तो बंद होने जा रही है भारत संचार निगम लिमिटेड?

प्रदीप पांडे
टेक डेस्क, अमर उजालाप्रदीप पांडे
Thu, 14 Feb 2019 12:35 PM IST
BSNL services to my shut down, says reports
bsnl offers

    भारतीय टेलीकॉम बाजार में जियो की एंट्री के बाद से बड़ा भूचाल सा आया था जिसमें कई टेलीकॉम कंपनियों का मर्जर हुआ तो कई कंपनियां हमेशा के लिए बंद हो गईं। वहीं अब खबर है कि भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) भी बंद होने के कगार पर है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि बीएसएनएल घाटे में चल रही है इसलिए जल्द ही इसे बंद किया जा सकता है।

    टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक घाटे में चल रही BSNL से सरकार ने इस संबंध में जवाब भी मांगा है। सरकार ने यहां तक कह दिया है कि घाटे के कारण BSNL अपनी सेवा बंद कर दे या फिर कोई दूसरा रास्ता निकाले।

    रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल ही में ही टेलीकॉम सेक्रेटरी अरूण सुंदरराजन की BSNL के बड़े अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई थी जिसमें कंपनी की मौजूदा हालात पर बात हुई। BSNL को साल 2016-17 में लैंडलाइन, ब्रॉडबैंड और बैंडविथ जैसे कारोबार में 4,793 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि साल 2017-18 की आर्थिक रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है।

    टाइम्स ऑफ इंडिया को कंपनी के एक प्रवक्ता की ओर से दिए गए बयान के मुताबिक जियो के आने के बाद बाजार में बहुत ही कंप्टीशन है। इसके अलावा कंपनी को अधिक उम्र के कर्मचारियों की वजह से भी नुकसान हो रहा है, क्योंकि इनकी सैलरी बहुत ज्यादा है। कहा जा रहा है ये कर्मचारी यदि साल 2019-20 में रिटायरमेंट होते हैं तो कंपनी को 3,000 रुपये की बचत होगी।