प्रधानमंत्री का टि्वटर हैक: किसके सिस्टम में हुई है ये घुसपैठ, कहीं ये बड़े 'हमले' की चेतावनी तो नहीं
साइबर मामलों के विशेषज्ञ एवं केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और सुरक्षा एजेंसियों को प्रशिक्षण दे रहे रक्षित टंडन बताते हैं कि भले ही अटैक पर तुरंत काबू पा लिया गया, लेकिन ये बहुत 'सॉफिस्टिकेटेड' फिशिंग अटैक था। किसके सिस्टम में हैकर्स की घुसपैठ हुई है, ये सामने आना बहुत जरूरी है...

विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का टि्वटर अकाउंट हैक हो जाता है। हैकर्स यहीं पर नहीं ठहरे, उन्होंने पीएम के अकाउंट से बिटकॉइन को लेकर एक ट्वीट कर दिया। इसमें बिटकॉइन को कानूनी मान्यता दिए जाने की बात लिखी गई थी। यह ट्वीट 12 दिसंबर की सुबह दो बजे किया गया था। कुछ ही देर में अकाउंट को तुरंत सुरक्षित कर लिया गया। इसके बाद कहा गया कि हैक किए जाने के दौरान पीएम के ट्विटर अकाउंट से शेयर किए गए किसी भी ट्वीट को अनदेखा किया जाना चाहिए।
ट्विटर की सिक्योरिटी टीम में सेंध!
साइबर मामलों के विशेषज्ञ एवं केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और सुरक्षा एजेंसियों को प्रशिक्षण दे रहे रक्षित टंडन बताते हैं कि भले ही अटैक पर तुरंत काबू पा लिया गया, लेकिन ये बहुत 'सॉफिस्टिकेटेड' फिशिंग अटैक था। किसके सिस्टम में हैकर्स की घुसपैठ हुई है, ये सामने आना बहुत जरूरी है। जिस तरह से पीएम के ट्विटर को निशाना बनाया गया, उससे बहुत हद तक ये संभव है कि हैकर्स ने ट्विटर की सिक्योरिटी टीम में सेंध लगाकर भारत के प्रधानमंत्री का ट्विटर हैक किया हो। इस तरह की घटना, किसी बड़े साइबर अटैक की चेतावनी हो सकती है।
रक्षित टंडन कहते हैं, कुछ इसी तरीके से अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, स्पेस-एक्स के संस्थापक व टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और बिल गेट्स सहित दुनिया की कई बड़ी हस्तियों का ट्विटर अकाउंट हैक हो चुका है। ये दो तरह से होता है, पहला 'सॉफिस्टिकेटेड फिशिंग अटैक' और दूसरा मैलवेयर अटैक। हैकर्स, इन्हीं के द्वारा किसी के ट्विटर में सेंध लगाते हैं। सामान्य आदमी का ट्विटर अकाउंट होता तो कोई बात नहीं थी, लेकिन यहां तो प्रधानमंत्री का अकाउंट था। अगर हैक होने की बात ज्यादा देर तक पता नहीं चलती तो मार्केट एवं सुरक्षा क्षेत्र पर असर पड़ सकता था।
हैकर्स ने लिखा ये मैसेज
इस तरह का अकाउंट हैक, आईडी हैक करने के बाद ही किया जा सकता है। इस मामले में पीएम मोदी के अकाउंट पर अटैक हुआ है। ये सामान्य अकाउंट के मुकाबले मजबूत सिक्योरिटी सिस्टम से लैस होता है। ऐसे में सीधे ही पीएम मोदी के अकाउंट पर अटैक हो जाए, इसकी संभावना कम ही नजर आती है। दूसरा तरीका है कि ट्विटर के सिक्योरिटी सिस्टम में सेंध लगा कर किसी भी अकाउंट को हैक कर लिया जाए। इस मामले में यही कहा जा सकता है कि पीएम के ट्विटर अकाउंट सिस्टम को लेकर घुसपैठ की संभावना कम है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार सुबह ट्वीट कर यह जानकारी दी थी कि हैकर्स ने पीएम मोदी के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया था। उसमें बिटकॉइन को लेकर लिखा गया कि भारत ने उसे आधिकारिक रूप से कानूनी मान्यता दे दी है। भारत ने आधिकारिक तौर पर 500 बीटीसी खरीद लिए हैं और उन्हें अपने निवासियों के बीच वितरित कर रहा है। इसके साथ एक लिंक भी साझा किया गया था।
विपक्ष ने मांगा जवाब
पीएमओ ने तुरंत इस मामले को ट्विटर के समक्ष उठाया। थोड़ी देर बाद पीएम का अकाउंट सुरक्षित हो गया। बता दें कि भारत ने क्रिप्टोकरेंसी पर कड़ा रुख अपनाया है। सरकार का मानना है कि इसका इस्तेमाल निवेशकों को भ्रामक दावों के साथ लुभाने और आतंकी गतिविधियों में किया जा सकता है। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने अपने ट्वीट पर लिखा, 'गुड मॉर्निंग मोदी जी, सब चंगा सी?'। कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर पर लिखा, पीएम मोदी का टि्वटर अकाउंट हैक होना और हैकर्स द्वारा उससे बिटकॉइन को लेकर किया गया मैसेज बहुत से सवालों को जन्म देता है, जिसका जवाब सरकार और पीएम मोदी को देना चाहिए।