Coronavirus: आंध्र प्रदेश सरकार खास सिस्टम के जरिए 25 हजार लोगों की लोकेशन कर रही है ट्रैक

कोरोना वायरस को रोकने के लिए देश की अलग-अलग राज्यों की सरकारें अपने-अपने स्तर पर कार्य कर रही हैं। इसी बीच आंध्र-प्रदेश की सरकार ने भी कोविड-19 से बचने के लिए तकनीक का सहारा लिया है। सरकार इसके जरिए क्वॉरेंटाइन में रखे गए लोगों की लोकेशन को ट्रैक करने के साथ उनकी हर एक गतिविधी पर नजर रखती है। आपको बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से देश में 32 लोगों की मौत हो गई हैं। 1251 इस वायरस से संक्रमित हैं और 100 लोग ठीक हो गए हैं।
आंध्र प्रदेश की सरकार ने कोविड ट्रैकिंग सिस्टम का उपयोग किया है, जो अधिकारियों को 25 हजार लोगों की लोकेशन की जानकारी देता है। वहीं, यह सिस्टम मोबाइल टावर के जरिए लोगों की जानकारी इक्ट्ठा करता है।
सरकार को इस सिस्टम के जरिए 25 हजार लोगों की जानकारी मिली है। अगर कोई व्यक्ति 100 मीटर का दायरा लांघता है, तो यह सिस्टम अधिकारियों को अलर्ट देता है। जिससे कोरोना को फैलने से रोका जा सके।
ऐसे काम करता है यह सिस्टम
कोविड ट्रैकिंग सिस्टम संक्रमित व्यक्ति की ट्रैवेल हिस्ट्री पर नजर रखता है। संक्रमित व्यक्ति जहां गया है और जिसके पास 15 मिनट से ज्यादा रुका है, तो यह सिस्टम इन सबकी जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाता है। वहीं, उम्मीद की जा रही हैं कि देश की अन्य राज्यों की सरकारें इस सिस्टम का जल्द इस्तेमाल करेंगी।