'उन्हें नौकरी पर रखना सम्मान की बात होगी': जेन्सेन हुआंग को लेकर एलन मस्क का बयान, जानें क्या है पूरा मामला?
- दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया में मचे घमासान के बीच एलन मस्क ने सीईओ जेन्सेन हुआंग को नौकरी पर रखने की इच्छा जताई है।
- निजी संबंधों से जुड़े विवादों और बोर्ड की स्वतंत्र जांच के चलते जेन्सेन हुआंग की कुर्सी पर गंभीर संकट मंडरा रहा है।
- मस्क और बड़े निवेशकों ने हुआंग की गलती स्वीकारने के बावजूद उन्हें अमेरिका की एआई बादशाहत के लिए बेहद जरूरी बताया है।

विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में राज करने वाली चिप कंपनी एनवीडिया के प्रमुख जेन्सेन हुआंग इन दिनों अपने निजी आचरण से जुड़े गंभीर आरोपों के कारण भारी संकट में हैं। कंपनी के बोर्ड में उनके भविष्य को लेकर चल रही अटकलों और निवेशकों की बढ़ती बेचैनी के बीच टेस्ला और एक्स के मालिक एलन मस्क ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। सोशल मीडिया पर एक यूजर द्वारा हुआंग को काम पर रखने के सुझाव पर प्रतिक्रिया देते हुए मस्क ने इसे अपने लिए बड़े सम्मान की बात बताया है।
हुआंग की काबिलियत का किया सपोर्ट
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने एलन मस्क से गुजारिश की कि वे जेन्सेन हुआंग को अपनी कंपनी में शामिल कर लें, जिस पर मस्क ने तुरंत सहमति जताते हुए लिखा कि ऐसा करना उनके लिए गर्व का विषय होगा। इससे पहले नवंबर की शुरुआत में भी मस्क ने सिकोइया कैपिटल के पार्टनर शॉन मैगुइरे की उस पोस्ट का समर्थन किया था, जिसमें हुआंग को इस पीढ़ी के सबसे महान उद्यमियों में से एक बताया गया था। मैगुइरे का मानना था कि हुआंग से एक बड़ी गलती जरूर हुई है, लेकिन इसके पीछे कोई गलत इरादा नहीं था और अमेरिका की एआई बादशाहत के लिए वे आज भी अपरिहार्य हैं।
क्या है पूरा विवाद?
जेन्सेन हुआंग की कुर्सी पर यह संकट उनके व्यक्तिगत संबंधों से जुड़े खुलासों के बाद सामने आया है। दरअसल हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात स्वीकार की थी, जिसके बाद कंपनी का बोर्ड स्वतंत्र जांच कर रहा है। उनका नाम कंपनी की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा, एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उनका पहले भी एलिस हुआंग नामक एक चीनी अधिकारी के साथ संबंध था, जिसे अमेरिकी खुफिया एजेंसियां चीनी जासूस मानती हैं। हालांकि इन दावों की अभी तक स्वतंत्र रूप से कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।
शेयर बाजार में भारी गिरावट
कंपनी के शीर्ष नेतृत्व में मची इस उथल-पुथल का सीधा असर शेयर बाजार में देखने को मिल रहा है। बुधवार को न्यूयॉर्क में पोस्ट-मार्केट ट्रेडिंग के दौरान एनवीडिया के शेयरों में दस प्रतिशत तक की भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि पिछले पांच दिनों में यह स्टॉक कुल तेरह प्रतिशत नीचे लुढ़क चुका है। कंपनी का बोर्ड हुआंग के भविष्य पर अंतिम फैसला लेने के लिए बैठक करने वाला है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह गिरावट बाजार खुलने पर भी जारी रही, तो एनवीडिया का कुल बाजार पूंजीकरण चार ट्रिलियन डॉलर के ऐतिहासिक स्तर से नीचे फिसल सकता है।