CES 2024: चलते-फिरते हवा से पानी बनाएगा वाटर क्यूब, अमेरिकी कंपनी ने पेश किया मॉडल, ईवी और टीवी का दबदबा
अमेरिकी कंपनी जेनेसिस सिस्टम ने मंगलवार को पहले दिन सीईएस में वाटर क्यूब पेश किया। एक बड़े माइक्रोवेब ओवन जैसा दिखने वाला यह उपकरण हवा से पानी बनाता है। कंपनी का दावा है कि यह दुनिया में दूर-दराज के इलाकों में पानी के संकट से निपटने के लिहाज से अहम साबित होगा।

विस्तार
दुनिया में साल का सबसे बड़ा टेक इवेंट कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (सीईएस) 2024 मंगलवार को अमेरिकी शहर लास वेगास शुरू हुआ। 12 जनवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम में दुनियाभर की 4,000 से ज्यादा कंपनियां नए तकनीकी उत्पाद और प्रोटोटाइप पेश कर रही हैं। सीईएस के पहले दो दिन टीवी और ईवी के नाम रहे। दुनियाभर की कंपनियों ने टीवी स्क्रीन और इलेक्ट्रिक व्हीकल से जुड़े उत्पादों और नवोन्मेषी मॉडलों को पेश किया। इनके अलावा भी कई दिलचस्प उत्पाद पेश किए। जानिए ऐसे ही 6 उत्पादों के बारे में।
माइक्रोवेब ओवन जैसा वाटर क्यूब
अमेरिकी कंपनी जेनेसिस सिस्टम ने मंगलवार को पहले दिन सीईएस में वाटर क्यूब पेश किया। एक बड़े माइक्रोवेब ओवन जैसा दिखने वाला यह उपकरण हवा से पानी बनाता है। कंपनी का दावा है कि यह दुनिया में दूर-दराज के इलाकों में पानी के संकट से निपटने के लिहाज से अहम साबित होगा। एक छोटे आकार के वाटर क्यूब से 24 घंटे में 450 लीटर पानी बनाया जा सकता है। हालांकि, यह 40% से ज्यादा आर्द्रता व 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर के तापमान में ही कारगर है।
होंडा ने पेश किए दो इलेक्ट्रिक कार कॉन्सेप्ट
जापानी कार निर्माता कंपनी होंडा ने सीईएस 2024 में होंडा 0 सीरीज के तहत इलेक्ट्रिक कार के दो कॉन्सेप्ट पेश किए हैं। कंपनी ने इन्हें सैलून और स्पेस हब नाम दिया है। होंडा 0 सीरीज की पहली इलेक्ट्रिक कार 2026 में लॉन्च करेगी। इसके साथ ही होंडा का दावा है कि 2040 तक सभी नई कारें इलेक्ट्रिक होंगी। हालांकि, होंडा ने कार के स्पेसिफिकेशन जारी नहीं किए हैं। लेकिन, होंडा ने अपना दृष्टिकोण पेश करते हुए कहा कि ये कारें पतली, हल्की और बुद्धिमान होंगी।
कूलीफाई से चलते-फिरते मिलेगी ठंडी हवा
मोबाइल के कवर बनाने के लिए मशहूर कंपनी टोरस ने कूलीफाई नाम का पर्सनल नेक फैन पेश किया है। संगीत और घूमने फिरने के शौकीन लोगों के लिए यह बहुत काम आ सकता है। नेकफोन की तरह गर्दन पर लगे कूलीफाई से गानों के साथ ही ठंडी हवा भी मिलती है। टोरस के मुताबिक इसमें कई छोटे-छोटे ब्लोअर तेजी से हवा निकलते हैं।
अब हाइड्रोजन ईकोसिस्टम
कोरियाई ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई ने बुधवार को लास वेगास में हाइड्रोजन ईकोसिस्टम बनाने की योजना पेश करते हुए बताया कि आने वाले दिनों में हुंडई हाइड्रोजन दहन इंजन और फ्यूल सेल टेक्नोलॉजी की मदद से हाइड्रोजन से चलने वाले वाहनों को आम बनाएगी। इसके साथ ही हुंडई ने एक सिटी पॉड सिस्टम भी पेश किया, जो शहरी क्षेत्रों में आखिरी छोर तक लोगों की आवाजाही को सुगम बनाएगा। हुंडई का कहना है कि यह सिर्फ वाहन बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हाइड्रोजन के उत्पादन से लेकर वितरण तक के क्षेत्र में भी क्रांतिकारी बदलाव लाएगी।
एलजी-सैमसंग ने टीवी देखने को बनाया रोमांचकारी
साउथ कोरियन कंपनी एलजी और सैमसंग ने सीईएस में पारदर्शी स्मार्ट टीवी पेश किए हैं। एलजी का दावा है कि ये टीवी इस साल के आखिर तक पूरी दुनिया के ग्राहकों को उपलब्ध करा दिए जाएंगे। यह जीरो कनेक्ट बॉक्स के साथ आता, जिसमें वायरलेस तकनीक से डिस्प्ले पैनल पर वीडियो और ऑडियो ट्रांसमिट होता है। वहीं, सैमसंग ने अपने टीवी को माइक्रो एलईडी पावर्ड ट्रांसपेरेंट टीवी नाम दिया है। हालांकि, यह व्यावसायिक तौर पर ग्राहकों के लिए उपलब्ध नहीं है।
एक्स पेंग ने पेश की उड़ने वाली कार
चीनी कार कंपनी एक्सपेंग ने एयरोएचटी नाम से फ्लाइंग कार पेश की है। 2025 से इस कार का व्यावसायिक उत्पादन शुरू होगा। इसके लिए कंपनी इस साल की तीसरी तिमाही से ऑर्डर बुक करेगी। दावा है कि यह कार इलेक्ट्रिक होगी। इसके अलावा पायलटेड एयरक्राफ्ट वर्टिकल टेकऑफ-लैंडिंग और कम ऊंचाई वाली जगहों पर उड़ान में सक्षम होगी।