एक्शन में एलन मस्क: किया यह काम तो तुरंत सस्पेंड होगा अकाउंट, पैरोडी अकाउंट वालों की तो खैर नहीं
पैरोडी अकाउंट एक तरह से फैन अकाउंट की श्रेणी में ही आते हैं। पैरोडी अकाउंट किसी व्यक्ति या संस्थान के नाम से हो सकता है। पहली नजर में पैरोडी अकाउंट्स को पहचानना मुश्किल होता है, लेकिन इन्हें ट्विटर हैंडल के जरिए पहचाना जा सकता है।

विस्तार
ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क (Elon Musk) एक्शन में हैं। ट्विटर पर स्पैम और बॉट को लेकर एलन मस्क को लंबे समय से दिक्कत है और अब मालिक बनने के बाद वे इसे खत्म करना चाहते हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के एक हिंदी प्रोफेसर ने अपनी ट्विटर प्रोफाइल को एलन मस्क की प्रोफाइल का क्लोन बना दिया था और लगातार हिंदी में ट्वीट कर रहे थे जिसके बाद एलन मस्क ने 12 घंटे के भीतर ही इस अकाउंट को सस्पेंड कर दिया।
इस घटना के बाद एलन मस्क ने ट्वीट करके कहा था कि फर्जी प्रोफाइल के लिए ट्विटर पर कोई जगह नहीं है। अब मस्क ने पैरोडी अकाउंट को लेकर फिर से चेतावनी दी है। एलन मस्क ने एक ताजा ट्वीट में कहा है कि पैरोडी अकाउंट्स को सिर्फ बायो में ही नहीं, बल्कि प्रोफाइल नेम में भी parody लिखना होगा।
यदि कोई किसी सेलेब्रिटी का पैरोडी अकाउंट चला रहा है तो उसे यह काम करना होगा, नहीं तो अकाउंट तुरंत सस्पेंड हो जाएगा। एलन के मुताबिक यूजर्स को बरगलाना ठीक नहीं है। इससे पहले भी एलन मस्क ने कहा था कि पैरोडी अकाउंट को अब चेतावनी नहीं दी जाएगी।
क्या होते हैं पैरोडी अकाउंट्स?
पैरोडी अकाउंट एक तरह से फैन अकाउंट की श्रेणी में ही आते हैं। पैरोडी अकाउंट किसी व्यक्ति या संस्थान के नाम से हो सकता है। पहली नजर में पैरोडी अकाउंट्स को पहचानना मुश्किल होता है, लेकिन इन्हें ट्विटर हैंडल के जरिए पहचाना जा सकता है, क्योंकि ट्विटर हैंडल एक ही बार बनता है और यूनिक होता है। उसे बार-बार बदला नहीं जा सकता है। एलन मस्क ने कॉमेडियन कैथी ग्रिफिन का ट्विटर अकाउंट भी सस्पेंड कर दिया है, क्योंकि उन्होंने अपने अकाउंट को मस्क के अकाउंट का क्लोन बनाया था।