Data Breach: Booking.com का इस्तेमाल किया है तो हो जाएं सावधान! हैकर्स के पास तो नहीं पहुंच गई आपकी डिटेल्स?
Booking.com Data Breach:
दुनिया की सबसे बड़ी होटल बुकिंग प्लेटफॉर्म में से एक Booking.com पर साइबर अटैक हुआ है। इसमें यूजर्स के नाम और बुकिंग डिटेल्स जैसी अहम जानकारियां हैकर्स के हाथ लग गई हैं। हालांकि कंपनी का दावा है कि बैंक डिटेल्स सुरक्षित हैं, लेकिन ठग असली बुकिंग जानकारी का इस्तेमाल कर WhatsApp पर फिशिंग स्कैम चला रहे हैं। जानिए ये स्कैम कैसे काम करता है और आप खुद को इससे कैसे बचा सकते हैं।

विस्तार
दुनिया की सबसे बड़ी होटल बुकिंग वेबसाइट्स में से एक Booking.com पर एक बड़ा साइबर अटैक हुआ है। कंपनी ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि कुछ हैकर्स ने उनके सिस्टम में सेंध लगाकर ग्राहकों के पर्सनल डेटा को चुरा लिया है। अगर आपने भी हाल ही में इस प्लेटफॉर्म से कोई होटल या ट्रिप बुक की है तो यह खबर आपके लिए अहम हो सकती है। इस लेख के जरिए जानेंगे कि ये डेटा लीक कैसे हुआ और आप खुद को ऐसे फ्रॉड से कैसे बचा सकते हैं।क्या-क्या जानकारी हुई है लीक?रिपोर्ट्स और ग्राहकों को भेजे गए आधिकारिक ईमेल के अनुसार, इस साइबर हमले में हैकर्स ने यूजर्स की कई संवेदनशील जानकारियों में सेंध लगा दी है। इसमें मुख्य रूप से ग्राहकों का पूरा नाम, ईमेल आईडी और फोन नंबर शामिल हैं। इसके साथ ही, बुकिंग की पूरी डिटेल्स जैसे कि कौन सा होटल बुक किया गया और यात्रा की तारीखें क्या थी, ये सब जानकारियां भी लीक हुई है। इतना ही नहीं, जो भी अतिरिक्त जानकारी आपने सीधे होटल प्रबंधन के साथ शेयर की होगी, उन तक भी हैकर्स ने पहुंच बना ली है।
ग्राहकों की वित्तीय जानकारी है सुरक्षित
राहत की बात यह है कि Booking.com ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों की कोई भी वित्तीय जानकारी चोरी नहीं हुई है। क्रेडिट या डेबिट कार्ड नंबर और बैंक अकाउंट जैसी डिटेल्स पूरी तरह सुरक्षित हैं और हैकर्स इन तक नहीं पहुंच पाए हैं। इस संदिग्ध गतिविधि का पता चलते ही कंपनी ने तुरंत एक्शन लिया और दावा किया है कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए प्रभावित रिजर्वेशन के पिन (PIN) नंबर बदल दिए गए हैं और जिन ग्राहकों का डेटा लीक हुआ है, उन्हें ईमेल के जरिए अलर्ट भेजकर सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
क्या जानकारी छिपाई गई?
कंपनी ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ग्राहकों को भेजे गए ईमेल में यह नहीं बताया गया है कि यह हैकिंग कब हुई और दुनिया भर में इससे कितने लोग प्रभावित हुए हैं।
Booking.com ने क्या कदम उठाए?
Booking.com को जैसे ही पता चला कि उनके सिस्टम में सेंध लगी है, उन्होंने हालात को काबू में करने के लिए तुरंत मोर्चा संभाल लिया। कंपनी ने सबसे पहले प्रभावित यूजर्स को इस सुरक्षा चूक की जानकारी दी और सुरक्षा की दृष्टि से उनके रिजर्वेशन पिन (PIN) रीसेट कर दिए। हालांकि, इस पूरे मामले में एक सस्पेंस अब भी बना हुआ है। कंपनी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि यह साइबर हमला असल में किस तारीख को हुआ था और इसकी चपेट में कितने यूजर्स आए हैं। जानकारी की इसी कमी ने ग्राहकों के बीच चिंता और कई अनसुलझे सवाल पैदा कर दिए हैं।
अब मौके का फायदा उठाकर स्कैम कर रहे स्कैमर्स
डेटा लीक के बाद अब स्कैमर्स ने ठगी का एक नया तरीका अपनाया है, जहां वे खुद को होटल कर्मचारी बताकर यूजर्स को निशाना बना रहे हैं। इन संदिग्ध मैसेजेस की सबसे खतरनाक बात यह है कि इनमें यूजर की असली बुकिंग डिटेल्स शामिल होती हैं। इसकी वजह से कोई भी व्यक्ति आसानी से झांसे में आ सकता है। इन संदेशों के जरिए अक्सर 'फिशिंग' के जाल में फंसाया जाता है, जहां दिए गए लिंक्स पर क्लिक करते ही यूजर एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है। चूंकि स्कैमर्स असली डेटा का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए इस फ्रॉड और असली बातचीत के बीच फर्क करना अब काफी मुश्किल और चुनौतीपूर्ण हो गया है।
स्कैमर्स कैसे बना रहे हैं यूजर्स को निशाना?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Reddit पर यूजर्स ने अपने कड़वे अनुभव साझा करते हुए बताया है कि डेटा लीक होने के बाद स्कैमर्स उन्हें निशाना बनाने के लिए WhatsApp का सहारा ले रहे हैं। ये हैकर्स खुद को आपके बुक किए गए होटल का 'चेक-इन मैनेजर' बताकर संपर्क करते हैं। चूंकि उनके पास आपका नाम, होटल का नाम और बुकिंग की सटीक तारीखें जैसी निजी जानकारियां पहले से होती हैं, इसलिए वे पहली नजर में बिल्कुल असली और भरोसेमंद लगते हैं। अपनी बातों में फंसाकर वे यूजर्स को एक फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजते हैं और किसी न किसी बहाने से क्रेडिट कार्ड के जरिए पेमेंट कंफर्म करने का दबाव बनाते हैं।
खुद को कैसे सुरक्षित रखने के जरूरी टिप्स?
अगर आप टिकट बुकिंग के लिए Booking.com का इस्तेमाल करते हैं तो खुद को सुरक्षित रखने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी बहुत जरूरी हैं। सबसे पहले तो किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वे कभी भी ईमेल, फोन या WhatsApp के जरिए आपसे पेमेंट या कार्ड की डिटेल्स नहीं मांगते। अगर कोई व्यक्ति खुद को होटल स्टाफ बताकर WhatsApp पर पैसे मांगता है, तो उसे तुरंत ब्लॉक कर दें।
किसी भी तरह के कंफर्मेशन या ट्रांजैक्शन के लिए हमेशा Booking.com की आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही उपयोग करें, या फिर सीधे होटल के ऑफिशियल नंबर पर कॉल करके जानकारी लें। हालांकि कंपनी का दावा है कि वित्तीय डेटा सुरक्षित है, फिर भी एहतियात के तौर पर अपने बैंक स्टेटमेंट और क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन पर नियमित नजर रखें। याद रखें कि साइबर ठग आपके नाम और बुकिंग की जानकारी का इस्तेमाल कर आपका भरोसा जीतने की कोशिश करेंगे, इसलिए सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।