15 सेकंड में सेंसर युक्त डिवाइस करेगी पूरा शरीर सैनिटाइज, आईआईटी बीएचयू ने किया तैयार

योगेश साहू
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।योगेश साहू
Sun, 12 Apr 2020 02:08 AM IST
Coronavirus Case News In Hindi: IIT BHU created a device with sensor will sanitize full human body in 15 seconds
प्रतीकात्मक फोटो - फोटो : PTI

    कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने और उसके प्रसार को रोकने के लिए आईआईटी बीएचयू ने एक सेंसर युक्त डिवाइस तैयार की है। इसका घर, दुकान, कार्यालय, मेट्रो, बस स्टॉप में आसानी से इस्तेमाल हो सकता है।

    इस डिवाइस के पास जैसे ही कोई पहुंचता है तो ऊपर से सैनिटाइजर स्प्रे होता है। यह डिवाइस महज 15 सेकंड में कपड़ों, हाथों या पैर आदि को वायरस मुक्त कर देती है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने आईआईटी बीएचयू के शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों को इस डिवाइस को विकसित करने पर बधाई दी है।

    केंद्र के समन्वयक प्रो. पीके मिश्र के मुताबिक, यह डिवाइस कोरोना बचाव की जरूरत के आधार पर बनाया गया है। सैनिटाइजेशन की मात्रा, एक्सपोजर टाइम, फ्रिक्वेंसी का टेस्टिंग जारी है। हालांकि इस डिवाइस से सैनिटाइज होने के बाद भी व्यक्ति को मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग और नियमित अंतराल पर साबुन से हाथ धोना जरूरी है।

    पूरे शरीर को सैनिटाइज करने वाले उपकरण के सामने जैसे ही कोई व्यक्ति खड़ा होता है तो इसमें लगा सेंसर अपने आप उस व्यक्ति को सैनिटाइज करने लगता है। इसमें एक बोतल और सेंसर डिवाइस का प्रयोग किया गया है। इसमें 10 से 15 एमएल सैनिटाइजर का स्प्रे 15 सेकंड तक काम करता है।