Alert: इंस्टेंट लोन के नाम पर ठगी, सरकार ने जारी की फेक लोन एप्स की सूची, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे इस्तेमाल?
Instant Loan App Scam:
इंस्टेंट लोन के नाम पर लोगों को फंसाने वाले फर्जी एप्स तेजी से बढ़ रहे हैं। जिनका पर्दाफोश करते हुए साइबर दोस्त ने दस ऐसे फेक लोन्स एप्स के बारे में बताया है, जो यूजर्स का डेटा चुराकर उनकी जमापूंजी मिनटों में साफ कर देते हैं। अगर आप भी इन तरीकों की ठगी से बचना चाहते हैं तो जानें वो एप्लीकेशन कौन-कौन से हैं और इनसे कैसे बचा जा सकता है।

विस्तार
Cyber Dost Warning:
आजकल घर खरीदना हो, गाड़ी लेना हो या अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए, लोग तुरंत इंस्टेंट लोन देने वाले एप्स की तरफ रुख कर लेते हैं। लेकिन अधिकतर लोगों को अंदाजा नहीं होता कि यह जल्दबाजी उनपर कितनी भारी पड़ सकती है। इसी को देखते हुए साइबर दोस्त ने दस ऐसे फर्जी लाेन एप्स की लिस्ट जारी की है, जिनपर आसान लोन और आकर्षक ऑफर्स का लालच देकर लोगों के पर्सनल डेटा, कॉन्टैक्ट्स और बैंकिंग जानकारी चुराने का आरोप है।
Fake Personal Loan Apps: कैसे काम करते हैं ये फेक लोन एप्स?
साइबर दोस्त के अनुसार ये एप्स बिना ज्यादा दस्तावेज के तुरंत लोन देने का दावा करते हैं। ये साइबर अपराधी अधिकतर सोशल मीडिया विज्ञापनों, मैसेज और नकली वेबसाइट्स के जरिए लोगों को टारगेट करते हैं। जैसे ही यूजर एप डाउनलोड करता है, एप मोबाइल के कॉन्टैक्ट्स, फोटो, मैसेज और कई संवेदनशील परमिशन्स मांगने लगता है। जानकारी भरते ही यूजर का पर्सनल डेटा चोरी कर लिया जाता है। इसके बाद बैंकिंग डिटेल्स का गलत इस्तेमाल होता है। ब्लैकमेलिंग और धमकी दी जाती है या फिर फर्जी रिकवरी एजेंट बनाकर परेशान किया जाता है।
Fake Loan Apps: लिस्ट में कौन-कौन शामिल?
- सफल स्कोर आसान लोन
- फिन क्योर क्रेडिट असिस्टेंट
- फ्लेक्सी लोन EMI
- ईजी क्रेडिट चेक
- फिन मोना पर्सनल क्रेडिट
- धन श्री सलाह
- रुपीजार एसेट एक्सेस
- एस लार्ज क्विक लोन असिस्टेंट
- लोन ब्लूम
- ब्रियो क्रेडिट क्रेडिट असिस्टेंट
सुरक्षित रहने के लिए इन बातों को फॉलो करें
अगर आप भी इन ठगों के जाल से बचना चाहते हैं, तो इन बातों को गांठ बांध लीजिए:
RBI की लिस्ट चेक करें
: कोई भी एप डाउनलोड करने से पहले देखें कि वह कंपनी RBI की आधिकारिक NBFC (Non-Banking Financial Company) लिस्ट में है या नहीं।
परमिशन्स पर नजर:
अगर कोई लोन एप आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट या फोटो गैलरी का एक्सेस मांग रहा है, तो समझ लीजिए कि कुछ गड़बड़ है। उसे एक्सेस बिल्कुल न दें।
रिव्यू और रेटिंग:
केवल अच्छी रेटिंग पर न जाएं, कमेंट्स में जाकर लोगों के ओरिजिनल रिव्यू जरूर पढ़ें।
सस्ता हमेशा सही नहीं:
याद रखें, हर ईजी लोन आसान और सुरक्षित नहीं होता। लालच में आकर अपनी सुरक्षा दांव पर न लगाएं। समय लें, लेकिन नियमित तरीकों से लोन लें।
ठगी होने पर क्या करें?
- तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
- अपनी शिकायत आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं।
एक्सपर्ट्स की राय है कि बहुत आसान और तुरंत अप्रूवल जेसे दावे करने वाल एप्स से हमेशा सावधान रहें। क्योंकि अधिकतर ये भरोसेमंद नहीं होते। ऐसे में जागरूक रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।