त्योहारी सीजन में भी नहीं बिके मोबाइल: रिटेलर्स की उम्मीदों पर फिरा पानी, बढ़ने के बजाए 20% घट गई बिक्री

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 13 Nov 2026 06:13 PM IST
सार
  • दिवाली जैसे बड़े बिक्री सीजन में भी भारतीय स्मार्टफोन बाजार को रफ्तार नहीं मिल सकी।
  • इस बार ऑफलाइन स्मार्टफोन बिक्री में 18 से 20 फीसदी तक गिरावट आई।
  • बढ़ती कीमतें, ऑनलाइन-ऑफलाइन दामों का अंतर और ऑफर्स की कमी इसकी बड़ी वजहें रहीं।
  • हालांकि, 30 से 60 हजार रुपये वाले फोन और Apple-Motorola की मांग अच्छी रही।
Diwali smartphone market offline sales drop by 20 percent reasons behind low demand apple Motorola lead
त्योहारों में बढ़ने के बजाए घट गई बिक्री। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    दिवाली और धनतेरस को स्मार्टफोन कंपनियों और ऑफलाइन रिटेलर्स के लिए साल का सबसे बड़ा कारोबारी सीजन माना जाता है। इस बार भी बाजारों में रौनक थी और दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली, लेकिन यह भीड़ मोबाइल की बिक्री में तब्दील नहीं हो सकी। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल दिवाली के दौरान देश भर के ऑफलाइन स्मार्टफोन बाजार में सालाना आधार पर करीब 20 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

    दुकानों पर पहुंचे लोग, पर टाल दी खरीदारी

    ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) की ताजा रिपोर्ट बताती है कि इस त्योहारी सीजन में ऑफलाइन मार्केट का परफॉर्मेंस उम्मीद से काफी खराब रहा है। धनतेरस से लेकर दिवाली के अगले दिन तक स्मार्टफोन की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 18 से 20 फीसदी तक कम रही। हैरानी की बात यह है कि दिवाली से ठीक एक हफ्ते पहले वाले सप्ताह में तो मोबाइल बिक्री में करीब 40 फीसदी की भारी गिरावट आंकी गई थी।

    क्यों सुस्त रहा स्मार्टफोन बाजार?

    बाजार में आई इस मंदी के पीछे कई बड़े कारण रहे। ग्राहकों ने इस बार भारी डिस्काउंट का इंतजार किया, लेकिन कंपनियों की तरफ से शानदार ऑफर्स की कमी रही। ऑनलाइन ई-कॉमर्स साइट्स और ऑफलाइन दुकानों पर मिल रहे स्मार्टफोन की कीमतों में बड़ा अंतर था, जिससे ग्राहक कन्फ्यूज हुए। इसके अलावा, मोबाइल फोन्स की लगातार बढ़ती कीमतों ने भी लोगों का बजट बिगाड़ दिया। कई ग्राहकों ने नया फोन खरीदने के बजाय अपने पुराने फोन को ही चलाना बेहतर समझा या फिर रिफर्बिश्ड (सेकंड-हैंड) मार्केट का रुख कर लिया। 15,000 रुपये से कम कीमत वाले बजट स्मार्टफोन्स की मांग भी इस बार काफी ठंडी रही।

    10 साल के सबसे निचले स्तर पर बाजार

    ऑफलाइन मार्केट का यह हाल तब है, जब पूरा भारतीय स्मार्टफोन बाजार पहले से ही दबाव में चल रहा है। 'काउंटरपॉइंट रिसर्च' (Counterpoint Research) के इंडिया स्मार्टफोन मार्केट ट्रैकर की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के बीच देश में स्मार्टफोन शिपमेंट में सालाना आधार पर 20 फीसदी की कमी दर्ज की गई थी। यह पिछले एक दशक (10 साल) का सबसे निचला स्तर है। रिसर्च फर्म का कहना है कि मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतों के कारण स्मार्टफोन्स की ओवरऑल लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर डिवाइस की कीमत और ग्राहकों की जेब पर पड़ा है।

    एपल और मोटोरोला ने मारी बाजी, सैमसंग-रियलमी को झटका

    इस मंदी के बीच भी 30,000 रुपये से 60,000 रुपये वाले प्रीमियम सेगमेंट में अच्छी खरीदारी देखी गई। इस प्राइस रेंज में एप्पल (Apple) और मोटोरोला (Motorola) के स्मार्टफोन्स की मांग सबसे ज्यादा रही। ग्राहकों ने पुराने दाम पर मिल रहे iPhone 15, iPhone 16 और iPhone 17 को जमकर खरीदा।

    दूसरी तरफ, रियलमी (Realme) की ऑफलाइन बिक्री में 50 फीसदी से ज्यादा की भारी गिरावट आई है। रिपोर्ट के अनुसार, इसकी मुख्य वजह फोन की ज्यादा कीमतें, नए मॉडल्स का लॉन्च न होना और त्योहारी ऑफर्स की कमी रही। वहीं, दिग्गज टेक कंपनी सैमसंग (Samsung) के फोन्स की ऑनलाइन और ऑफलाइन कीमतों में भी काफी अंतर देखा गया, जिसका सीधा खामियाजा दुकानों पर होने वाली बिक्री को उठाना पड़ा।

    और पढ़ें...