BGMI 4.7 अपडेट: गेम में आया आर्कटिक क्रॉनिकल्स मोड; विशाल सांप और बर्फीले मिशन देंगे नया अनुभव
BGMI खेलने वालों के लिए 4.7 अपडेट कई नए बदलाव लेकर आया है। इसमें नॉर्स पौराणिक कथाओं से प्रेरित विशाल सांप, पानी से बाहर निकलने वाला टावर और नए लूट एरिया मिलेंगे। दिसंबर में एरेंगल का बर्फीला अवतार भी देखने को मिलेगा। इसके अलावा स्नो फेस्टिवल और न्यू ईयर काउंटडाउन जैसे इवेंट गेमिंग का मजा बढ़ाएंगे। जानें अपडेट डाउनलोड करने का तरीका और सभी नए फीचर्स।

विस्तार
बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) खेलने वालों के लिए नया अपडेट आ गया है। क्राफ्टन इंडिया ने 18 नवंबर 2026 से BGMI 4.7 अपडेट रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इसमें Arctic Chronicles थीम मोड के साथ कई नए बदलाव किए गए हैं। अब एरेंगल, लिविक और विकेंडी मैप पर खिलाड़ियों को नए इलाके, लूट और मिशन देखने को मिलेंगे। इसके अलावा दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 के लिए विंटर इवेंट भी पेश किए गए हैं।
BGMI 4.7 अपडेट कब और कितने बजे मिलेगा?
क्राफ्टन इंडिया ने अपडेट जारी करने का कोई आधिकारिक समय नहीं बताया है। हालांकि, पिछली रिलीज के आधार पर इसके सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे के बीच उपलब्ध होने का अनुमान है। यह समय आधिकारिक नहीं है। एंड्रॉयड और आईफोन यूजर्स को अपडेट अलग-अलग समय पर मिल सकता है। अगर आपके फोन में अभी अपडेट का विकल्प नहीं दिख रहा है, तो कुछ समय बाद गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर पर दोबारा चेक कर सकते हैं।
एंड्रॉयड और आईफोन में ऐसे डाउनलोड करें BGMI 4.7
एंड्रॉयड यूजर्स के लिए:
1. स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर खोलें।
2. Battlegrounds Mobile India सर्च करें।
3. गेम की आधिकारिक लिस्टिंग पर जाएं।
4. अपडेट बटन पर टैप करें।
5. डाउनलोड पूरा होने के बाद गेम खोलें और जरूरी इन-गेम रिसोर्स डाउनलोड करें।
आईफोन यूजर्स के लिए:
1. आईफोन में एपल ऐप स्टोर खोलें।
2. Battlegrounds Mobile India सर्च करें।
3. गेम की आधिकारिक लिस्टिंग खोलें।
4. अपडेट विकल्प पर टैप करें।
5. गेम शुरू करके जरूरी अतिरिक्त फाइलें डाउनलोड करें।
अपडेट और अतिरिक्त फाइलें डाउनलोड करने के लिए वाई-फाई का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा। साथ ही, किसी थर्ड पार्टी वेबसाइट से APK फाइल डाउनलोड करने से बचें।
Arctic Chronicles मोड में दिखेगा विशाल सांप
BGMI 4.7 अपडेट का सबसे बड़ा आकर्षण Arctic Chronicles थीम मोड है। यह 18 नवंबर 2026 से 18 जनवरी 2027 तक एरेंगल, लिविक और विकेंडी मैप पर उपलब्ध रहेगा।
इस मोड में नॉर्स पौराणिक कथाओं के विशाल सांप Jormungandr से प्रेरित एक बड़ा सांप दिखेगा। इसकी खास बात यह है कि उसका शरीर मैप के इलाके का हिस्सा होगा। खिलाड़ी एक खास हॉर्न बजाकर सांप की पूंछ को जगा सकेंगे। इसके बाद पानी में डूबा एक टावर ऊपर आ जाएगा। इस टावर में लूट और नए रास्ते मिलेंगे, जहां खिलाड़ी एक्सप्लोर कर सकेंगे।
दिसंबर में आएगा Erangel Subzero मोड
3 दिसंबर 2026 से रैंक्ड मैचों में Erangel Subzero मोड उपलब्ध होगा। इसकी कहानी एक नाकाम एक्सपेरिमेंट से जुड़ी है, जिसके कारण Tesonic सैटेलाइट्स एरेंगल द्वीप पर गिर जाते हैं और उनसे जमा देने वाली गैस फैलने लगती है।
इस बदलाव के बाद स्टालबर बर्फ से ढका दिखाई देगा, जबकि शेल्टर सैटेलाइट क्रैश साइट में बदल जाएगा। यहां खिलाड़ियों को सप्लाई मिलेगी। इसके अलावा सोस्नोव्का ब्रिज का एक हिस्सा भी टूट जाएगा। नए मोड में ठंड से बचाव के उपकरण और खास वाहन भी शामिल किए जाएंगे।
दिसंबर और जनवरी में होंगे खास इवेंट
BGMI 4.7 अपडेट के साथ दो बड़े मौसमी इवेंट भी आएंगे। 17 दिसंबर से Snow Festival शुरू होगा, जिसमें विंटर थीम पर आधारित गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
वहीं, 31 दिसंबर को गेम में न्यू ईयर ईव काउंटडाउन होगा। यह भारतीय समयानुसार रात 8 बजे ज्यादातर मैप पर दिखाई देगा। इसके बाद आधी रात को गेम में आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया जाएगा।
- एपल मैप्स: भारत में लॉन्च हुआ नया वर्जन, हिंदी-मराठी समेत 11 भाषाओं का सपोर्ट, AR नैविगेशन फीचर जुड़ा
- इग्नाइट 2026: माइक्रोसॉफ्ट ने लॉन्च किए सात नए एआई मॉडल, कोडिंग से लेकर इमेज एडिटिंग तक होंगे कई काम
- बिहार: बेंगलुरु टेक समिट में बिहार के छह स्टार्टअप दिखा रहे दम, एआई से ड्रोन तकनीक तक नवाचारों का प्रदर्शन
- सीएनएन और आइकिया समेत 178 साइट्स पर मैलवेयर अटैक: क्रिप्टो करेंसी और बैंक कार्ड की जानकारी चुराने की हुई कोशिश