Google Gemini: गूगल जेमिनी में आया नया इमेज वेरिफिकेशन फीचर, आसानी से पता चलेगा फोटो असली है या एआई से बनी

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Sat, 22 Nov 2025 05:41 PM IST
सार

आजकल एआई से इतनी नकली फोटो बनाई जा रही हैं कि हर एक तस्वीर पर शक होने लगा है। किसी भी तस्वीर को देख कर मन में एक ही सवाल आता है- ये असली है या एआई से बनाई गई है? इसी भ्रम को दूर करने के अब जेमिनी एप में इन-बिल्ट इमेज वेरिफिकेशन टूल आ गया है।

Gemini can now tell if an image is AI generated
गूगल जेमिनी लेकर आया इमेज वेरिफिकेशन फीचर (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : Google Gemini

    विस्तार

    आजकल एआई से इतनी नकली फोटो बनाई जा रही हैं कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर एक तस्वीर पर शक होने लगा है। किसी भी तस्वीर को देख कर मन में एक ही सवाल आता है- ये असली है या एआई से बनाई गई है? इसी भ्रम को दूर करने के लिए गूगल ने अपने जेमिनी एप में नया फीचर जोड़ दिया है।

    जेमिनी में नया इमेज वेरिफिकेशन फीचर

    गूगल के मुताबिक अब जेमिनी एप में इन-बिल्ट इमेज वेरिफिकेशन टूल आ गया है। ये टूल यह जांच सकता है कि कोई तस्वीर गूगल के एआई टूल्स से बनाई या एडिट की गई है या नहीं। इसे कंपनी ने अपने नए जेमिनी 3-पावर्ड नैनो बनाना प्रो मॉडल के साथ पेश किया है। कंपनी का उद्देश्य साफ है कि एआई से बनी चीजों को लेकर यूजर्स को ज्यादा से ज्यादा पारदर्शिता देना।

    SynthID क्या है और कैसे काम करता है?

    यह सिस्टम SynthID नाम की डिजिटल वॉटरमार्किंग टेक्नोलॉजी पर चलता है। जब कोई फोटो गूगल के एआई टूल्स से बनाई जाती है, तो SynthID उसके अंदर एक अदृश्य मार्क लगा देता है। ये मार्क फोटो की क्वालिटी या लुक को बिल्कुल नहीं बदलता। आम आंखों से ये मार्क दिखाई नहीं देता, लेकिन जेमिनी इसे स्कैन कर सकता है। इसी मार्क की मदद से जेमिनी बता देता है कि इमेज गूगल के एआई सिस्टम से बनी है या नहीं।

    इस फीचर की लिमिटेशन (सीमा) क्या है?

    इस फीचर की एक बड़ी कमी भी है: जेमिनी सिर्फ वही इमेज पहचान सकता है जो गूगल के एआई टूल्स से बनी या एडिट की गई हो। अगर फोटो किसी दूसरे प्लेटफॉर्म या किसी और कंपनी/डेवलपर के एआई मॉडल से बनाई गई है, तो जेमिनी उसकी पुष्टि नहीं कर पाएगा। फिर भी ये फीचर काफी बड़े स्तर पर काम आ सकता है। गूगल के मुताबिक, 2023 में SynthID लॉन्च होने के बाद से अब तक 20 अरब से ज्यादा एआई-जनरेटेड इमेज पर वॉटरमार्क लगाया जा चुका है। अब इन्हें जेमिनी एप से चेक किया जा सकेगा।

    यूजर्स ऐसे चेक कर पाएंगे इमेज एआई है या नहीं

    यूजर्स इस फीचर का इस्तेमाल बहुत आसान तरीके से कर सकते हैं। इसके लिए वो इमेज चुनें जिसे आप चेक करना चाहते हैं। वो सोशल मीडिया से, किसी चैट में मिली फोटो या आपके फोन/लैपटॉप में सेव्ड इमेज हो सकती है। इस इमेज को जेमिनी पर अपलोड करें। फिर ऐसे सवाल पूछें, "क्या यह गूगल एआई से बनाई गई इमेज है" या "क्या यह एआई-जनरेटेड इमेज है"। इसके बाद जेमिनी इमेज में SynthID वॉटरमार्क ढूंढता है और अपनी जांच के आधार पर साफ-साफ जवाब दे देता है।

    क्यों है यह फीचर जरूरी?

    गूगल का कहना है कि ये अपडेट ऐसे समय में लाया गया है जब एआई-जनरेटेड कंटेंट बहुत तेजी से बढ़ रहा है। भले ही यह टूल अभी हर प्लेटफॉर्म की एआई इमेज पकड़ने में सक्षम नहीं है, लेकिन कम से कम गूगल के अपने एआई सिस्टम से बनी तस्वीरों की सच्चाई जानने के लिए और ऑनलाइन कंटेंट पर भरोसा बढ़ाने के लिए ये एक जरूरी और उपयोगी कदम माना जा रहा है।