दिवाली पर फोन एक्सचेंज करने से पहले अपनाएं ये ट्रिक्स: मिल सकती है हजारों रुपये की ज्यादा वैल्यू, जानें कैसे
इस दिवाली अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने का सोच रहे हैं और पुराने फोन को एक्सचेंज करने की सोच रहे हैं, तो थोड़ी सी जानकारी आपका बड़ा फायदा करवा सकती है। अक्सर लोग सीधे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर मिलने वाली शुरुआती वैल्यू में ही फोन बेच देते हैं, लेकिन कुछ आसान और प्रैक्टिकल ट्रिक्स अपनाकर आप अपने पुराने फोन की रीसेल और एक्सचेंज वैल्यू हजारों रुपये तक बढ़ा सकते हैं। आइए जानते हैं कि फोन बचने के वे सीक्रेट ट्रिक्स और सही प्लेटफॉर्म चुनने का तरीका...

विस्तार
दिवाली सेल में नया स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो पुराने फोन को एक्सचेंज करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, कई बार लोग बिना कीमत की तुलना किए ही ई-कॉमर्स साइट पर मिलने वाले एक्सचेंज ऑफर को एक्सेप्ट कर लेते हैं। इससे उन्हें अपने पुराने फोन की सही कीमत नहीं मिल पाती। फोन की कंडीशन सुधारने, सही प्लेटफॉर्म चुनने और दिवाली सेल के ऑफर्स का फायदा उठाकर आप बेहतर एक्सचेंज वैल्यू पा सकते हैं। कुछ मामलों में इन तरीकों से फोन की कीमत 2,000 से 5,000 रुपये तक बढ़ सकती है।
पुराने फोन की एक्सचेंज वैल्यू बढ़ाने कौन-सी ट्रिक अपनाएं?
1. फोन बेचने से पहले अकाउंट लॉगआउट और रीसेट करें
पुराना फोन बेचने से पहले उसमें मौजूद अपना गूगल या एपल अकाउंट लॉगआउट कर दें। इसके बाद फोन को फैक्ट्री रीसेट करें। लॉक या सिंक अकाउंट वाले फोन को बेचने में परेशानी हो सकती है और उसकी एक्सचेंज वैल्यू भी प्रभावित हो सकती है। रीसेट करने से पहले अपने जरूरी डेटा का बैकअप जरूर लें।
2. फोन की अच्छी तरह सफाई करें
फोन की बाहरी कंडीशन भी उसकी कीमत तय करने में खास रोल होता है। एक्सचेंज के लिए देने से पहले फोन को अच्छी तरह साफ करें। स्क्रीन गार्ड और बैक कवर हटाकर उसकी असली कंडीशन जांच लें। फोन साफ-सुथरा और अच्छी स्थिति में होगा, तो जांच के दौरान उसकी हालत का सही आकलन किया जा सकेगा। हालांकि, केवल सफाई से खरोंच या दूसरी खराबियां खत्म नहीं होतीं।
3. बिल, बॉक्स और ओरिजिनल एक्सेसरीज संभालकर रखें
अगर आपके पास फोन का ओरिजिनल बिल, बॉक्स और चार्जर या केबल मौजूद है, तो इन्हें भी संभालकर रखें। एक्सचेंज या रीसेल के समय ये चीजें काम आ सकती हैं। फोन के साथ उपलब्ध ओरिजिनल एक्सेसरीज उसकी पूरी जानकारी और खरीद से जुड़े दस्तावेज देने में मदद करती हैं।
पुराने फोन को बेचने के लिए कौन सा प्लेटफॉर्म चुनें?
अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक ही फोन की कीमत अलग हो सकती है। इसलिए डील फाइनल करने से पहले कम से कम दो-तीन जगह उसकी एक्सचेंज वैल्यू जरूर चेक करें। इसमें अमेजन, फ्लिपकार्ट, कैसिफाई और इंस्टाकैश व ब्रांड्स के स्टोर शामिल हैं।

दिवाली सेल में एक्सचेंज ऑफर्स का फायदा कैसे उठाएं?
1. अतिरिक्त एक्सचेंज बोनस चेक करें
दिवाली सेल के दौरान ई-कॉमर्स कंपनियां चुनिंदा स्मार्टफोन पर अतिरिक्त एक्सचेंज बोनस दे सकती हैं। कुछ ऑफर्स में यह बोनस दो से सात हजार रुपये तक हो सकता है। हालांकि, इसकी उपलब्धता फोन के मॉडल, नए स्मार्टफोन और सेल की शर्तों पर निर्भर करती है।
2. अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कीमत की तुलना करें
नया फोन खरीदने से पहले कैसिफाई जैसे प्लेटफॉर्म पर अपने पुराने फोन की कीमत चेक करें। इसके बाद अमेजन और फ्लिपकार्ट पर मिलने वाले एक्सचेंज ऑफर से इसकी तुलना करें। इससे आपको पता चलेगा कि किस प्लेटफॉर्म पर बेहतर डील मिल रही है।
3. बैंक ऑफर और एक्सचेंज बोनस का फायदा लें
कई बार दिवाली सेल में बैंक क्रेडिट कार्ड डिस्काउंट और एक्सचेंज बोनस एक साथ मिल सकते हैं। ऐसे में दोनों ऑफर्स की शर्तें जांचें और देखें कि इन्हें एक साथ इस्तेमाल किया जा सकता है या नहीं। सही ऑफर चुनने पर नए फोन की प्रभावी कीमत कम हो सकती है।

फोन बेचने से किन बातों का रखें ध्यान?
पुराना स्मार्टफोन किसी दूसरे व्यक्ति को देने से पहले अपनी निजी जानकारी सुरक्षित करना जरूरी है। इसके लिए कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें...
- व्हाट्सएप चैट, फोटो और कॉन्टैक्ट्स का क्लाउड या कंप्यूटर पर बैकअप लें।
- बैंकिंग एप्स और पेमेंट सर्विस से लॉगआउट करें और जरूरत के मुताबिक डी-रजिस्टर करें।
- फोन से सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड निकाल लें।
- गूगल या एपल अकाउंट हटाने और फैक्ट्री रीसेट करने के बाद जांच लें कि फोन में आपका निजी डेटा मौजूद नहीं है।
सही एक्सचेंज डील के लिए किन बातों का रखें ध्यान?
पुराना फोन बेचने या एक्सचेंज करने से पहले उसकी कीमत अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जरूर जांचें। साथ ही, फोन की वास्तविक कंडीशन और एक्सचेंज ऑफर की शर्तों को समझें। सिर्फ ज्यादा एक्सचेंज बोनस देखकर डील फाइनल न करें, बल्कि नए फोन की अंतिम कीमत भी देखें। इससे दिवाली सेल में आप अपने पुराने स्मार्टफोन की बेहतर कीमत हासिल कर सकते हैं।