Super Cable: USB Type-C को टक्कर देने आया चीन का नया 'सुपर केबल', बस एक वायर करेगा चार तरह के काम
China's Super Cable:
चीन की 50 से ज्यादा कंपनियों ने मिलकर एक ऐसी नई सुपर केबल विकसित की है जो USB-C और HDMI जैसी मौजूदा तकनीकों को पीछे छोड़ सकती है। GPMI नाम की यह केबल वीडियो, ऑडियो, डेटा और चार्जिंग, चारों काम एकसाथ करने में सक्षम है।

विस्तार
टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक नई क्रांति की शुरुआत हो चुकी है। अब हर डिवाइस के लिए अलग-अलग केबल रखने की जरूरत खत्म हो सकती है, क्योंकि अब एक ऐसा केबल आ गया है जो चार तरह के काम एकसाथ कर सकता है। चीन की 50 से ज्यादा बड़ी टेक कंपनियों ने मिलकर एक नई सुपर केबल तैयार की है, जिसका नाम General Purpose Media Interface यानी GPMI रखा गया है। इस तकनीक को Hisense, Skyworth और TCL जैसी नामी कंपनियों ने मिलकर विकसित किया है।
GPMI एक ऑल-इन-वन केबल तकनीक है, जो सिर्फ वीडियो और ऑडियो ही नहीं बल्कि इंटरनेट डेटा और पावर ट्रांसफर जैसे काम भी कर सकता है। यह तकनीक इस मायने में बेहद खास है कि अब मोबाइल, टीवी, इंटरनेट और चार्जिंग, हर काम के लिए अलग केबल की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्या है GPMI केबल
इस नई केबल को दो वर्जन में पेश किया गया है। पहला वर्जन Type-C GPMI है, जो USB-C पोर्ट से काम करता है और 96 Gbps की डेटा स्पीड और 240W तक की पावर डिलीवरी दे सकता है। दूसरा वर्जन Type-B GPMI है, जिसमें एक खास कनेक्टर दिया गया है और यह 192 Gbps की स्पीड के साथ 480W तक की पावर सपोर्ट करता है। मौजूदा USB और HDMI तकनीक की तुलना में GPMI कहीं ज्यादा तेज और ताकतवर है।
एक सात करेगा कई काम
GPMI का सबसे बड़ा फायदा यह है कि एक ही केबल कई काम कर सकती है। विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले वर्षों में यह तकनीक HDMI, DisplayPort और Thunderbolt जैसी तकनीकों की जगह ले सकती है। 8K वीडियो सपोर्ट, मल्टी-डिवाइस कनेक्शन और हाई-स्पीड डेटा ट्रांसफर जैसे फीचर्स के साथ GPMI टेक्नोलॉजी एक बड़ा गेम चेंजर साबित हो सकती है।
तकनीकी जानकारों का कहना है कि GPMI भविष्य में एक वैश्विक स्टैंडर्ड बन सकती है। इसका बहुपयोगी स्वरूप और हाई परफॉर्मेंस इसे आने वाले समय की सबसे जरूरी केबल टेक्नोलॉजी बना सकता है। जैसे-जैसे डिवाइसेज़ स्मार्ट होते जा रहे हैं, वैसे-वैसे एकल समाधान वाली तकनीकों की जरूरत भी बढ़ रही है, और GPMI इसी दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।