BSNL ने मोबाइल एडवरटाइजिंग के लिए कॉल टू एक्शन कम्युनिकेशन से की साझेदारी

भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने कॉल टू एक्शन कम्युनिकेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर कर इंडियन मोबाइल एडवरटाइजिंग इकोसिस्टम के क्षेत्र में अपने औपचारिक प्रवेश की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत मोबाइल पर रोजाना होने वाले आपसी संवाद, जैसे कॉल, एसएमएस, अलर्ट, नोटिफिकेशन, संकेतों और दूसरी लोकेशन बेस्ड इंटरएक्शन पर एडवरटाइजिंग और प्रमोशन कॉन्टेंट उपलब्ध कराया जाएगा।
बता दें कि ऑनलाइन एडवरटाइजिंग पर बैनर ऐड्स का एकाधिकार है। ऐसे में इनफोमो की सीधी टक्कर बैनर ऐड्स से होगी। इनफोमो का दावा है कि कॉल टू एक्शन के जरिए वह सरल मोबाइल एडवरटाइजिंग इकोसिस्टम प्रदान करना चाहता है, जिसमें विज्ञापनदाता से ऑपरेटर और ऑपरेटर से मोबाइल यूजर तक संदेश पहुंचता है। इससे लागत में कमी आती है और पारदर्शिता में बढ़ोतरी होती है।
भारत में कॉल टू एक्शन के साथ काम करने वाले टेलिसमैन टेलीकॉम के अध्यक्ष श्री पीटर जर्मिन ने लॉन्चिंग के अवसर पर कहा, 'यह एक नया बिजनेस मॉडल है, जो पूरी मोबाइल एडवरटाइजिंग इंडस्ट्री को बदल सकता है। फेसबुक और गूगल की ओर से मौजूदा व्यवस्था पर एकाधिकार के इस जमाने में इनफोमो मोबाइल नेटवर्क ऑपरेटर्स को वैकल्पिक और प्रामाणिक एडवरटाइजिंग इकोसिस्टम उपलब्ध कराएगा।'
वहीं बीएसएनएल के कंस्यूमर मोबिलटी विभाग के डायरेक्टर श्री आर. के. मित्तल ने कहा, 'इनफोमो के माध्यम से कॉल 2 एक्शन के साथ यह ऐतिहासिक साझेदारी हमें भारत में 110 मिलियन ग्राहकों को नई-नई सेवाएं प्रदान कर अपने एआरपीयू सुधारने और इसे बढ़ाने में मदद कर सकती है, जिससे ग्राहकों को महत्वपूर्ण पुरस्कार मिल सकते हैं। एंड्रॉयड और ऐपल डिवाइसेज पर 50 लाख से ज्यादा लोगों ने माई बीएसएनएल का ऐप डाउनलोड किया है। इनफोमो के माध्यम से कॉल टु एक्शन के साथ हमारी साझेदारी से हमारे ऐप को डाउनलोड करने वाले लोगों में काफी बढ़ोतरी होगी।'