Telecom: टेलीकॉम सेक्टर में बड़े बदलाव के संकेत, BSNL-Vi के बीच हो सकता है मर्जर

Nitish Kumar
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीNitish Kumar
Tue, 24 Mar 2026 06:10 PM IST
सार

BSNL-VI Merger:

भारत के टेलीकॉम सेक्टर में एक और बड़े मर्जर की चर्चा शुरू हो गई है। सरकारी कंपनी बीएसएनएल और निजी ऑपरेटर वोडाफोन-आइडिया के बीच स्पेक्ट्रम और नेटवर्क शेयरिंग को लेकर बातचीत जारी है। इससे यूजर्स को बेहतर कवरेज और सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

bsnl vi merger talks spectrum sharing telecom news india
बीएसएनएल और वीआई के मर्जर की चर्चाएं हुईं तेज - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    भारतीय टेलीकॉम इंडस्ट्री में एक और बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, BSNL और Vodafone Idea (Vi) के बीच स्पेक्ट्रम शेयरिंग और फाइबर नेटवर्क कवरेज को लेकर मर्जर की बातचीत चल रही है। अगर यह मर्जर होता है, तो दोनों कंपनियों के ग्राहकों को नेटवर्क कवरेज और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी में सुधार का फायदा मिल सकता है।

    क्यों हो रही है बातचीत?

    मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दूरसंचार विभाग ने इस बातचीत की जानकारी संसदीय समिति को दी है। दोनों कंपनियां लगातार घटते यूजर बेस और बढ़ती प्रतिस्पर्धा से जूझ रही हैं। इस समय भारतीय टेलीकॉम मार्केट में Bharti Airtel और Reliance Jio का दबदबा है। इनके पास क्रमशः 43 करोड़ और 48 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं। वहीं, Vi और BSNL के संयुक्त यूजर्स भी इनसे कम हैं।

    संसदीय समिति ने दी जानकारी

    लोकसभा की वेबसाइट पर 16 मार्च को जारी रिपोर्ट के अनुसार, दूरसंचार सचिव नीरज मित्तल ने पुष्टि की कि दोनों कंपनियों के बीच बातचीत शुरू हो चुकी है। हालांकि, यह मर्जर होगा या नहीं, इसका अंतिम फैसला बातचीत के बाद ही लिया जाएगा। संचार और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी संसदीय समिति ने दूरसंचार विभाग को निर्देश दिया है कि दोनों कंपनियों के बीच इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरिंग को लेकर निर्णय प्रक्रिया में सहयोग किया जाए।

    यह भी पढ़ें: सिम एक्टिव रखने के लिए Jio का सबसे सस्ता प्लान, मिलेगा अनलिमिटेड कॉलिंग और डेटा का भी फायदा

    पहले भी हो चुके हैं बड़े बदलाव

    साल 2016 में Reliance Jio के लॉन्च के बाद टेलीकॉम सेक्टर में भारी बदलाव देखने को मिला था। कई कंपनियां बाजार से बाहर हो गईं। इसी दौरान वोडाफोन और आइडिया का विलय हुआ, जिसके बाद Vi देश का सबसे बड़ा ऑपरेटर बना था। लेकिन कुछ समय बाद ही Reliance Jio और Bharti Airtel ने इसे पीछे छोड़ दिया।

    5G और नेटवर्क विस्तार की स्थिति

    Vi पर AGR बकाया का दबाव बना रहा, जिसके चलते नेटवर्क विस्तार प्रभावित हुआ। कंपनी ने 5G स्पेक्ट्रम खरीदने के बावजूद इसे रोलआउट करने में करीब तीन साल का समय लिया। हाल ही में Vodafone Idea ने देश में 5G सेवा शुरू की है और फिलहाल चुनिंदा सर्किल में इसे विस्तार दे रही है।

    वहीं, BSNL ने पिछले साल देशभर में 4G सेवा शुरू की और अब 5G लॉन्च की तैयारी में है। केंद्रीय संचार मंत्री भी इसकी पुष्टि कर चुके हैं कि BSNL की 5G सर्विस पर काम जारी है। BSNL का नेटवर्क पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है और 5G के लिए तैयार माना जा रहा है, इसलिए इसके रोलआउट में ज्यादा देरी नहीं होने की उम्मीद है।

    क्या होगा असर?

    अगर BSNL और Vi के बीच मर्जर या साझेदारी होती है, तो यह टेलीकॉम सेक्टर में प्रतिस्पर्धा को नया रूप दे सकता है। इससे यूजर्स को बेहतर नेटवर्क, तेज इंटरनेट और मजबूत ब्रॉडबैंड सेवाएं मिलने की संभावना है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें