24 घंटे में से 6.30 घंटे इंटरनेट पर बिता देते हैं भारतीय, साल में 100 दिन इंटरनेट ही चलाते हैं

सोशल मीडिया मैनेजमेंट फर्म वी आर सोशल और Hootsuite ने पूरी दुनिया में इंटरनेट यूजर्स और मोबाइल यूजर्स को लेकर आंकड़े जारी किए हैं। आंकड़े वाली इस रिपोर्ट को Digital 2020 नाम दिया गया है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि डिजिटल दुनिया, मोबाइल और सोशल मीडिया पर लोग कैसे अपना वक्त बिता रहे हैं। ये आंकड़े जनवरी 2020 तक के ही हैं। दुनिया के 92 फीसदी लोग मोबाइल से इंटरनेट इस्तेमाल कर रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पूरी दुनिया में 4.5 अरब लोग इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया यूजर्स की संख्या 3.8 अरब का आंकड़ा पार कर चुकी है। ऐसे में कहा जा सकता है कि दुनिया की 60 फीसदी आबादी ऑनलाइन हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले साल तक इंटरनेट यूजर्स की संख्या 29.8 करोड़ थी। इस रिपोर्ट के मुताबिक पूरी दुनिया में मोबाइल यूजर्स की संख्या 5.19 अरब के आंकड़े को पार कर चुकी है जो कि पिछले साल के मुकाबले 12.4 करोड़ अधिक है।
रिपोर्ट के मुताबिक एक साल में हम और आप औसतन 100 दिन इंटरनेट पर बिता देते हैं। पूरी दुनिया में प्रतिदिन इंटरनेट पर समय बिताने का औसत 6 घंटे 43 मिनट है जो कि पिछले साल की तुलना में 3 मिनट कम है। यदि हम प्रतिदिन 8 घंटे सोने के लिए निकाल दें तो भी हम रोज अपनी दिनचर्या का 40 फीसदी समय इंटरनेट पर बिता रहे हैं। एक अनुमान है कि केवल 2020 में पूरी दुनिया के लोग मिलकर 1.25 अरब साल जितना वक्त इंटरनेट पर बिता देंगे।
अब बात यदि सबसे ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले देश की करें तो इस लिस्ट में फिलीपिंस सबसे ऊपर है। फिलीपिंस के लोग 24 घंटे में से 9 घंटे 45 मिनट स्मार्टफोन पर बिता देते हैं। वहीं दूसरे नंबर पर 9 घंटे 22 मिनट के साथ दक्षिण अफ्रीका दूसरे नंबर और ब्राजील तीसरे नंबर पर है। ब्राजील के लोग प्रतिदिन 9 घंटे 17 मिनट इंटरनेट पर बिता देते हैं। भारत के लोग इंटरनेट पर प्रतिदिन औसतन 6 घंटे 43 मिनट इंटरनेट पर बिताते हैं, जबकि चीन के यूजर्स रोज 5.50 घंटे इंटरनेट पर बिताते हैं। जापान के लोग सबसे कम यानी रोज 4 घंटे 22 मिनट ही इंटरनेट पर बिताते हैं।

Pic- datareportal
रिपोर्ट में कहा गया है कि 89 फीसदी लोग चैटिंग और सोशल मीडिया एप का इस्तेमाल करते हैं। इसके बाद 65 फीसदी लोग वीडियो एप, 47 फीसगी गेमिंग, 66 फीसदी शॉपिंग, 52 फीसदी म्यूजिक और 35 फीसदी लोग बैकिंग एप्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।