Cyclone Fani: Airtel, Idea-वोडाफोन ने बनाया वॉर रूम, फ्री SMS समेत मिलेंगी ये सेवाएं

चक्रवाती तूफान फैनी ओडिशा तट से 200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से टकराया है। इस तूफान से ओडिशा में अभी तक 3 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं ओडिशा में भारतीय तट रक्षा बल के जवान एक चॉपर में राहत सामग्री भर रहे हैं। जिसे फैनी तूफान से प्रभावित लोगों के बीच बांटा जाएगा। इसी बीच एयरटेल, वोडाफोन और आइडिया जैसी टेलीकॉम कंपनियों ने भी साथ आने की घोषणा की है।
एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया ने फैनी तूफान से सामना करने के लिए वॉर रूम बनाया है ताकि कनेक्टिविटी को सुनिश्चित किया जा सके। वोडाफोन-आइडिया ने अपने एक बयान में कहा है कि वे अपनी साइट पर तेल की कमी नहीं होने देंगे।
ऐसे में बिजली कटने की स्थिति में जेनरेटर से निर्वाध रूप से सेवा दी जाएगी। इसके अलावा कंपनी ने कहा है कि ग्राहक किसी भी वक्त 1938 पर फोन करके मदद ले सकते हैं। साथ ही कंपनी ने एसएमएस की सेवा फ्री कर दी है और जरूरत पड़ने पर ग्राहकों को 5-10 रुपये का लोन भी दिया जाएगा।
एयरटेल और वोडाफोन दोनों कंपनियां सरकारी एजेंसियों की मदद से हालात पर लगातार नजर बनाए हुई हैं। ये दोनों कंपनियां खराब हालात में हर संभव मदद करने के लिए भी तैयार हैं। इसके लिए 24x7 वॉर रूम में निर्माण किया गया है। हालांकि फैनी को लेकर बीएसएनएल और जियो ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।