Elon Musk: मस्क के बेटे का नाम भी एक्स, 20 साल पुराना है इस अक्षर का जुनून, जानिए ट्विटर में क्यों किया बदलाव

जलज मिश्रा
रिसर्च डेस्क, अमर उजालाजलज मिश्रा
Sun, 30 Jul 2023 05:44 AM IST
सार

एक्स को लेकर मस्क इतने जुनूनी हैं, उन्होंने अंतरिक्ष कंपनी का नाम भी स्पेस एक्स रखा है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने पहले बेटे का नाम भी एक्स रखा है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक कार के एक मॉडल का नाम भी एक्स है।

विज्ञापन
Elon Musk son name also X passion of letter is 20 years old reason why Twitter changed
Twitter as X - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    मशहूर अमेरिकी उद्यमी एलन मस्क को दुनिया के सबसे चतुर लोगों में शुमार किया जाता है। हालांकि, अक्सर उन्हें ऐसी हरकतें करते भी देखा जा सकता है, जो किसी सुलझे अरबपति कारोबारी के लिहाज से तार्किक और सामाजिक मान्यताओं के दायरे में संगत नहीं लगती हैं। फिलहाल, उन्होंने ट्विटर का नाम बदलकर एक्स रख दिया है। ज्यादातर लोगों को यह फैसला बेतुका लग रहा है। मस्क ने यह नाम यूं ही नहीं रखा है। असल में अंग्रेजी वर्णमाला का 24वां अक्षर एक्स मस्क का पुराना प्यार है। एक्स को लेकर मस्क इतने जुनूनी हैं, उन्होंने अंतरिक्ष कंपनी का नाम भी स्पेस एक्स रखा है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने पहले बेटे का नाम भी एक्स रखा है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक कार के एक मॉडल का नाम भी एक्स है।

    मस्क और एक्स का रिश्ता

    1999 में एलन मस्क ने एक बैंकिंग वेबसाइट एक्स.कॉम तैयार की, जिसे तीन साल बाद पेपाल में मर्ज कर दिया गया। मस्क को पेपाल का सीईओ बनाया गया, मस्क पेपाल का नाम बदलकर एक्स.कॉम रखना चाहते थे, जिससे बाकी के फाउंडर सहमत नहीं थे और मस्क को सीईओ पद छोड़ना पड़ा। इस तरह एक्स से मस्क का इश्क दो दशक से भी ज्यादा पुराना है।

    विज्ञापन

    2017 में वापस खरीदा एक्स.कॉम

    पेपाल में मर्जर के साथ ही एक्स.कॉम डोमेन नेम भी पेपाल का हो गया, 2017 में मस्क ने पेपाल से एक्स.कॉम डोमेन को खरीदा। इसे लेकर मस्क ने ट्वीट कर कहा था, एक्स.कॉम को खरीदने का मौका देने के लिए पेपाल का शुक्रिया, अभी कोई योजना नहीं है, लेकिन मेरे लिए इसकी गहरी भावनात्मक कीमत है।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    एक्स में सबकुछ बनने की क्षमता

    गणित की कक्षा का एक्स आपको याद होगा। जो अज्ञात होता था, उसे एक्स नाम दिया जाता था। सवालों को हल करने में एक्स की अनोखी क्षमता व इसके लचीलेपन की वजह से इसके इस्तेमाल की अनंत संभावनाएं इसे आकर्षक बनाती हैं। साइकोलॉजी डुडे के एक आलेख में डॉ. लियोन लिखते हैं, मस्क एक्स के दीवने हैं, क्योंकि यह एक अक्षर जन्म-मृत्यु, गुणा, निरस्तीकरण और अज्ञात चर के तौर सब कुछ हो सकता है।

    एक्स की दौड़ में कानूनी बाधाएं

    गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट पहले से ही एक्स.कंपनी चला रही है। इसके अलावा फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा के पास एक्स का इंटलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट है। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट के पास एक्स का ट्रेड मार्क राइट है। ऐसे में ट्विटर का नाम एक्स रखने पर मस्क को कानूनी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ सकता है। यूरो न्यूज की रिपोर्ट में अमेरिकी ट्रेड मार्क लॉयर जोश गेरबेन कहते हैं, 100 फीसदी संभावना है कि कोई न कोई एक्स नाम को लेकर ट्विटर को अदालत में घसीट लेगा। एक्स अक्षर को लेकर अलग-अलग उद्योग व क्षेत्रों में अमेरिका में 900 से ज्यादा ट्रेड मार्क और आईपीआर सक्रिय हैं।

    एक्स के खिलाफ जांच शुरू

    शुक्रवार को सान फ्रांसिस्को स्थित इसके मुख्यालय की इमारत पर भी बड़ा सा एक्स लगा दिया गया है। शहर के प्रशासन को इसकी वैधता के खिलाफ शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। शहर के कानूनों के मुताबिक किसी भी इमारत पर साइन बोर्ड लगाने की अनुमति लेनी होती है और इसके आकार प्रकार को लेकरभी नियम बने हैं। अगर एक्स को लगाने में नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो इसे हटाया जा सकता है। आगे चलकर अगर ट्विटर का मौलिक रूप ही नहीं बचता है, तो इसका अंजाम बुरा हो सकता है। खासतौर पर यूजर इसे नकार सकते हैं।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें