5G in india: बंद होंगे 10,000 रुपये से अधिक कीमत के 4G फोन, कंपनियों ने कही ये बात
एपल सहित कई स्मार्टफोन यूजर्स को अब तक 5जी के लिए अपडेट ना मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसको लेकर टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने भी चिंता जताई थी।

विस्तार
स्मार्टफोन कंपनियां अब 10,000 रुपये से ज्यादा कीमत के 4G फोन का प्रोडक्शन बंद करने वाली हैं। यह जानकारी खुद स्मार्टफोन निर्माता कंपनियों ने भारत के दूरसंचार और आईटी विभागों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक में दी। कंपनियों ने कहा कि वह धीरे-धीरे 10,000 रुपये और इससे ज्यादा की कीमत वाले 4जी फोन का उत्पादन बंद कर देंगे और इसे 5G तकनीक पर शिफ्ट करेंगे।
दरअसल, बुधवार को दूरसंचार विभाग (DoT) और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अधिकारियों ने मोबाइल ऑपरेटरों और स्मार्टफोन निर्माताओं के साथ बैठक का आयोजन किया था। इस बैठक में उन्हें तीन महीने की समय सीमा के भीतर 5जी स्मार्टफोन के साथ अपनी 5जी सेवाओं को ट्यून करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बता दें कि एपल सहित कई स्मार्टफोन यूजर्स को अब तक 5जी के लिए अपडेट ना मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसको लेकर टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने भी चिंता जताई थी।
एक घंटे से ज्यादा देर तक चली इस बैठक में दिग्गज स्मार्टफोन निर्माता कंपनी एपल और सैमसंग के अधिकारियों सहित घरेलू टेलीकॉम ऑपरेटर अधिकारी भी शामिल हुए। स्मार्टफोन निर्माताओं ने कहा कि भारत में लगभग 750 मिलियन मोबाइल फोन यूजर्स है। भारत में 100 मिलियन यूजर्स के पास 5जीरेडी फोन हैं, लेकिन 350 मिलियन से अधिक यूजर्स ऐसे फोन का उपयोग करते हैं जो केवल 3जी और 4जी कम्पैटिबल हैं। अधिकारियों ने मीडिया से कहा कि हमने मंत्रालय को बताया कि हमारी कंपनी 10,000 रुपये से अधिक कीमत वाले 3जी-4जी फोन को धीरे-धीरे बंद कर देंगी।
इन स्मार्टफोन में अब तक नहीं मिला 5G अपडेट
भारत में अब तक एपल के लेटेस्ट iPhone 14 सहित कई आईफोन और सैमसंग के कई प्रमुख फोन में 5G का सपोर्ट करने वाला अपडेट जारी नहीं किया गया है और यह स्मार्टफोन भारत में 5जी कम्पैटिबल नहीं हैं। यही कारण है कि यह स्मार्टफोन यूजर्स 5जी कनेक्टिविटी का यूज नहीं कर पा रहे हैं।
एयरटेल ने जताई थी चिंता
एयरटेल ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि एपल के कई मॉडल 5G के लिए नॉन-कम्पैटिबल हैं। एयरटेल ने कहा था कि उनके कई प्रीमियम यूजर्स एपल आईफोन का यूज करते हैं और 5जी कनेक्टिविटी का अपडेट नहीं आने से कंपनी चिंतित है।