ जानकारी हासिल करने के बजाय Gemini के जरिए कुछ काम भी करवा सकता है।

    iPhone और Mac पर भी बढ़ रही पहुंच

    • खास बात है कि यह सिफ एंड्रॉयड तक ही सीमित नहीं है। गूगल का कहना है आईओएस पर भी दस करोड़ से ज्यादा यूजर्स सक्रिया हैं।
    • वहीं macOS यूजर्स अन्य प्लेटफॉर्म्स की तुलना में लगभग दोगुना बार जेमिनी से इंटरैक्ट करते हैं। इससे संकेत मिलता है कि Google का AI प्लेटफॉर्म Apple के इकोसिस्टम में भी अपनी जगह मजबूत कर रहा है।

    Gemini, ChatGPT और Claude में मुकाबला

    • जेमिनी की एक अरब मासिक सक्रिय यूजर्स की उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब AI चैटबॉट बाजार में गूगल, ओपनएआई और एंथ्रोपिक के बीच प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है।
    • ओपनएआई के चैटजीपीटी की बात करें तो 2026 में यह एक अरब मासिक सक्रिय एप यूजर्स का आंकड़ा पार कर चुका है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक चैटजीपीटी ने मई 2026 में यह माइलस्टोन हासिल किया और सेंसर टावर के अनुमान के अनुसार यह इस स्तर तक पहुंचने वाला सबसे तेज ऐप था।
    • वहीं एंथ्रोपिक का क्लाउड यूजर संख्या के मामले में जेमिनी और चैटजीपीटी से पीछे है, लेकिन उसकी ग्रोथ तेज बनी हुई है। रॉयटर्स के अनुसार 2026 की दूसरी तिमाही में क्लाउड के 5.6 करोड़ वैश्विक मासिक सक्रिय एप यूजर्स थे और सालाना आधार पर इसकी MAU ग्रोथ करीब 640% रही। जिसके बाद से अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह दिन दूर नहीं, जब क्लाउड इन दोनों को पछाड़कर आगे निकल सकता है।

    गूगल के लिए क्यों अहम है यह उपलब्धि?

    • जेमिनी का 1 अरब यूजर्स तक पहुंचना गूगल की AI रणनीति के लिए बड़ा संकेत है। कंपनी AI को अपने अलग-अलग प्रोडक्ट्स और सेवाओं में जोड़ रही है, जिससे जेमिनी का इस्तेमाल सिर्फ एक चैट एप तक सीमित नहीं रहता।
    • गूगल पहले ही जेमिनी को एंड्रॉयड और वर्कस्पेस जैसे अपने बड़े प्लेटफॉर्म्स के साथ जोड़ चुका है। कंपनी की हालिया कमाई संबंधी जानकारी में भी जेमिनी एप से जुड़ी उपभोक्ता AI योजनाओं को मजबूत गति मिलने की बात कही गई थी।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें