पर्सनल फाइनेंस फीचर: अब बैंक अकाउंट और क्रेडिट कार्ड से सीधे जुड़ेगा क्लाॅड एआई, कैसे संभालेगा यूजर्स का पैसा?
अब आपको अपने पैसों का हिसाब रखने के लिए बैंक स्टेटमेंट और खर्चों की लंबी लिस्ट खंगालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एंथ्रोपिक ने अपने एआई चैटबॉट क्लॉड एआई में पर्सनल फाइनेंस फीचर पेश किया है। आइए जानते हैं इस फीचर के बारे में...

विस्तार
जैसे-जैसे एआई टूल्स हमारी रोज की जिंदगी का हिस्सा बनता जा रहा है, वैसे-वैसे इनकी क्षमताएं भी बढ़ती जा रही हैं। अब तक एआई का इस्तेमाल सिर्फ टेक्स्ट लिखने, कोडिंग करने या तस्वीरें बनाने तक सीमित था, लेकिन अब यह आपके बैंक खातों का हिसाब-किताब रखने में भी मदद करने लगा है। एंथ्रोपिक ने भी अपने एआई क्लॉड में एक ऐसा ही फीचर पेश किया है, जिसका नाम पर्सनल फाइनेंस हैं। इस नई सुविधा की मदद से यूजर्स अपने बैंक अकाउंट और क्रेडिट कार्ड को सीधे क्लाॅड एआई से कनेक्ट कर सकते हैं। इसके बाद यह एआई टूल आपके खर्चों को ट्रैक करने, स्पेंडिंग पैटर्न का एनालिसिस करने और पैसों से जुड़े सुझाव देने में मदद कर सकता है।
अब एआई बताएगा, कहां और कितना खर्च हो रहा आपका पैसा
- अस फीचर की मदद से यूजर अपने बैंक अकाउंट और क्रेडिट कार्ड की जानकारी क्लॉड से जोड़ सकते हैं। इसके बाद एआई बैंक स्टेटमेंट पढ़कर खर्चों को ट्रैक कर सकता है और अलग-अलग कैटेगरी में बांट सकता है। इतना ही नहीं, कंपनी का दावा है कि यह खर्च करने के तरीकों का विश्लेषण करने और लोन के ब्याज की गणना करने में भी मदद कर सकता है।
- एंथ्रोपिक के अनुसार, क्लाॅड यूजर्स को आम बोलचाल की भाषा में उनके बैलेंस और लेनदेन से जुड़ी जानकारी देगा। अगर किसी वित्तीय शब्द का मतलब समझना मुश्किल हो, तो एआई उसे आसान भाषा में समझा भी सकेगा।
यूजर्स इस फीचर को कैसे इस्तेमाल कर सकेंगे?
- इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को 'प्लैड' (Plaid) नाम के फाइनेंशियल तकनीक प्लेटफॉर्म की मदद से अपना बैंक या क्रेडिट कार्ड अकाउंट क्लाॅड एआई से जोड़ना होगा। कनेक्शन पूरा होने के बाद एआई केवल उन्हीं अकाउंट्स की जानकारी देख सकेगा, जिन्हें यूजर ने चुना है।
- अकाउंट कनेक्ट होने पर क्लाउड को बैंक और अकाउंट का नाम, अकाउंट का प्रकार, अकाउंट नंबर के आखिरी चार अंक, उपलब्ध बैलेंस, क्रेडिट लिमिट और पिछले दो साल तक की लेनदेन हिस्ट्री क जानकारियां मिल सकती हैं।
- एंथ्रोपिक का कहना है कि इस सुविधा के लिए यूजर्स को अपना बैंकिंग पासवर्ड सीधे क्लाउड एआई के साथ साझा करने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही बैंक अकाउंट जोड़ने के बाद यूजर्स क्लाउड एआई के 'पर्सनल फाइनेंस हब' में जाकर अपने पैसों से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं। जैसे, यूजर पूछ सकता है कि इस महीने मेरे पैसे कहां खर्च हुए? इसके जवाब में क्लॉड अलग-अलग जुड़े हुए अकाउंट्स के लेनदेन को एक साथ देखकर खर्चों का ब्योरा दे सकता है। यह खर्चों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटकर यह समझने में मदद करेगा कि सबसे ज्यादा पैसा किन चीजों पर खर्च हो रहा है।
- इसके अलावा, एआई खर्च करने के तरीकों का विश्लेषण कर सकता है। मसलन, अगर कोई यूजर छुट्टियों पर जाने की योजना बना रहा है, तो वह क्लाॅड से पूछ सकता है कि उसकी मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह खर्च करना ठीक रहेगा या नहीं।
क्या-क्या करेगा यह फीचर?
- यह फीचर एक सीमा में रहकर काम करेगा। इसमें यूजर के पैसों पर लेनदेन करने का अधिकार नहीं दिया गया है। यह पूरी तरह रीड-ओनली सुविधा है। यानी अआई अकाउंट का बैलेंस, लेनदेन और खर्चों से जुड़ी जानकारी देख सकता है, लेकिन यूजर की ओर से पेमेंट नहीं कर सकता।
- इसके अलावा, यह किसी को पैसे ट्रांसफर करने या अन्य वित्तीय लेनदेन करने में भी सक्षम नहीं है। इसका मकसद यूजर को उसके पैसों की स्थिति समझने और बेहतर वित्तीय फैसले लेने में मदद करना है।
किन यूजर्स के लिए उपलब्ध?
एंथ्रोपिक ने अपने पर्सनल फाइनेंस फीचर को फिलहाल अमेरिका में बीटा वर्जन के तौर पर पेश कर रहा है। अभी यह सुविधा क्लाॅड प्रो (Claude Pro), मैक्स (Max) और अल्ट्रा (Ultra) प्लान के सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है। यानी फिलहाल सभी क्लाॅड यूजर्स इसका इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।