Taiwan: ताइवान पर हमला हुआ तो पूरी दुनिया झेलेगी सेमीकंडक्टर चिप की किल्लत, मंत्री ने दिया बयान
वांग ने कहा कि हाई-टेक सेक्टर में ताइवान की अहम भूमिका को देखते हुए ताइवान में दखल देने पर चीन भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि अगर दुनिया के सबसे बड़े कॉन्ट्रैक्ट चिप निर्माता, ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी लिमिटेड (TSMC) को सैन्य बल द्वारा अपने कब्जे में ले लिया जाता है, तो इससे उसका संचालन बंद हो जाएगा।

विस्तार
ताइवान की मंत्री वांग मेई-हुआ ने मंगलवार को कहा कि अगर ताइवान सुरक्षित रहता है, तो महत्वपूर्ण सेमीकंडक्टर चिप की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला भी सुरक्षित रहेगी। ताइवान के आर्थिक मामलों की मंत्री वांग मेई-हुआ ने यह बात अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान कही। दरअसल, वाशिंगटन के सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में वांग ने चीन और ताइवान के बीच बढ़ते सैन्य दबाव को लेकर यह टिप्पणी की।
बता दें कि हाल ही में ताइवान पर सैन्य बढ़त पर लगाम लगाने के लिए अमेरिका ने चीन पर दवाब बनाया है। अमेरिका के बाइडन प्रशासन ने इसके किए चीन से चिप निर्यात पर नए प्रतिबंध लगा दिए हैं, इसमें दुनिया में कहीं भी अमेरिकी उपकरणों की मदद से बने सेमीकंडक्टर चिप से चीन को अलग करना शामिल है। कुछ नियमों को लागू भी कर दिया गया है।
चिप का सबसे बड़ा उत्पादक है ताइवान
दरअसल, ताइवान सेमीकंडक्टर चिप का सबसे बड़ा उत्पादक है और दुनिया भर की सबसे ए़डवांस्ड और हाईटेक सेमीकंडक्टर चिप का निर्माण ताइवान की कंपनियां ही करती हैं। बता दें कि वांग इस सप्ताह संयुक्त राज्य अमेरिका यात्रा पर हैं। वांग यहां सप्लाई चैन और भू-राजनीतिक मुद्दों के बारे में चर्चा और अमेरिकी तकनीकी फर्मों का दौरा कर रही हैं। यह तकनीकी फर्म ताइवान की सेमीकंडक्टर कंपनियों की प्रमुख ग्राहक भी हैं। उन्होंने कहा कि ताइवान सेमीकंडक्टर सप्लाई चैन को सुनिश्चित करने के लिए ताइवान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच अधिक सहयोग के लिए उत्सुक है।
ताइवान में दखल से चीन भी होगा प्रभावित
वांग ने कहा कि हाई-टेक सेक्टर में ताइवान की अहम भूमिका को देखते हुए ताइवान में दखल देने पर चीन भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि अगर दुनिया के सबसे बड़े कॉन्ट्रैक्ट चिप निर्माता, ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी लिमिटेड (TSMC) को सैन्य बल द्वारा अपने कब्जे में ले लिया जाता है, तो इससे उसका संचालन बंद हो जाएगा। वांग ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन का भी हवाला देते हुए कहा कि अगर ताइवान को कुछ भी होता है तो इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था भी काफी प्रभावित होगी।
उन्होंने कहा, मैं इस बात को दूसरे तरीके से रखना चाहूंगी। अगर ताइवान सुरक्षित है, तो वैश्विक सेमीकंडक्टर सप्लाई चैन भी सुरक्षित रहेगी। सबसे बड़ें उत्पादन को बनाए रखने के लिए ताइवान के लिए अमेरिका और अन्य सहयोगियों के साथ काम करना दुनिया के हित में है।