अब गिरने से नहीं टूटेगी स्मार्टफोन की स्क्रीन!

सेल्फी लेते वक्त स्मार्टफोन गिर जाए तो संभावित नुकसान का ख़तरा आने वाले दिनों में कम हो सकता है।
ग्लास मेकिंग की एक्सपर्ट कंपनी कोर्निंग का कहना है कि उसने अपने गोरिल्ला ग्लास के नेक्सट जेनरेशन को लॉन्च कर दिया है।
कंपनी का कहना है कि गोरिल्ला ग्लास 5 को अगर 5 फुट ऊंचाई से गिराया जाए तो उसके सही सलामत रहने की संभावना 80 फ़ीसदी से ज्यादा है। गोरिल्ला ग्लास 70 फ़ीसदी स्मार्टफोन की स्क्रीन में इस्तेमाल होता है।
दुनिया भर में मरम्मत के लिए आने वाले स्मार्टफोन में सबसे ज्यादा शिकायत स्क्रीन टूटने की होती है।
पत्रकारों के सामने दिखाया फोन गिराकर

पत्रकारों के सामने लैब में नए गोरिल्ला ग्लास को पांच फुट यानी करीब 1.6 मीटर की ऊंचाई से खुरदुरी सतह पर गिराकर प्रदर्शित किया गया।
कंपनी का कहना है कि फिलहाल बाज़ार में जो गोरिल्ला ग्लास मौजूद हैं, उनके मुकाबले नए ग्लास पर खरोंच आने और टूटने से बचने की संभावना दोगुनी है।
कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट और जनरल मैनेजर जॉन बेन ने बीबीसी से कहा कि उनकी कंपनी का स्मार्टफोन के डिजायन पर नियंत्रण नहीं है। ऐसे में उपकरण के निर्माता और डिजाइन की वजह से कुछ मॉडल थोड़े कमजोर हो सकते हैं।
कंपनी ने लैब के बाहर बीबीसी को ग्लास की टेस्टिंग नहीं करने दी। गोरिल्ला ग्लास 'फ्यूजन फॉर्मिंग' तकनीक के जरिए तैयार होता है।