BSNL ग्राहक ध्यान दें: तुरंत कराएं सिम कार्ड की केवाईसी, नहीं तो होगा बड़ा नुकसान
BSNL कंपनी जल्द अपनी 4G सर्विस को रोल आउट करने वाली है और इसके लिए सिम को डिजिटल केवाईसी से अपग्रेड करना अनिवार्य होगा।

विस्तार
यदि आप भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के ग्राहक हैं तो आपको जल्द से जल्द इसकी डिजिटल केवाईसी करा लेना चाहिए। कंपनी ने ग्राहकों से 30 सितंबर तक डिजिटल केवाईसी प्रक्रिया को पूरा करने का आग्रह किया है। दरअसल, कंपनी जल्द अपनी 4G सर्विस को रोल आउट करने वाली है और इसके लिए सिम को डिजिटल केवाईसी से अपग्रेड करना अनिवार्य होगा।
BSNL सिम की डिजिटल केवाईसी कराना जरूरी
कंपनी का कहना है कि ग्राहक जिन्होंने कागजी आवेदन के माध्यम से अपने सिम कार्ड एक्टिव किए हैं, निकटतम बीएसएनएल ग्राहक सेवा केंद्रों या फ्रेंचाइजी, रिटेल स्टोर्स या एजेंट से संपर्क करके आधार कार्ड जमा कराकर अपनी डिजिटल केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
बीएसएनएल टेलीकॉम डिस्ट्रिक्ट के प्रिंसिपल जनरल मैनेजर पी. पॉल विलियम ने एक बयान में कहा कि बीएसएनएल जल्द ही पूरे भारत में 4जी तकनीक शुरू करने की प्रक्रिया में है। विशाखापत्तनम जिले में कई ग्राहक अभी भी अपनी मोबाइल सर्विस का उपयोग केवल 3जी सिम के साथ कर रहे हैं और 4जी टेक्नोलॉजी के आने के बाद उन्हें सर्विस में कुछ रुकावटों का सामना करना पड़ सकता है।