Youtube Login: क्या स्मार्ट टीवी पर भी हो सकता है यूट्यूब लॉगिन? जानें इसका सबसे आसान तरीका
Youtube Login: यूट्यूब यूजर्स के लिए गूगल ने हाल ही नया अपडेट जारी किया है, जो फिलहाल एंड्रॉयड टीवी या गूगल टीवी पर ही काम करता है।

विस्तार
Youtube Login:
आज के दौर में हर कोई यूट्यूब का दीवाना है, क्योंकि यहां हर शख्स को उसकी पसंद के वीडियो बेहद आसानी से मिल जाते हैं। स्मार्टफोन पर यूट्यूब देखने वालों की तादाद को अरबों में है, लेकिन स्मार्ट टीवी पर यूट्यूब देखना पहले इतना आसान नहीं था। दरअसल, वहां यूट्यूब लॉगिन करने में दिक्कत होती थी, जिसके चलते यूजर्स को अपनी पसंद के वीडियो देखने के लिए बार-बार सर्च करना पड़ता था। यूट्यूब ने इस समस्या को दूर कर दिया है और अब यूजर्स स्मार्ट टीवी पर भी यूट्यूब लॉगिन कर सकते हैं। बता दें कि यूट्यूब ने नए अपडेट में लॉगिन का तरीका पेश किया, जिससे यूजर्स बेहद आसानी से अपने मोबाइल एप को स्मार्ट टीवी से लिंक कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए कुछ चीजों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।
गूगल ने हाल ही में जारी किया नया अपडेट
जानकारी के मुताबिक, यूट्यूब यूजर्स के लिए गूगल ने हाल ही नया अपडेट जारी किया है, जो फिलहाल एंड्रॉयड टीवी या गूगल टीवी पर ही काम करता है। दरअसल, यह अपडेट यूट्यूब एप के लिए जारी किया गया है, जिससे यूजर्स स्मार्ट टीवी पर यूट्यूब में लॉगिन कर सकेंगे। बता दें कि यहां यूजर्स यूट्यूब टीवी एप से आसानी से लिंक कर सकते हैं। अपडेट आने के बाद यूजर्स यूट्यूब टीवी पर अपने स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हुए लॉगिन कर सकेंगे और ऐसे में इस बात का ध्यान रखना होगा कि दोनों डिवाइस एक ही वाईफाई से जुड़े होने चाहिए। गौर करने वाली बात यह है कि पहले यूजर्स को टीवी और रिमोट पर पासवर्ड को मैनुअली भरना पड़ता था, जिससे काफी दिक्कत होती थी।
इस तरीके से आसानी से स्मार्ट टीवी पर लॉगिन होगा यूट्यूब
- अपने टीवी पर यूट्यूब एप खोलें और साइन इन फोन विकल्प पर क्लिक करें।
- यह सुनिश्चित करें कि आपके स्मार्टफोन और टीवी पर यूट्यूब का एप अपडेट है।
- टीवी वाला एप आपको अपने स्मार्टफोन में यूट्यूब एप खोलने के लिए कहेगा।
- एक बार स्मार्टफोन में एप खुलने के बाद यूट्यूब टीवी एप अपनेआप लिंक किए गए खाते का पता लगा लेगा और उससे लॉगिन हो जाएगा।
- इसके बाद आप अपने स्मार्ट टीवी पर अपनी प्लेलिस्ट, सेव किए गए वीडियो आदि का मजा ले सकते हैं।