Fake website Scam: सरकारी नौकरी देने वाली यह वेबसाइट निकली फर्जी, सरकार ने जारी की चेतावनी

विशाल मैथिल
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीविशाल मैथिल
Fri, 01 Sep 2023 04:10 PM IST
Fake Website of Sarva Shiksha Abhiyan offering employment opportunities government issued Alert
Sarva Shiksha Abhiyan fake website

    ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर क्राइम के मामले अब लगातार बढ़ते जा रहे हैं। धोखेबाज, स्कैम करने के लिए नए-नए तरीके इजात कर रहे हैं। अब सर्व शिक्षा अभियान में सरकारी नौकरी के आवेदन कराने के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर स्कैम किया जा रहा है। इन फर्जी वेबसाइट को लेकर शिक्षा मंत्रालय ने अलर्ट जारी किया है। यह वेबसाइट सरकारी नौकरी के लिए आवेदन और आवेदन फीस जमा कराकर लोगों को गुमराह कर रही हैं।

    शिक्षा मंत्रालय के सर्व शिक्षा अभियान में भर्ती के लिए आवेदन कराने के नाम पर कई सारी फर्जी वेबसाइट चल रही हैं और लोगों को चूना लगाया जा रहा है। ये वेबसाइट, असली वेबसाइट की तरह लेआउट, कंटेंट और प्रेजेंटेशन के माध्यम से लोगों को गुमराह कर रही हैं। दरअसल, यह पहले तो वेबसाइट खुद सरकारी वेबसाइट होने का दावा करती हैं और फिर फर्जी सरकारी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करके लोगों को चूना लगा रही हैं। ये वेबसाइट भर्ती के लिए आवेदन फीस के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठ रही हैं।

    फर्जी वेबसाइटों के संबंध में अब शिक्षा मंत्रालय में स्पष्टीकरण जारी किया है। मंत्रालय ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि शिक्षा मंत्रालय की जानकारी में आया है कि सीधे-सादे आवेदकों को ठगने के लिए इस विभाग की योजनाओं के नाम जैसी कई वेबसाइट (www.sarvashiksha.online, https://samagra.shikshaabhiyan.co.in, https://shikshaabhiyan.org.in जैसी) बनाई गई हैं।

    ये वेबसाइट इच्छुक आवेदकों को रोजगार के अवसरों की पेशकश कर रही हैं और असली वेबसाइट की तरह वेबसाइट के लेआउट, कंटेंट और प्रेजेंटेशन के माध्यम से नौकरी के इच्छुक लोगों को गुमराह कर रही हैं। साथ ही आवेदन के लिए प्रतिक्रिया देने वालों से पैसे की मांग कर रही हैं। जहां स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के संज्ञान में इन वेबसाइटों के नाम आए हैं, वहीं ऐसी कई अन्य वेबसाइट/ सोशल मीडिया खाते हो सकते हैं जो नौकरी का विश्वास दिला रही हैं और नियुक्ति प्रक्रिया के लिए पैसे की मांग कर रही हैं।

    शिक्षा मंत्रालय में अपनी एडवाइजरी में लोगों को आगाह भी किया है। इस संबंध में आम जनता को ऐसी वेबसाइटों पर रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन से बचने की सलाह दी गई है। मंत्रालय ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि इसके लिए अभ्यर्थी को संबंधित विभाग की वेबसाइट पर जाकर/व्यक्तिगत पूछताछ/ टेलीफोन कॉल/ ई-मेल के माध्यम से अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति इन वेबसाइटों पर जाकर आवेदन करता है तो वह ऐसा अपने जोखिम और कीमत पर करेगा। इसके परिणामों के लिए वह खुद ही जिम्मेदार होगा।

    PIB Fact Check ने भी इन वेबसाइट को फर्जी बताया है। एजेंसी का कहना है कि http://samagrashiksha.org, वेबसाइट सर्व शिक्षा अभियान की आधिकारिक वेबसाइट होने का दावा कर रही है और रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है। जबकि यह वेबसाइट सरकार से संबंधित नहीं है और पूरी तरह से फर्जी है। एजेंसी के अनुसार, सर्व शिक्षा अभियान की आधिकारिक वेबसाइट https://samagra.education.gov.in है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें