AI: चैटबॉट ने जितवाई 1.32 करोड़ रुपये की लॉटरी, फिर जो हुआ वो जानकर आप भी करेंगे तारीफ
AI Chatbot Helps To Win Lottery:
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आज हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत दिखा रही है, लेकिन अमेरिका के वर्जीनिया में इसने एक ऐसा कमाल कर दिखाया जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। यहां एक महिला ने एआई से लॉटरी के नंबर पूछकर लाखों डॉलर जीत लिए।

विस्तार
आपने AI का इस्तेमाल कोड लिखने या डॉक्टर को मरीज की बीमारी पता करने में मदद करते हुए सुना होगा, लेकिन अमेरिका के वर्जीनिया में AI ने एक महिला को करोड़पति बना दिया। न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कैरी एडवर्ड्स नामक महिला ने 8 सितंबर को वर्जीनिया लॉटरी पॉवरबॉल में एआई चैटबॉट से पूछे गए नंबरों की मदद से भारी-भरकम राशि जीत ली।
कैरी ने बताया कि उन्होंने लॉटरी का टिकट खरीदते समय मजाक-मजाक में ChatGPT से पूछा था, "क्या तुम मेरे लिए कुछ नंबर सुझा सकते हो?" AI ने जो नंबर दिए, वो हैरान कर देने वाले थे। इन नंबरों में से चार नंबर और पॉवरबॉल का नंबर मैच हो गया, जिससे उन्होंने $50,000 की रकम जीत ली। चूंकि उन्होंने $1 का 'पॉवर प्ले' फीचर भी लिया था, इसलिए उनकी जीत की रकम तीन गुना होकर $150,000 (लगभग 1.32 करोड़ रुपये) हो गई।
लौटरी जीतने पर नहीं हुआ यकीन
जीत की सूचना मिलते ही कैरी को पहले यकीन नहीं हुआ और उन्हें लगा कि यह कोई धोखाधड़ी है। उन्होंने कहा, "मुझे लगा कि मैं जीती ही नहीं हूं।" लेकिन जल्द ही उन्हें एहसास हुआ कि ChatGPT के दिए हुए नंबरों ने वाकई उनकी किस्मत चमका दी है।
दान की जीती गई राशि
लेकिन इस कहानी का सबसे खास पहलू उनकी दरियादिली है। ज्यादातर लोग लॉटरी जीतने के बाद अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने या लग्जरी चीजें खरीदने का सोचते हैं, लेकिन कैरी ने अपनी पूरी जीती हुई रकम दान करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि उन्हें तुरंत महसूस हुआ कि यह जीत उनके लिए एक आशीर्वाद है, जिसे दूसरों के साथ बांटा जाना चाहिए। कैरी ने बताया, "मैं जानती थी कि मुझे इस पैसे का क्या करना है। मैं चाहती हूं कि यह दूसरों के लिए एक मिसाल बने कि जब उन्हें आशीर्वाद मिले, तो वो भी दूसरों को खुशियां दे सकते हैं।"