X: एलन मस्क ने निकाला एक्स पर कमाई का नया रास्ता; 'हैंडल मार्केटप्लेस' के जरिए बिकेंगे पुराने आकर्षक यूजरनेम
एलन मस्क अब एक्स पर पुराने यूजरनेम्स बेचने जा रहे हैं। केवल प्रीमियम यूजर्स ही इनका उपयोग कर सकेंगे। जानिए कितना होगा दाम, कौन खरीदेगा, और मस्क का असली प्लान क्या है।

विस्तार
टेक दिग्गज एलन मस्क अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को मुनाफे में लाने के लिए लगातार नए-नए प्रयोग कर रहे हैं। अब उन्होंने पुराने और निष्क्रिय यूजरनेम्स को बेचने का एक नया तरीका अपनाया है, जिससे प्लेटफॉर्म को अतिरिक्त आय मिलेगी। मस्क की योजना है कि इन यूजरनेम्स को नीलामी के जरिए सबसे ऊंची बोली लगाने वालों को बेचा जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कदम मस्क के एक्स प्रीमियम सब्सक्रिप्शन को बढ़ावा देने की रणनीति का हिस्सा है।
क्या है मस्क का नया प्लान?
एक्स प्लेटफॉर्म पर लाखों ऐसे अकाउंट्स हैं जो वर्षों से निष्क्रिय हैं, लेकिन उनके यूजरनेम बेहद यूनिक हैं। एलन मस्क अब इन यूजरनेम्स को “हैंडल मार्केटप्लेस” के माध्यम से बेचने जा रहे हैं। इस मार्केटप्लेस में दो तरह की कैटेगरी होंगी - पहला है प्रायोरिटी हैंडल जो पेड यूजर्स के लिए फ्री उपलब्ध होंगे और दूसरा है दुर्लभ और आकर्षक यूजरनेम्स वाले रेयर हैंडल्स जो नीलामी के जरिए बेचे जाएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ यूजरनेम्स की कीमत 8 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है, यह उनकी यूनिकनेस और लोकप्रियता पर निर्भर करेगा।
सिर्फ प्रीमियम यूजर्स को मिलेगा फायदा
यह सुविधा केवल एक्स प्रीमियम और प्रीमियम बिजनेस सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होगी। अगर कोई यूजर नया यूजरनेम खरीदता है, तो उसका पुराना यूजरनेम निष्क्रिय हो जाएगा, लेकिन किसी अन्य यूजर को नहीं दिया जाएगा। हालांकि, अगर कोई यूजर अपना प्रीमियम सब्सक्रिप्शन रद्द कर देता है, तो उसका यूजरनेम सामान्य स्थिति में लौट आएगा।
ग्रोक एआई और अन्य फीचर्स के साथ बढ़ेगा प्रीमियम प्लान का आकर्षण
एक्स प्रीमियम यूजर्स को पहले से ही ग्रोक एआई चैटबॉट, एडिट बटन, वेरिफाइड ब्लू टिक, और पोस्ट रीच में प्राथमिकता जैसी कई खास सुविधाएं मिल रही हैं। अब यूजरनेम मार्केटप्लेस की सुविधा जोड़कर मस्क इसे और भी आकर्षक बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
स्पैम बॉट्स पर कार्रवाई जारी
एलन मस्क लंबे समय से प्लेटफॉर्म पर स्पैम बॉट्स और फेक अकाउंट्स की समस्या से निपटने की कोशिश कर रहे हैं। एक्स के प्रोडक्ट हेड निकीता बियर के अनुसार, कंपनी अब तक 17 लाख से अधिक ऑटोमेटेड बॉट्स को हटाने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यूजर्स को DMs और प्लेटफॉर्म उपयोग में बेहतर अनुभव मिलेगा।
मस्क का एक तीर से दो निशाने
मस्क का यह कदम एक तरफ जहां प्लेटफॉर्म को नई आय का स्रोत देगा, वहीं यह निष्क्रिय अकाउंट्स का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित करेगा। एक्स को अधिक विश्वसनीय और साफ-सुथरा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बनाने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।